
Summer Drinks: गर्मी के दिनों में अपने खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। क्योंकि, इस मौसम में बीमार होने की संभावना अधिक रहती है।
गर्मी का मौसम अपने पीक पर है। ऐसे में खुद का ख्याल रखना महत्वपूर्ण है। इन दिनों डॉक्टर भी खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हैं। वे हमें ज्यादा से ज्यादा पेय पदार्थो का सेवन करने को कहते हैं। वजह ये है कि गर्मी के दिनों में खूब पसीना निकलता है। इसके साथ ही शरीर से जरूरी मिनरल और साल्ट भी निकल जाते हैं। डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) न हो, इसलिए डॉक्टर ज्यादा से ज्यादा पानी और पेय पदार्थ लेने की सलाह देते हैं। कुछ पेय पदार्थ हैं जो आपको हाइड्रेट रखने के साथ-साथ कई शारीरिक समस्याओं से बचाते हैं। यहां हम आपको गर्मियों के पेय पदार्थों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको जरूर ट्राई करना चाहिए।
1- ठंडाई
गर्मी को दूर भगाने के लिए आप ठंडाई पी सकते हैं। भरी धूप में चलकर आने वाले मेहमानों का स्वागत भी चाय से न करके ठंडाई से करें, तो क्या कहने! इन दिनों बाजार में बने बनाए फ्लेवरों में ठंडाई उपलब्ध है। बस, जरूरत है दूध और शक्कर की। गिलास भर दूध में मिलाएं दो चम्मच ठंडाई और दो चम्मच चीनी। फिर मस्त हो पीएं और पिलाएं।
2- मैंगों शेक
फलों का राजा आम गर्मियों में ही होता है। दूध के साथ इसे मिक्सी में मेश करें। ऊपर से स्वादानुसार चीनी या शहद डाल लें। बस बन गया मैंगो शेक! गर्मियों में रोजाना इसका सेवन करें।
3-नींबू पानी
नींबू पानी भारत का पारंपरिक पेय पदार्थ है। गर्मी के दिनों में सुबह उठते ही नींबू पानी का सेवन करें। इसे बनाने के लिए एक ग्लास पानी में एक नींबू, चीनी (स्वादानुसार) और काला नमक मिला लें। इसे रोज पीने से लू नहीं लगती।
4- मसाला छाछ
गर्मियों में छाछ का सेवन खाने के साथ नियमित रूप से करें। यह भोजन को पचाने में मदद करता है। आप इसमें जीरा, कालीमिर्च और काला नमक डालकर स्वादिष्ट और पाचक बना सकते हैं।
5- आम का पना
इसे कच्चे आम को मेश कर पानी में मिलाकर बनाया जाता है। इसमें आप स्वादानुसार भुना जीरा, काली मिर्च, काला नमक (पसंद हो तो) और चीनी मिला सकते हैं। गर्मी में यह किसी रामबाण से कम नहीं। इसे पीने से लू नहीं लगती। इसलिए धूप में निकलने से पहले इसे जरूर पीएं।
इसे भी पढ़ें: गर्मी में लें सर्दी का अहसास, पिएं सब्जी और फलों से बने ये 3 इम्यूनिटी बूस्टर स्मूदी
6- पानी वाले फल, सब्जियां
गर्मी के दिनों में ऐसे ढेर सारे फल और सब्जियां बाजार में उपलब्ध होते हैं जिनमें प्रचुर मात्रा में पानी होता है। इनमें तरबूज, खरबूज, खीरा, ककड़ी, संतरा आदि प्रमुख हैं। गर्मियों में इनका जमकर सेवन जरूर करें।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में भोजन के साथ जरूर खाएं ये 4 तरह के सलाद, मिलेंगे कई फायदे
7- लस्सी
दही को खूब फेंटकर और चीनी मिलाकर बनाई जाती है। बेहतर होगा यदि आप चीनी की जगह शहद का इस्तेमाल करें। गर्मी के दिनों में रोजाना इसका सेवन करें। यदि, आप वजन कम करने का प्रयास कर रहे हैं तो इसका सेवन सावधानी से करें क्योंकि इसमें कैलोरी अधिक होती है।
8- सत्तू
गर्मी के दिनों में नाश्ते में सत्तू बेहद लाभकारी है। इसे 'स्टमक कूलेंट' भी कहते हैं। वजह है कि यह पेट की गर्मी को शांत करता है। यूं तो बाजार में बने बनाए पैकेटों में सत्तू उपलब्ध होता है। लेकिन आप इसे खुद भी बना सकते हैं। इसके लिए जौ, चना और गेहूं को बराबर मात्रा में पिसवा लें। इसे पानी में मिलाकर पीएं। स्वाद के लिए आप इसमें नमक या शक्कर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Read More Articles On Healthy Diet In Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।