Who Should Avoid Sleeping on Floor: मुझे बचपन में जमीन पर सोना बहुत पसंद था। अब भी कभी-कभी गर्मी के दिनों में मैं फर्श पर सो जाती हूं। फर्श पर सोने से शरीर का तापमान ठंडा रहता है, खासकर गर्मियों में। ठंडी सतह शरीर की गर्मी को संतुलित करने में मदद करती है। लेकिन फर्श की कठोरता कुछ लोगों के लिए असुविधाजनक हो सकती है, जिससे कूल्हों, कंधों और पीठ में दर्द हो सकता है। जो लोग साइड में सोते हैं, उन्हें विशेष रूप से कठिनाई हो सकती है, क्योंकि उनके कूल्हों और कंधों पर अधिक दबाव पड़ता है। इस लेख में हम जानेंगे कि किन लोगों को फर्श पर सोने से बचना चाहिए। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
फर्श पर किसे नहीं सोना चाहिए?- Who Should Not Sleep On Floor
फर्श पर सोना एक आदत हो सकती है जो कुछ लोगों के लिए आरामदायक होती है, लेकिन यह सभी के लिए सही नहीं है। विशेष रूप से, कुछ व्यक्तियों को फर्श पर सोने से बचना चाहिए क्योंकि यह उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है-
1. बुजुर्ग व्यक्ति- Old People Should Avoid Sleeping on Floor
बुजुर्गों की हड्डियां और जोड़ों की स्थिति कमजोर हो जाती है। फर्श पर सोना उनके लिए असुविधाजनक हो सकता है और यह जोड़ों के दर्द, गठिया या ऑस्टियोपोरोसिस जैसी स्थितियों को और खराब कर सकता है। ठंडी फर्श भी उनके लिए परेशानी का कारण बन सकती है, जिससे उन्हें जोड़ों में दर्द और ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- क्या बाईं ओर करवट लेकर सोना हार्ट के लिए नुकसानदायक होता है? डॉक्टर से जानें
2. गर्भवती महिलाएं- Pregnant Women Should Avoid Sleeping on Floor
प्रेग्नेंसी के दौरान, महिलाओं का शरीर कई बदलावों से गुजरता है, जिसमें वजन में वृद्धि और पीठ में दर्द सामान्य हैं। फर्श पर सोने से इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता, बल्कि यह उन्हें और बढ़ा सकता है। फर्श पर सोने से रीढ़ की हड्डी और पीठ में दर्द बढ़ सकता है, जो गर्भवती महिला के लिए असुविधाजनक और जोखिम भरा हो सकता है। इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं के लिए बार-बार उठना और बैठना भी मुश्किल हो सकता है।
3. अस्थमा पीड़ित व्यक्ति- Asthma Patient Should Avoid Sleeping on Floor
फर्श पर सोना धूल और अन्य एलर्जेन्स के संपर्क में आने का जोखिम बढ़ा सकता है। खासकर अगर फर्श की साफ-सफाई का उचित ध्यान न रखा गया हो। अस्थमा या एलर्जी से पीड़ित लोगों के लिए यह स्थिति और भी खराब हो सकती है, जिससे सांस लेने में दिक्कत और एलर्जी के लक्षण बढ़ सकते हैं।
4. हड्डी टूटने के दौरान नीचे न सोएं- Avoid Sleeping on Floor With Fracture
फ्रैक्चर (हड्डी टूटने) के दौरान जमीन पर सोने से बचना चाहिए क्योंकि यह स्थिति को और बिगाड़ सकती है और रिकवरी को धीमा कर सकती है। फ्रैक्चर के दौरान हड्डी को उचित स्थिरता की जरूरत होती है। जमीन की कठोर सतह पर सोने से उस हिस्से को सही सपोर्ट नहीं मिल पाता, जिससे हड्डी के ठीक से जुड़ने में समस्या हो सकती है। इससे दर्द बढ़ सकता है और चोट के क्षेत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
5. स्लिप डिस्क या रीढ़ की हड्डी की समस्या होना- Avoid Sleeping on Floor With Slip Disc
जिन लोगों को स्लिप डिस्क, हर्नियेटेड डिस्क या अन्य रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्याएं हैं, उन्हें फर्श पर सोने से बचना चाहिए। फर्श पर सोने से उनकी स्थिति और बिगड़ सकती है, क्योंकि कठोर सतह रीढ़ की हड्डी को सही सपोर्ट नहीं देती। इससे दर्द बढ़ सकता है और उनकी समस्या और गंभीर हो सकती है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।