Doctor Verified

आयुर्वेद के अनुसार गर्मी में क्या खाएं और क्या न खाएं? एक्सपर्ट से जानें पूरा डाइट प्लान

Ayurvedic Summer Diet: आयुर्वेद के अनुसार, मौसम बदलने पर खानपान में बदलाव करना जरूरी है। जानें, गर्मी में क्या खाएं और किन चीजों से परहेज करें -
  • SHARE
  • FOLLOW
आयुर्वेद के अनुसार गर्मी में क्या खाएं और क्या न खाएं? एक्सपर्ट से जानें पूरा डाइट प्लान


Ayurvedic Summer Diet In Hindi: मौसम में बदलाव के साथ जैसे हम अपने कपड़ों में बदलाव करते हैं, ठीक उसी तरह मौसम के अनुसार खानपान में परिवर्तन भी जरूरी है। आयुर्वेद भी व्यक्ति को मौसम के अनुसार ही आहार-विहार करने का निर्देश देता है। यह शरीर में त्रिदोषों (वात, पित्त और कफ) को संतुलित रखने के लिए बहुत जरूरी है। आयुर्वेद में ऋतुचर्या का विस्तार से वर्णन किया गया है। ऋतुचर्या एक प्राचीन आयुर्वेदिक अभ्यास है, जो दो शब्दों से मिलकर बना है। इसमें ऋतु का अर्थ है- मौसम और चर्या का अर्थ है- आहार या अनुशासन। इसके अनुसार, प्रत्येक ऋतु के अनुकूल आहार-विहार करने से व्यक्ति स्वस्थ और रोगों से मुक्त रह सकता है। आज इस लेख में हम ग्रीष्म ऋतुचर्या के विषय में बात करेंगे। आयुर्वेद में ग्रीष्म ऋतु को आदान काल भी कहा जाता है। इस ऋतु में सूर्य की किरणें और वायु अत्यंत गर्म और रूखी होती हैं, जिससे वातावरण में रूखापन आ जाता है। गर्मी के मौसम में जब तापमान बढ़ता है और सूर्य अधिक तीव्र होता है, तो इससे डिहाइड्रेशन, लू लगना, सुस्ती, थकावट और पेट से जुड़ी परेशानियां होने लगती हैं। इन सभी समस्याओं से बचने के लिए बहुत जरूरी है कि हम अपने खानपान का खास ध्यान रखें।

आयुर्वेद हमें हजारों वर्षों से स्वस्थ जीवन जीने का मार्ग दिखा रहा है। आधुनिक विश्व में भी आयुर्वेद को रोगों के उपचार और स्वस्थ जीवन जीने का एक सर्वोत्तम तरीका माना गया है। इसके महत्व को बढ़ाने और आयुर्वेदिक चिकित्सा के बारे में लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ओनलीमायहेल्थ मई 2023 से 'आरोग्य विद आयुर्वेद' सीरीज की शुरुआत कर रहा है। इसमें हम आपको आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों और जड़ी-बूटियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते रहेंगे। साथ ही, आयुर्वेद में किसी बीमारी का इलाज कैसे किया जाता है या फिर कौन सी बीमारी का इलाज आयुर्वेद में संभव है और किसका नहीं, इन सभी के बारे में भी बताते रहेंगे। इसके अलावा, किसी बीमारी या मौसम के अनुसार आपकी डाइट कैसी होनी चाहिए, इस पर डॉक्टर के सुझाव भी देंगे। इसी कड़ी में आज इस लेख में हम आपको गर्मी के मौसम में खानपान कैसा होना चाहिए, इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं। इसके बारे में अधिक जानकारी लेने के लिए हमने आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. रितु चड्ढा, BAMS, नेहरू नगर, लुधियाना, से बात की। आइए, जानते हैं कि गर्मियों में किन चीजों का सेवन करना चाहिए और कौन से खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए -

आयुर्वेद के अनुसार गर्मी में क्या खाएं - What To Eat In Summer According To Ayurveda In Hindi

डॉ रितु चड्ढा बताती हैं कि गर्मी के मौसम में हमें ऐसा आहार लेना चाहिए, जो शरीर में तरावट लाने का काम करे। इस मौसम में ठंडी तासीर और चिकनाई वाली चीजों का सेवन ज्यादा करना चाहिए। इसके लिए आप सत्तू का घोल, दूध-चावल की ठंडी खीर, छाछ, लस्सी, आम पन्ना, नारियल पानी, नींबू पानी, ककड़ी, तरबूज, मौसमी फलों का रस, पुदीना, गुलकंद, सौंफ और धनिया का सेवन कर सकते हैं। गर्मियों में पाचन शक्ति काफी कमजोर हो जाती है, इसलिए आपको गरिष्ठ भोजन नहीं करना चाहिए। इस मौसम में मीठे और सुपाच्य आहार का सेवन करना चाहिए। आप अपनी डाइट में लौकी, पेठा, परवल, बथुआ, छिलका सहित आलू, करेला, कच्चा केला, चौलाई, छिलका सहित मूंग और मसूर की दाल, दूध, आंवला, संतरा, आम, कोकम, नारियल आदि को शामिल कर सकते हैं।

Ayurvedic-Summer-Diet-Plan

आयुर्वेद के अनुसार गर्मी में क्या न खाएं -  What Not To Eat In Summer According To Ayurveda In Hindi

गर्मी के मौसम में कड़वे, कसैले, तीखे, खट्टे, तेज मिर्च-मसाले वाले, तले हुए, नमकीन और बासी खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए। खट्टा दही, फ्रिज में रखा पानी, अंडा, मांस, मछली, उड़द की दाल, चने की दाल, बैंगन, शहद, सिरका, खटाई, शराब आदि का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: गर्मियों में पानी में डालकर पिएं ये 5 हर्ब्स, शरीर रहेगा हाइड्रेटेड और ठंडा

गर्मी के लिए आयुर्वेदिक डाइट प्लान - Ayurvedic Diet Plan For Summer In Hindi

सुबह उठने के बाद - गुनगुने पानी में नींबू का रस और शहद डालकर पिएं

सुबह का नाश्ता -  एक बाउल मौसमी फल/ वेजिटेबल उपमा/ दलिया/ दूध और ओट्स/सूजी चीला

मिड मॉर्निंग स्नैक (12 बजे) - नारियल पानी/आम पन्ना/शर्बत

दोपहर का भोजन - एक कटोरी दाल/सब्जी और रोटी या चावल, जीरा छाछ

शाम का स्नैक - हर्बल टी या एक कप दूध

रात का भोजन - खिचड़ी/ एक कटोरी दाल और रोटी/ वेजिटेबल दलिया

इसे भी पढ़ें: गर्मियों में पिएं ये स्पेशल आयुर्वेदिक चाय, शरीर रहेगा ठंडा

गर्मी के मौसम में स्वस्थ रहने के लिए आप आयुर्वेदिक एक्सपर्ट के द्वारा बताए इस डाइट प्लान को फॉलो कर सकते हैं। अपने लेखों में हम आपको विभिन्न विषयों पर जानकारी देते रहेंगे। आयुर्वेद के महत्व को जानने के लिए हमारे 'आरोग्य विद आयुर्वेद' सीरीज के साथ जुड़े रहें। उम्मीद है कि आपको हमारा यह आर्टिकल पसंद आया होगा। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हमारी वेबसाइट https://www.onlymyhealth.com के साथ। इस आर्टिकल को अपने दोस्तों और परिचितों के साथ जरूर शेयर करें।

Read Next

ज्यादा मात्रा में न करें खूबकला का सेवन, हो सकते हैं ये 4 नुकसान

Disclaimer