
उम्र बढ़ने के साथ मोटापा घटाना मुश्किल होता जाता है क्योंकि शरीर में कई बदलाव आने लगते हैं। चिकित्सक मानते हैं कि 35-40 की उम्र के बाद लोगों का वजन बढ़ना शुरू हो जाता है और कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ने लगता है।
मोटापा हमारे समय की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। मोटापे के कारण ही आजकल दुनियाभर में डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट अटैक जैसे रोगों के मरीज बढ़ गए हैं। चिकित्सक मानते हैं कि अगर आपने 30-35 साल की उम्र तक वजन कंट्रोल नहीं किया, तो इसके बाद वजन घटाना मुश्किल हो जाता है। दरअसल बढ़ती उम्र के साथ आपके शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं, जिसके कारण वजन घटाना मुश्किल होता है, उल्टा आपका वजन और ज्यादा बढ़ने लगता है। आइए आपको बताते हैं क्या हैं वो बड़ी वजहें, जिनके कारण आप 30 की उम्र के बाद डाइटिंग और एक्सरसाइज के बाद भी वजन नहीं घटा पाते हैं।
उम्र के कारण मांसपेशियों का क्षरण शुरू
उम्र बढ़ने के साथ-साथ मांसपेशियों में क्षरण शुरू हो जाता है। आमतौर पर 30 की उम्र के बाद हर 10 साल में आपकी मांसपेशियां 3 से 8 प्रतिशत तक कमजोर हो जाती है। इसे सार्कोपेनिया कहा जाता है। अगर 30 की उम्र के बाद आप ज्यादा एक्टिव नहीं हैं और रोज थोड़ी एक्सरसाइज नहीं करते हैं, तो आपकी मांसपेशियां घटने लगती हैं।
इसे भी पढ़ें:- Weight Loss Tips: वजन घटाने के लिए कितना जरूरी है 'कैलोरी' बर्न करना?
तनाव बढ़ने और शारीरिक क्षमता में कमी के कारण
30-35 की उम्र के बाद आमतौर पर व्यक्ति करियर, शादी, बच्चे और भविष्य की चिंता में डूबा होता है, जिसके कारण उसका तनाव बढ़ता है। इसके अलावा 40 की उम्र के बाद शारीरिक क्षमताओं में भी कमी आने लगती है, जिसके कारण आप उतनी मेहनत नहीं करना चाहते हैं, जितनी आपको करनी चाहिए। इसलिए भी आपका वजन बढ़ने लगता है।
मेटाबॉलिज्म घटने से कम होता है फैट बर्न
35 की उम्र के बाद आपका मेटाबॉलिज्म घटने लगता है। मेटाबॉलिज्म वो प्रक्रिया है, जिसके कारण आपके द्वारा ली गई कैलोरीज एनर्जी में बदलती हैं। अगर आप इस उम्र में भी बहुत ज्यादा फैट वाले आहार खाते हैं, कमजोर मसल्स के कारण कैलोरी बर्न होने की प्रक्रिया धीरे हो जाती है और फैट आपके शरीर पर जमा होने लगता है।
इसे भी पढ़ें:- प्रोसेस्ड फूड्स बढ़ाते हैं वजन और बीमारियां, जानें कैसे बनाएं अपनी डाइट को हेल्दी
आपकी लाइफस्टाइल बदल जाती है
अधेड़ उम्र में वजन बढ़ने का एक कारण यह भी है कि आपकी लाइफस्टाइल बहुत हद तक बदल जाती है। परिवार बढ़ने के साथ आप अपना खाली समय अपने बजाय अपने परिवार के साथ बिताने लगते हैं, जिससे आपके जीवन में एक तरह का ठहराव आता है। ये भी ज्यादातर लोगों में वजन बढ़ने का कारण होता है।
बदलने लगते हैं हार्मोन्स
हमारी फिटनेस और स्वास्थ्य हमारे हार्मोन्स पर भी निर्भर करते हैं। महिलाओं और पुरुषों दोनों में ही 35 की उम्र के बाद कई तरह के हार्मोनल बदलाव होते हैं। 45-50 की उम्र के बाद महिला में मेनोपॉज हो जाता है, जिसके कारण एस्ट्रोजन का लेवल घटने लगता है। यही कारण है कि पेट के आसपास चर्बी जमा होने लगती है।
Read more articles on Weight Management in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।