शरीर में सोडियम लेवल हाई होने पर दिखते हैं ये 5 लक्षण, कम कर दें नमक का सेवन

Symptoms Of High Sodium Levels In Body: शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ने पर आपको कुछ लक्षण महसूस हो सकते हैं। जानें इनके बारे में -

Priya Mishra
Written by: Priya MishraUpdated at: Feb 06, 2023 11:51 IST
शरीर में सोडियम लेवल हाई होने पर दिखते हैं ये 5 लक्षण, कम कर दें नमक का सेवन

3rd Edition of HealthCare Heroes Awards 2023

Symptoms Of High Sodium Levels In Body In Hindi: नमक एक ऐसी चीज है, जिसके बिना खाने का स्वाद नहीं आता है। लेकिन ज्यादा मात्रा में नमक का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। दरअसल, खाने में प्रयोग होने वाला नमक 40 प्रतिशत सोडियम और 60 प्रतिशत क्‍लोराइड से बना होता है। सोडियम शरीर के लिए सबसे महत्वपूर्ण तत्वों में से एक है। सोडियम शरीर में पानी और मिनरल्‍स को बैलेंस रखने का काम करता है। इसके साथ ही, सोडियम कोशिकाओं को ठीक से काम करने में भी मदद करता है। लेकिन शरीर नें सोडियम की अधिकता कई बार हानिकारक भी साबित हो सकती है। अगर आप जरूरत से ज्यादा नमक का सेवन कर रहे हैं, तो इससे कई तरह के रोगों का जोखिम बढ़ जाता है। आमतौर पर, हाई सोडियम लेवल का पता तब चलता है जब आपको हाई बीपी की समस्या होने लगती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपका शरीर भी आपको कई ऐसे संकेत देता है, जो बताते हैं कि आप जरूरत से ज्यादा नमक खा रहे हैं। इस लेख में हम आपको शरीर में सोडियम की अधिकता के लक्षण बता रहे हैं -

शरीर में  हाई सोडियम लेवल के लक्षण -  Symptoms Of High Sodium Levels In Body In Hindi

शरीर में सूजन 

अगर सुबह उठने के बाद आपका चेहरा फूला या सूजा हुआ नजर आता है, तो यह शरीर में हाई सोडियम लेवल का संकेत हो सकता है। ज्यादा मात्रा में नमक का सेवन करने से शरीर के अलग-अलग हिस्सों में सूजन की समस्या हो सकती है। अगर आपको सुबह उठने के बाद उंगलियों और टखनों के आसपास सूजन दिखाई दे, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें। यह सूजन शरीर के टिश्यू में ज्यादा तरल पदार्थ की वजह से हो सकती है, जिसे एडिमा के रूप में जाना जाता है।

बार-बार पेशाब आना 

बार-बार पेशाब आना भी हाई सोडियम लेवल का एक लक्षण हो सकता है। अगर आपको रात में भी बार-बार पेशाब करने जाने की जरूरत पड़ती है, तो यह खाने में ज्यादा नमक का एक बड़ा संकेत है। हालांकि, डायबिटीज या यूटीआई जैसी समस्याओं में भी यह लक्षण महसूस हो सकता है। इसलिए, ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए। 

High-Sodium-Level-Ke-Lakshan

ज्यादा प्यास लगना

अगर आपको बार-बार प्यास लगती रहती है, तो यह भी ज्यादा नमक के सेवन का संकेत है। अधिक मात्रा में नमक का सेवन करने से आपको हर समय प्यास लग सकती है। दरअसल, हाई सोडियम वाले खाद्य पदार्थ आपके शरीर के द्रव संतुलन को बिगाड़ सकता है। इसके कारण आप हर समय डिहाइड्रेटेड महसूस करते हैं। इस समयसा से निपटने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप भरपूर मात्रा में पानी पिएं। 

इसे भी पढ़ें: ज्‍यादा या कम नमक का सेवन होता है अनहेल्‍दी, जानें कैसे पता लगाएं क‍ितना नमक खा रहे हैं आप

मांसपेशियों में कमजोरी 

मांसपेशियों में कमजोरी महसूस होना भी शरीर में सोडियम की अधिकता का लक्षण हो सकता है। दरअसल, मांसपेशियों के बेहतर कामकाज के लिए सोडियम बहुत जरूरी है। शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ने के कारण आपकी हड्डियां भी कमजोर हो सकती हैं। अगर आपको मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो डॉक्टर से अपने सोडियम लेवल की जांच करवाएं। 

बार-बार सिरदर्द होना 

अगर आपको बार-बार सिरदर्द की समस्या हो रही है, तो यह भी हाई सोडियम लेवल का संकेत हो सकता है। दरअसल, ज्यादा नमक खाने से डिहाइड्रेशन हो सकता है। जिसकी वजह से आपको बार-बार हल्का सिरदर्द हो सकता है। इस समस्या से बचने के लिए नमक का सेवन कम कर दें और खूब पानी पिएं।

इसे भी पढ़ें: शरीर को इन 8 कामों के लिए हमेशा होती है सोडियम की जरूरत, जानें सोडियम के फायदे

ये कुछ ऐसे लक्षण हैं, जो बताते हैं कि आप खाने में ज्यादा नमक का सेवन कर रहे हैं। इसलिए, अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श करें।

Disclaimer