गर्मी के मौसम में अक्सर लोगों को भूख कम लगने या भूख न लगने की शिकायत रहती है। इस मौसम में लोग भोजन भी कम मात्रा में करते हैं। क्या आप जानते हैं कि हमें गर्मी के मौसम में भूख कम क्यों लगती है? दरअसल इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। गर्मी के मौसम में भूख न लगने की समस्या पर ध्यान न देने से कई बार लोगों के शरीर में जरूरी तत्वों की की कमी भी हो जाती है जिसकी वजह से आप कमजोर महसूस करते हैं। भूख न लगने को कभी भी नजरंदाज नहीं करना चाहिए। पाचनतंत्र में गड़बड़ी होने पर, खानपान असंतुलित होने पर, डिप्रेशन आदि की वजह से आपको भूख कम लगती है। गर्मी के मौसम में भूख कम क्यों लगती है? इस मौसम में भूख को बढ़ाने के क्या उपाय हैं? आइये विस्तार से जानते हैं।
गर्मियों में भूख कम क्यों लगती है? (Loss Of Appetite During Summers in Hindi)
हमारा शरीर हर परिस्थिति के अनुसार जैविक प्रतिक्रियाओं के आधार पर काम करता है। गर्मी के मौसम में तापमान बढ़ने की वजह से शरीर की नमी कम होती है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ समीर के मुताबिक तापमान अधिक होने के कारण शरीर से पसीने के रूप में पानी बाहर निकलता है। इसकी वजह से हमारे शरीर में थर्मास्टाटिक बदलाव होते हैं और इसकी वजह से ही डिहाइड्रेशन की समस्या होती है। शरीर में मौजूद हाइपोथैलेमस इस दौरान सही ढंग से काम नहीं करता है और इसकी वजह से आपको भूख कम लगती है। हाइपोथैलेमस द्वारा ही भूख नियंत्रित होती है और यह मस्तिष्क में मौजूद भूख का केंद्र माना जाता है। हाइपोथैलेमस शरीर में भूख की भावनाओं को भी कंट्रोल करता है जिससे आपका शरीर भूख लगने पर सिग्नल देता है। गर्मी में कम पानी पीने से और सही डाइट न लेने से भी ऐसा हो सकता है। इसके अलावा गर्मियों के मौसम में भूख कम लगने के कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार से हैं।
- उचित मात्रा में पानी न पीना।
- सही डाइट का पालन न करना।
- डिप्रेशन की समस्या।
- गरिष्ठ भोजन करना।
इसे भी पढ़ें : बच्चों को भूख न लगने के हो सकते हैं ये 7 कारण, जानें इससे बचाव के टिप्स
गर्मियों में भूख बढ़ाने के टिप्स (Tips to Increase Appetite in Summer)
गर्मी के मौसम में शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव की वजह से आपको भूख न लगने की समस्या हो सकती है। चूंकि गर्मी के मौसम में अक्सर लोगों को कम भूख लगती है लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि आप जबरदस्ती भोजन करें। शरीर अपनी जरूरत के हिसाब से आपको सिग्नल देता है और उसी के आधार पर हमारे शरीर को काम करना चाहिए। गर्मी के मौसम में भूख कम लगने पर आपको पर्याप्त मात्रा में पानी और लिक्विड का सेवन करना चाहिए। इसके अलावा कम मात्रा में कई बार भोजन करने का प्रयास करें। नियमित रूप से हेल्दी और संतुलित डाइट का पालन करने से भी आपको भूख बराबर बरकरार रह सकती है। गर्मियों में जबरदस्ती भोजन करना बहुत नुकसानदायक होता है इसलिए ऐसा करने से आपको बचना चाहिए। गर्मी के मौसम में भूख बढ़ाने के लिए आप इन घरेलू उपायों को अपना सकते हैं।
1. धनिया की पत्तियों का इस्तेमाल कर आप गर्मी के मौसम में अपनी भूख बढ़ा सकते हैं। इसके लिए आप धनिया से बने काढ़े का सेवन कर सकते हैं। इस काढ़े से पित्त दोष के साथ-साथ विकास जैसी परेशानी दूर होती है। साथ ही गले में होने वाली जलन और उल्टी की समस्या से राहत मिलता है। इस काढ़े को तैयार करने के लिए सबसे पहले 1 बर्तन में 2 गिलास पानी डालें। इसमें धनियां की कुछ पत्तियों को डालें। अब इस पानी को तब तक उबालें जब तक पानी आधा ना रह जाए। इसके बाद पानी को एक कप में छान लें। अब आप इसमें काली मिर्च पाउडर और अजवाइन पाउडर मिलाकर पिएं। इससे आपकी भूख बढ़ेगी।
2. लौंग, सोंठ का चूर्ण और धनिया से तैयार चूर्ण का सेवन कर भी आप इस मौसम में भूख बढ़ा सकते हैं। इसका सेवन करने से आपकी पाचन क्रिया बहुत मजबूत होती है और आपको सही भूख लगती है। इसे तैयार करने के लिए आप सबसे पहले धनिया, लौंग और सोंठ को बराबर मात्रा में ले और इसे अच्छे से पीस लें। इसके बाद रोजाना इस चूर्ण को 2 ग्राम लेकर गर्म पानी के साथ सुबह में खाएं।
इसे भी पढ़ें : भूख न लगती हो तो अपनायें ये घरेलू उपाय
ऊपर बताये गए उपाय गर्मी के मौसम में आपकी भूख बढ़ाने में बहुत उपयोगी साबित हो सकते हैं। गर्मियों में भूख कम लगने पर आपको जबरदस्ती बहुत अधिक भोजन नहीं करना चाहिए। अगर आपको यह समस्या ज्यादा समय से है तो आपको डॉक्टर से संपर्क जरूर करना चाहिए।
(All Image Source- Freepik.com)
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version