हेल्दी रहने के लिए और बीमारियों से बचने के लिए नाखूनों की सही देखभाल और साफ-सफाई का बड़ा महत्व है। अक्सर जब आप बीमार पड़ते हैं तो डॉक्टर के पास जाने पर वो आपके नाखूनों की भी जांच करते हैं। आयुर्वेद में नाखूनों को देखकर आयुर्वेदाचार्य बीमारी के बारे में बता देते थे। नाखूनों से आप अपनी सेहत का अंदाजा लगा सकते हैं। कई बार आपने देखा होगा कि आपके नाखून पर सफेद निशान पड़ जाते हैं। क्या आप जानते हैं कि नाखून पर सफेद निशान क्यों होते हैं? नाखून पर सफेद निशान होने के कई कारण हो सकते हैं। कई लोगों में शरीर में पोषक तत्वों की कमी की वजह से नाखून पर सफेद निशान हो सकते हैं। नाखून पर सफेद निशान की समस्या को ल्यूकोनीशिया (Leukonychia) कहा जाता है और इसे नजरंदाज नहीं करना चाहिए। कुछ लोगों को चोट लगने की वजह से भी यह समस्या हो सकती है लेकिन अगर आपको यह समस्या लगातार बनी रहती है तो इसके निदान के लिए डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
नाखून पर सफेद निशान क्यों होते हैं? (White Spot On Nails Causes in Hindi)
नाखून पर दिखने वाले सफेद निशान शरीर में किसी समस्या का संकेत हो सकते हैं। नाखून की प्लेट को नुकसान होने की वजह से यह समस्या हो सकती है। आमतौर नाखून पर सफेद निशान के लिए सबसे ज्यादा ल्यूकोनीशिया की समस्या को जिम्मेदार माना जाता है। यह एक ऐसी स्थिति है जिसकी वजह से नाखून की प्लेट को गंभीर नुकसान होता है। नाखून पर सफेद निशान होने के कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार से हैं।
इसे भी पढ़ें : क्या आपको भी है नाखून चबाने की आदत? ये खराब आदत दे सकती है आपको 7 बीमारियां
1. ल्यूकोनीशिया की वजह से आपके नाखूनों पर सफेद रंग के धब्बे या निशान हो सकते हैं। ल्यूकोनीशिया की समस्या में एक या एक से अधिक नाखून में सफेद निशान हो सकते हैं। इस समस्या में आपको एलर्जी की वजह से दोनों हाथों में यह समस्या हो सकती है।
2. एलर्जी की वजह से भी आपके नाखून पर सफेद निशान दिखाई दे सकते हैं। नेल पेंट, ग्लॉस, हार्डनर या नेल पॉलिस रिमूवर के कारण एलर्जी हो सकती है।
3. फंगल इन्फेक्शन भी नाखून पर सफेद निशान की समस्या का कारण हो सकता है। ओनिकोमाइकोसिस नामक एक सामान्य कवक की वजह से आपको नाखून पर छोटे-छोटे सफेद रंग के धब्बे हो सकते हैं। यह इन्फेक्शन बढ़ने पर आपकी उंगलियों को भी प्रभावित पर सकते हैं।
4. आनुवंशिक कारणों की वजह से भी आपको नाखून पर सफेद रंग के धब्बों की समस्या हो सकती है। आमतौर पर ल्यूकोनीशिया की समस्या आनुवंशिक मानी जाती है। बाउर सिंड्रोम भी ल्यूकोनीशिया की समस्या का खतरा रहता है।
इसे भी पढ़ें : नाखून बताते हैं आप कौन सी बीमारी का हैं शिकार, जानें किस रंग के नाखून होते हैं बेहतर
5. नाखून पर लगने वाली चोट की वजह से सफेद रंग के धब्बों की समस्या हो सकती है। दरवाजे में उंगली फंसने से या नाखून पर किसी चीज से चोट लगने पर सफेद रंग के निशान पड़ सकते हैं।
6. शरीर में खनिजों की कमी की वजह से भी नाखून पर सफेद रंग के निशान हो सकते हैं। शरीर में जिंक की कमी होने पर यह समस्या हो सकती है।
7. शरीर में कैल्शियम की कमी की वजह से नाखून पर सफेद रंग के निशान हो सकते हैं। ऐसे में डॉक्टर की सलाह के बाद डाइट और सप्लीमेंट्स का ध्यान रखना चाहिए।
8. स्किन से जुड़ी समस्याएं जैसे नाखून सोरायसिस और एक्जिमा आदि की वजह से यह समस्या हो सकती है। इसके अलावा ल्यूकोडर्मा की वजह से भी नाखून की प्लेट में सफेद धब्बे हो सकते हैं।
9. शरीर में गंभीर बीमारियां भी नाखून पर सफेद धब्बे का कारण हो सकती हैं। हार्ट डिजीज, किडनी में खराबी, निमोनिया और लिवर सिरोसिस की समस्या आदि इसके प्रमुख कारण होते हैं।
टॉप स्टोरीज़
नाखून पर सफेद निशान होने से बचाव के टिप्स (White Spot On Nails Prevention in Hindi)
नाखून पर सफेद निशान होने की समस्या कई कारणों से हो सकती है और इसके बचाव के लिए आपको कारणों को दूर करना चाहिए। अगर आपको नाखूनों पर सफेद निशान की समस्या बार-बार हो रही है तो सबसे पहले आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। डॉक्टर इस समस्या के कारणों को जानने के लिए आपका परीक्षण करेंगे। उसके बाद अगर यह समस्या किसी बीमारी या डिसआर्डर की वजह से हो रही है तो उसको दूर करने के लिए इलाज करेंगे। इसके अलावा नाखून पर दिखने वाले सफेद निशान की समस्या से बचने के लिए आपको संतुलित आहार का सेवन और नियमित एक्सरसाइज और योग का अभ्यास करना चाहिए। नाखून पर इस्तेमाल करने वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स को बिना सोचे समझे मत खरीदें। एक्सपर्ट की सलाह के बाद ही किसी प्रोडक्ट का स्किन या नाखून पर इस्तेमाल करें।
(All Image Source - Freepik.com)