मशहूर कन्नड़ अभिनेत्री चेतना राज की मौत प्लास्टिक सर्जरी कराने के कुछ समय बाद हो गयी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीवी अभिनेत्री चेतना की मौत प्लास्टिक सर्जरी के दौरान हुई गलतियों की वजह से हुई है। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री चेतना 'फैट फ्री' सर्जरी के लिए अस्पताल में गयी थीं और सर्जरी के बाद अभिनेत्री की तबियत अचानक बिगड़ी और उनके फेफड़ों में पानी जमा होने की वजह से उनकी मौत हो गयी। इस मामले पर एक्ट्रेस के परिवार के लोगों ने भी डॉक्टर्स पर लापरवाही का इल्जाम लगाया है। आज के दौर में खूबसूरत और आकर्षक दिखने के लिए प्लास्टिक सर्जरी का चलन तेजी से बढ़ा है। चेहरे, नाक, कान और आंख की संरचना में बदलाव कराने और खूबसूरती बढ़ाने के लिए लोग प्लास्टिक सर्जरी या कॉस्मेटिक सर्जरी का सहारा लेते हैं। फिल्म जगत से जुड़े लोगों में यह आम बात है लेकिन अब आम लोग भी इसका सहारा खूबसूरत और आकर्षक दिखने के लिए लेते हैं। प्लास्टिक सर्जरी के दौरान लापरवाही और कुछ गलतियां आपके लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। आइये जानते हैं प्लास्टिक सर्जरी के दौरान और उसके बाद में किन बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
कितनी सुरक्षित होती है प्लास्टिक सर्जरी? (Is Plastic Surgery Safe?)
प्लास्टिक सर्जरी या कॉस्मेटिक सर्जरी के जरिए लोग अपने चेहरे, नाक, कान और आंख आदि की बनावट को बदलने का काम करते हैं। बॉलीवुड या फिल्म जगत से जुड़े लोगों में ये आम है। दरअसल यह एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके माध्यम से आपके चेहरे की बनावट या अन्य अंगों की बनावट में बदलाव किया जाता है। प्लास्टिक सर्जरी के जरिए ऐसे लोगों का इलाज भी किया जाता है जिनको किसी हादसे में गंभीर चोट या अंगों को नुकसान होता है। फोर्टिस अस्पताल, फरीदाबाद के प्लास्टिक सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार चावला के मुताबिक प्लास्टिक सर्जरी एक सुरक्षित प्रक्रिया है और इसकी एक सीधी प्रक्रिया होती है। कॉस्मेटिक सर्जरी एक तरह की वैकल्पिक सर्जरी है जिसके बारे में सर्जरी से पहले आपको जानकारी जरूर होनी चाहिए। यह सर्जरी सुरक्षित और सैनिटाइज्ड माहौल में ही करानी चाहिए। इसके अलावा इस सर्जरी में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरणों और अन्य चीजों का रखरखाव भी सही ढंग से किया जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : एक्सपर्ट से जानें कॉस्मेटिक सर्जरी से जुड़ी भ्रामक बातें (मिथक) और उनकी सच्चाई
डॉक्टर के मुताबिक अगर किसी भी व्यक्ति के चेहरे की बनावट में दिक्कत है, किसी तरह के निशान या विकृतियां हैं तो वह निश्चित रूप से प्लास्टिक सर्जरी का सहारा ले सकते हैं। लेकिन इससे पहले जिस व्यक्ति की प्लास्टिक या कॉस्मेटिक सर्जरी की जानी है उसका परीक्षण डॉक्टर द्वारा किया जाना चाहिए। इसके अलावा सर्जरी से जुड़ी जरूरी बातों के बारे में जानकारी होने से आपको सर्जरी के दौरान दिक्कतें नहीं होती हैं।
प्लास्टिक सर्जरी के जोखिम (Pastic Surgery Risks in Hindi)
प्लास्टिक सर्जरी कई तरह की होती है और इसके अलग-अलग विकल्प होते हैं। आमतौर पर यह सर्जरी बेहद सुरक्षित मानी जाती है लेकिन इस दौरान लापरवाही या कई अन्य कारणों की वजह से कई बार लोगों में समस्याएं भी देखी जाती हैं। प्लास्टिक सर्जरी के दौरान फैट एम्बुलिज्म के कारण व्यक्ति की जान भी जा सकती है। हालांकि यह समस्या बहुत कम लोगों में देखने को मिलती है। इसके अलावा कई बार प्लास्टिक सर्जरी के बाद गांठ बनने की समस्या हो जाती है जिसकी वजह से व्यक्ति को कई परेशानियां हो सकती हैं। प्लास्टिक सर्जरी के कुछ प्रमुख जोखिम कारक इस प्रकार से हैं।
- ब्लीडिंग।
- सूजन।
- इन्फेक्शन।
- इम्प्लांट का निकलना।
- लिक्विड डिस्चार्ज।
- गांठ बनना।
- फैट एम्बुलिज्म।
प्लास्टिक सर्जरी से जुड़ी जरूरी सावधानियां (Plastic Surgery Precautions in Hindi)
प्लास्टिक सर्जरी कराने से पहले और बाद में कुछ सावधानियों का ध्यान रखने से आप कई गंभीर समस्या का शिकार होने से बच सकते हैं। इस दौरान होने वाली ज्यादातर समस्याएं लापरवाही या सही ढंग से देखभाल न करने की वजह से होती हैं। प्लास्टिक सर्जरी से जुड़ी कुछ जरूरी सावधानियां इस प्रकार से हैं। आपको भी इसका ध्यान जरूर रखना चाहिए।
- कॉस्मेटिक सर्जरी के बाद एलर्जी या इन्फेक्शन से बचने के लिए आपको कॉस्मेटिक्स का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
- सर्जरी से पहले आपको डॉक्टर से सलाह और सुझाव जरूर लेने चाहिए।
- प्लास्टिक सर्जरी से आपका चेहरा या बनावट एकदम से नहीं बदल सकती है।
- प्लास्टिक सर्जरी कराने से पहले इसके जोखिम और सावधानियों के बारे में डॉक्टर से बात करनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : प्लास्टिक सर्जरी करवाने से पहले इसके प्रभावों के बारे में जान लें
प्लास्टिक सर्जरी कराने से पहले और बाद में डॉक्टर द्वारा बताई गयी जरूरी सावधानियों का ध्यान रखने से आप इसकी वजह से होने वाली परेशानियों का शिकार होने से बच सकते हैं। प्लास्टिक सर्जरी हमेशा एक्सपर्ट की देखरेख में ही की जानी चाहिए।
(All Image Source - Freepik.com)
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version