Pediatrics Liver Diseases: शरीर के अन्य अंगों की तरह लिवर भी कई कार्यों के लिए महत्वपूर्ण होेता है। लिवर शरीर की पाचन प्रक्रिया को बेहतर करता है। इसके साथ ही, शरीर के टॉक्सिन को बाहर करता है। इसके अलावा, शरीर के लिए एनर्जी बनाता है। यदि आपका लिवर किसी तरह की समस्या के कारण कार्य नहीं कर रहा है तो इसका प्रभाव पूरे शरीर पर देखने को मिलेगा। लिवर संंबंधी रोग जैसे फैटी लिवर, हेपेटाइटिस, व जन्म से लिवर में समस्या होना आदि बीमारियों को शामिल किया जाता है। जब बच्चों में यह समस्या देखने को मिलती है तो इसको पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज (Pediatrics Liver Disease) कहा जाता है। इस लेख में मदर एंड एंजल क्लीनिक के सीनियर पीडियेट्रिशियन डॉक्टर अजित कुमार से जानेंगे कि पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज के कारण, लक्षण और बचाव के उपाय क्या हो सकते हैं।
पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज (Pediatrics Liver Disease) क्या है?
पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज एक ऐसी स्थिति है जिसमें बच्चों के लिवर की कार्यक्षमता में समस्या आ जाती है। यह कई प्रकार के रोगों का समूह हो सकता है, जिनमें जन्मजात यकृत रोग, हेपेटाइटिस, फैटी लिवर डिजीज, और सिरोयसिस शामिल हैं। यह स्थिति गंभीर हो सकती है और समय पर पहचान और उपचार न मिलने पर जीवन के लिए खतरा बन सकती है।
पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज के कारण - Causes of Pediatrics Liver Disease in Hindi
जन्मजात लिवर रोग होना
कुछ बच्चों का लिवर जन्म से ही सही तरीके से विकसित नहीं हो पाता, जिसे जन्मजात लिवरb डिजीज (congenital liver disease) कहा जाता है। यह एक अनुवांशिक समस्या हो सकती है और इसे पहचानना मुश्किल हो सकता है।
वायरल हेपेटाइटिस
वायरल हेपेटाइटिस लिवर में सूजन और जलन का कारण बनता है। हेपेटाइटिस A, B, और C वायरस के संक्रमण से यह समस्या हो सकती है, जो बच्चों के लिवर को नुकसान पहुंचा सकती है।
फैटी लिवर डिजीज
फैटी लिवर डिजीज में लिवर में अत्यधिक फैट जमा हो जाती है, जिससे इसकी कार्यक्षमता प्रभावित होती है। यह अधिकतर मोटापे से पीड़ित बच्चों में होता है, लेकिन अन्य कारणों से भी हो सकता है।
पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज के लक्षण - Symptoms Of Pediatrics Liver Disease in Hindi
- पीलिया (Jaundice) में त्वचा और आंखों का पीला पड़ना लिवर रोग का प्रमुख लक्षण हो सकता है।
- बार-बार उल्टी और मतली होना लिवर की समस्या का संकेत हो सकता है।
- अत्यधिक थकान और एनर्जी की कमी।
- लिवर रोग के कारण पेट में सूजन और दर्द हो सकता है।
- बच्चों का वजन अचानक गिरने लगे तो यह लिवर की समस्या का लक्षण हो सकता है।
पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज की रोकथाम कैसे की जा सकती हैं? - How To Prevent Pediatrics Liver Disease in Hindi
हेल्दी डाइट
बच्चों को संतुलित आहार देना आवश्यक है, जिसमें फलों, सब्जियों, अनाज, और प्रोटीन को पर्याप्त मात्रा में हो। फैटी और प्रोसेस्ड फूड्स से बचना चाहिए, क्योंकि ये लिवर पर असर डाल सकते हैं।
वायरल संक्रमण से बचाव
वायरल हेपेटाइटिस से बचने के लिए बच्चों को हेपेटाइटिस A और B का टीकाकरण करवाना चाहिए। इसके अलावा, हाथ धोने की आदत डालनी चाहिए और संक्रमित पानी और भोजन से बचना चाहिए।
दवाओं का सावधानीपूर्वक उपयोग
दवाओं का सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए। ओवर-द-काउंटर दवाओं का इस्तेमाल बच्चों में कम से कम करना चाहिए और खुराक का पालन करना चाहिए।
नियमित स्वास्थ्य जांच
नियमित स्वास्थ्य जांच से लिवर की समस्या का समय पर पता लगाया जा सकता है। अगर किसी पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज के लक्षण दिखाई देते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: छोटे बच्चों की खांसी-जुकाम की समस्या कैसे ठीक करें? जानें 5 घरेलू तरीके
पीडियाट्रिक्स लिवर डिजीज एक गंभीर स्थिति हो सकती है, लेकिन सही जानकारी और जागरूकता के साथ इसे रोका जा सकता है। स्वस्थ आहार, टीकाकरण, और नियमित स्वास्थ्य जांच जैसे उपाय अपनाकर बच्चों को इस समस्या से बचाया जा सकता है।