
कई बार आपके शरीर में सामान्य से अलग लक्षण नजर आते हैं पर उसका कारण समझ नहीं आता तो आपको बता दें कि गले में इंफेक्शन के कारण भी शरीर में बुखार, खांसी आदि लक्षण नजर आ सकते हैं। गले में इंफेक्शन के पीछे कई कारण होते हैं जैसे बैक्टीरियल इंफेक्शन, वायरल इंफेक्शन आदि। अगर आप बॉडी में नजर आने वाले लक्षणों पर गौर करें तो इंफेक्शन को जल्दी खत्म किया जा सकता है। गले में इंफेक्शन होने पर शरीर में कई लक्षण नजर आ सकते हैं जिनमें से बुखार एक है, अन्य लक्षण जानने के लिए लेख को अंत तक पढ़ें। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. बुखार आना (Fever)
अगर आपको गले में इंफेक्शन है तो बुखार आ सकता है। ये लक्षण तब नजर आता है जब स्ट्रेप थ्रोट स्ट्रेप्टोकोकल बैक्टीरिया गले और टॉन्सिल को संक्रमित कर देता है जिसके कारण ठंड लगना या बुखार आने जैसे लक्षण नजर आने लगते हैं। स्ट्रेप थ्रोट इंफेक्शन का इलाज एंटीबायोटिक से किया जाता है। गले में इंफेक्शन की समस्या को दूर करने के लिए आप भाप ले सकते हैं।
2. शरीर में दर्द होना (Body pain)
गले में होने वाला इंफेक्शन जिस बैक्टीरिया और वायरस के कारण होता है वो मांसपेशियों में दर्द का कारण भी बनता है। अगर आपको गले में इंफेक्शन है तो आपको बॉडी पेन या गर्दन में तेज दर्द हो सकता है। अगर आप इंफेक्शन को नजरअंदाज करेंगे तो ये गंभीर रूप ले लेगा और इससे हार्ट और गुर्दे पर बुरा असर पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- गले में इंफेक्शन के क्या लक्षण होते हैं, डॉक्टर से जानें कारण और बचाव के तरीके
3. खाना निगलने में परेशानी (Difficulty in swallowing)
अगर आपको खाना निगलने में परेशानी हो रही है तो वो भी गले में इंफेक्शन के कारण हो सकता है। ऐसा बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण होता है। गले में इंफेक्शन बढ़ने के कारण खाने-पीने का तरीका प्रभावित होता है। खाना निगलने के कारण मांसपेशियों में सूजन होतीे है और आपको दर्द महसूस होता है। बैक्टीरियल इंफेक्शन से बचने के लिए आप कुछ भी खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह से साफ करें।
4. भूख न लगना (Appetite loss)
अगर आपके गले में इंफेक्शन की समस्या है तो आपको भूख न लगने की समस्या हो सकती है। आपकी डाइट कम हो सकती है क्योंकि गले में इंफेक्शन के कारण खाना निगलने में परेशानी होती है और व्यक्ति दर्द के कारण कम खाता है या खाने से बचता है। गले में इंफेक्शन होने पर आपको ठंडी चीज का सेवन पूरी तरह से अवॉइड करना चाहिए।
5. सिर में दर्द होना (Headache)
अगर आपके गले में इंफेक्शन है तो आपको सिर में दर्द की समस्या हो सकती है। जब आपके गले में सूजन होती है तो उसे pharyngitis कहा जाता है। इसमें गले में खराश और सूजन की समस्या होतीे है जो कि एक तरह का बैक्टीरियल इंफेक्शन है जिसके कारण शरीर के कई हिस्से जैसे जोड़े या सिर में दर्द होता है।
6. छींक आना या नाक बहना (Sneezing or runny nose)
अगर आपको गले में इंफेक्शन है तो आपको छींक आना या नाक बहने जैसे लक्षण भी नजर आ सकते हैं। गले में इंफेक्शन होने के कारण नेजल पैसेज भी प्रभावित होता है जिसके कारण नाक बहती है या छींक आती है। गले में इंफेक्शन का पता लगाने के लिए डॉक्टर कंप्लीट ब्लड काउंट टेस्ट या थ्रोट कल्चर टेस्ट करवाने की सलाह देते हैं।
अगर आपको गले में संक्रमण है और सांस लेने में तकलीफ हो रही है, मुंह खोलने या बंद करने में दिक्कत है या थूक के साथ खून आ रहा है तो आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए ये गंभीर समस्या के लक्षण हो सकते हैं।