
Mustard Oil Benefits For Hair In Hindi: ज्यादातर घरों में सरसों का तेल खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होता है। सरसों का तेल हमारी सेहत और त्वचा के साथ ही बालों के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है। दादी-नानी के जमाने से इस तेल का इस्तेमाल बालों में किया जा रहा है। सरसों का तेल बालों को स्वस्थ और मजबूत बनाने में बहुत फायदेमंद होता है। यह बालों की ग्रोथ बढ़ाने से लेकर बालों का टेक्सचर सुधाने में काफी प्रभावी है। सरसों के तेल में मौजूद गुण बालों की समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं। सरसों का तेल एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-फंगल, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है। यह स्कैल्प पर मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया और डैंड्रफ को हटाने में बहुत लाभकारी है। इससे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं और बालों का झड़ना बंद होता है। तो आइए, विस्तार से जानते हैं बालों में सरसों का तेल लगाने के फायदे और इस्तेमाल का तरीका -
बालों के लिए सरसों के तेल के फायदे- Mustard Oil Benefits For Hair in Hindi
बालों को टूटने से बचाए
बालों के झड़ने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए सरसों का तेल फायदेमंद साबित हो सकता है। सरसों के तेल से स्कैल्प की मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। इसके अलावा, सरसों के तेल में कुछ ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बालों को जड़ों से मजबूत बनाते हैं। इससे बाल लंबे, घने और मजबूत बनते हैं।
बालों की कंडीशनिंग करे
अगर आपके बाल रूखे-बेजान हैं, तो सरसों का तेल लगाने से आपको काफी लाभ मिल सकता है। सरसों के तेल में अल्फा फैटी एसिड होता है, जो बालों को नमी प्रदान करता है। यह बालों के लिए प्राकृतिक कंडीशनर का काम करता है। नियमित रूप से बालों पर सरसों का तेल लगाने से बाल मुलायम और चमकदार बन सकते हैं।
डैंड्रफ और इंफेक्शन से बचाए
सरसों के तेल में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी फंगल गुण होते हैं, जो स्कैल्प की गंदगी को दूर करने में मदद करते हैं। ऐसे में अगर आपको स्कैल्प में कोई एलर्जी या इंफेक्शन है, तो सरसों के तेल का उपयोग काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। नियमित रूप से बालों में सरसों का तेल लगाने से डैंड्रफ की समस्या भी दूर होती है।
इसे भी पढ़ें: सरसों के तेल से बाल कैसे बढ़ाएं? जानें 3 तरीके, जिनसे मिलेंगे लंबे-घने बाल
बालों को पोषण दे
सरसों का तेल पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम, ओमेगा-3 फैटी एसिड, नियासिन, सेलेनियम और एंटीऑक्सीडेंट आदि पोषक तत्व मौजूद होते हैं। सरसों के तेल से बालों की मालिश करने से पतले बालों की समस्या दूर हो सकती है। यह बालों के विकास को बढ़ावा देने में भी काफी मददगार है।
बालों को सफेद होने से बचाए
बालों में सरसों का तेल लगाने से दो-मुंहे बालों की समस्याओं को दूर किया जा सकता है। इसके अलावा, यह सफेद बालों की समस्या से बचाव में काफी लाभकारी है। दरअसल, सरसों के तेल में विटामिन ए, विटामिन डी, विटामिन ई और जिंक जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो बालों को समय से पहले सफेद होने से बचाते हैं। यह बालों को काला और घना बनाने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: सफेद बालों को काला करेंगे सरसों तेल और करी पत्ता, जानें प्रयोग का तरीका
सरसों का तेल बालों में कैसे लगाएं? - How To Apply Mustard Oil On Hair In Hindi
अगर आप बालों को मजबूत, लंबा और घना बनाना चाहते हैं, तो सप्ताह में दो बार सरसों का तेल जरूर लगाएं। इससे बालों को पोषण मिलेगा और बाल जड़ से मजबूत होंगे। बालों में सरसों का तेल लगाने के लिए सबसे पहले इसे हल्का गुनगुना कर लें। फिर इसे अच्छी तरह से स्कैल्प और बालों में लगाएं और धीरे-धीरे मसाज करें। 2-3 घंटे बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें। आप चाहें तो सरसों के तेल में करी पत्ता या मेथी दाना उबालकर भी बालों पर लगा सकते हैं। इससे आपको काफी लाभ मिलेगा।