
Holi Safety Tips For Pregnant Women In Hindi: हर साल होली का त्यौहार बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। रंगों के इस त्यौहार में हर किसी का मन उत्साह से भर जाता है। कई लोग अभी से ही होली खेलने को लेकर काफी उत्साहित हैं। लेकिन अगर आप प्रेगनेंट हैं, तो आपको होली के दौरान अपना खास ख्याल रखना चाहिए। होली के दौरान हुड़दंग भी कुछ ज्यादा होता है, इसलिए गर्भवती महिलाओं को कुछ खास एहतियात बरतनी चाहिए। अक्सर देखा जाता है कि गर्भवती महिलाऐं होली की मस्ती के बीच कुछ लापरवाहियां बरतने लग जाती हैं। लेकिन इससे मां और होने वाली बच्चे के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं हैं कि गर्भवती महिलाऐं होली नहीं खेल सकती हैं। अगर आप गर्भवती हैं और होली खेलना चाहती हैं, तो आपको कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी टिप्स बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप होली के दौरान खुद को और अपने बच्चे को सुरक्षित रख सकती हैं। तो आइए, जानते हैं होली पर गर्भवती महिलाओं को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए -
गर्भवती महिलाऐं होली पर बरतें ये सावधानियां - Holi Safety Tips For Pregnant Women In Hindi
केमिकल कलर्स से बचें
गर्भवती महिलाओं को होली खेलने के लिए हर्बल अबीर-गुलाल का ही इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आप प्रेगनेंट हैं, तो आपको केमिकल युक्त होली कलर्स से बचना चाहिए। दरअसल, इनमें लेड, मरकरी और कॉपर सल्फेट जैसे हानिकारक पदार्थ होते हैं, जो आपकी त्वचा और श्वसन प्रणाली के जरिए शरीर के अंदर अवशोषित हो जाते हैं। इससे आपकी और आपके बच्चे की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में, आप चाहें तो घर पर ही चुकंदर, गुलाब या पालक का इस्तेमाल करके होली कलर बना सकते है।
पानी में होली खेलने से बचें
अगर आप गर्भवती हैं, तो आपको पानी की होली खेलने से बचना चाहिए। पानी में होली खेलने से आपको सर्दी-जुकाम, बुखार और इंफेक्शन आदि होने की संभावना हो सकती है। प्रेगनेंसी में इस तरह की समस्याएं आपके बच्चे के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। इसके अलावा, पानी में होली खेलने से फिसलने का डर ज्यादा रहता है। यह आपके लिए बहुत खतरनाक हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: वजन बढ़ने के डर से फीकी नहीं होंगी होली की डिश, ये हैं 5 टिप्स
खानपान का रखें ख्याल
होली के दौरान गर्भवती महिलाओं को अपने खानपान का भी खास ख्याल रखना चाहिए। होली पर सभी के घरों में गुझिया, मिठाई और तरह-तरह के पकवान बनते हैं। लेकिन आपको ज्यादा ऑयली या जंक फूड खाने से बचना चाहिए। क्योंकि इससे आपका पाचन बिगड़ सकता है और आपको कब्ज, गैस और अपच आदि दिक्कतें हो सकती हैं।
भीड़भाड़ से दूर रहें
होली के दौरान प्रेगनेंट महिलाओं को भीड़-भाड़ से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। साथ ही, होली में डांस करने से बचें या जहां अन्य लोग डांस कर रहे हों, उस जगह से दूर ही रहें। क्योंकि डांस के दौरान आपको धक्का लग सकता है, जिससे दिक्क्त बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें: होली खेलने के बाद डैमेज बालों को रिपेयर करने के लिए लगाएं ये 3 हेयर मास्क, दूर होगी स्कैल्प की ड्राईनेस
फुल स्लीव्स के कपड़े पहनें
होली खेलते समय ऐसे कपड़े पहनें जिसमें आप कंफर्टेबल हों। साथ ही, प्रेगनेंट महिलाओं को होली खेलने के दौरान फुल स्लीव्स के कपड़े पहनने चाहिए। इससे आपकी स्किन हानिकारक रंगों से बची रहेगी। इसके अलावा, गॉगल्स लगाकर रखें ताकि आंखों में रंग न जाए।