Signs You Might Have a Garlic Allergy: लहसुन शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद हो सकता है। आप सभी ने इससे होने वाले कई लाभों के बारे में सुना होगा, लेकिन क्या आपको लहसुन से होने वाले नुकसानों के बारे में पता है? जी हां, लहसुन के सेवन की वजह से भी व्यक्ति को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इन्हीं में से एक समस्या एलर्जी की होती है। बता दें कि कई लोगों को जरूरत से ज्यादा मात्रा में लहसुन का सेवन करने से एलर्जी हो सकती है। आज के इस आर्टिकल में हम डॉ. अक्षय चुघ, सलाहकार - आंतरिक चिकित्सा, मेट्रो अस्पताल, नोएडा (Dr. Akshay Chugh, Consultant - Internal Medicine, Metro Hospital, Noida) से लहसुन के कारण होने वाली एलर्जी के बारे में विस्तार से जानेंगे:
लहसुन की एलर्जी के लक्षण- Symptoms of Garlic Allergy
डॉ. अक्षय चुघ बताते हैं कि लहसुन एक सामान्य मसाला है, जो लगभग हर भारतीय रसोई में इस्तेमाल होता है। यह स्वाद और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद होता है। हालांकि, कुछ लोगों के लिए लहसुन एक एलर्जन (Allergen) की तरह काम कर सकता है। इस स्थिति में व्यक्ति का शरीर लहसुन के संपर्क में आते ही एलर्जी की प्रतिक्रिया देने लगता है। आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि लहसुन से एलर्जी की समस्या बहुत आम नहीं है। ऐसे में जिन लोगों को यह परेशानी होती है, उनके लिए गंभीर समस्या बन सकती है।
इसे भी पढ़ें- लहसुन और अदरक एकसाथ खाना सेहत के लिए इन 5 तरीकों से है फायदेमंद, जानें एक्सपर्ट से
टॉप स्टोरीज़
लहसुन एलर्जी क्यों होती है?- Why Does Garlic Allergy Occur
डॉ. अक्षय चुघ के मुताबिक, एलर्जी तब होती है, जब शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (Immune System) लहसुन में मौजूद कुछ प्रोटीन को नुकसानदायक समझकर उस पर प्रतिक्रिया देता है। इससे शरीर में हिस्टामिन (Histamine) जैसे केमिकल निकलते हैं, जो एलर्जी के लक्षण पैदा कर सकते हैं। बता दें कि यह एलर्जी कच्चे, पके या सूखे किसी भी तरह के लहसुन से हो सकती है।
लहसुन एलर्जी के सामान्य लक्षण
1. त्वचा पर रिएक्शन (Skin Reactions)
- हाथ लगाने पर खुजली या जलन
- लाल चकत्ते या रैशेज
- एक्जिमा (Eczema) या कांटेक्ट डर्मेटाइटिस
2. पाचन तंत्र की समस्या (Digestive System Problems)
- पेट दर्द या ऐंठन की समस्या
- मतली या उल्टी
- दस्त
3. सांस से जुड़ी दिक्कतें
- छींक आना या नाक बहना
- गले में खराश या खांसी
- सांस लेने में कठिनाई
4. गंभीर एलर्जी (Anaphylaxis) – आपात स्थिति
- चेहरे, होंठ या गले में सूजन
- तेज धड़कन
- चक्कर या बेहोशी
ध्यान रखें कि इस स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। आप डॉक्टर की सलाह पर एपिनेफ्रीन (EpiPen) का उपयोग कर सकते हैं।
लहसुन एलर्जी का इलाज और बचाव- Treatment and Prevention of Garlic Allergy
- सबसे जरूरी है कि लहसुन से पूरी तरह बचा जाए। इस स्थिति में आपको लहसुन को खाने, छूने या सूंघने की भी गलती नहीं करनी चाहिए।
- फूड लेबल्स ध्यान से पढ़ें और बाहर खाने पर होटल या रेस्टोरेंट को एलर्जी की जानकारी दें। इससे आप लहसुन युक्त खाना खाने से बच सकते हैं।
- डॉक्टर से सलाह लेकर एलर्जी टेस्ट (Skin Prick Test या Blood Test) कराएं। आपको बिना डॉक्टर की सलाह लिए कोई भी कदम नहीं उठाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- क्या लहसुन सच में शरीर में गर्मी का कारण बनता है? जानें एक्सपर्ट से
बता दें कि लहसुन की एलर्जी दुर्लभ के साथ-साथ गंभीर रूप भी ले सकती है। अगर आपको लहसुन खाने या छूने के बाद बार-बार कोई असामान्य लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें। डॉक्टर से मिलें, जांच कराएं और उचित इलाज शुरू करना फायदेमंद होगा। ध्यान रखें कि सही जानकारी और सतर्कता से आप इस एलर्जी को सही से ठीक कर सकते हैं।