
सर्दियों के मौसम में बाजार में कई तरह की हरी पत्तेदार सब्जियां आती हैं, ये सभी आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं। ऐसी ही एक पत्तेदार सब्जी है सरसों यानी की मस्टर्ड। सर्दियों में सरसों का साग लोगों को बहुत पसंद आता है। भले ही कुछ लोगों को इसका स्वाद थोड़ा कसैला लगे, लेकिन इसके फायदों की वजह से इसे अपने आहार में अवश्य शामिल करें। आप इसका उपयोग साग के साथ ही करी, सूप, दाल व नॉनवेज में भी कर सकती हैं।
सरसों के पत्तों में भरपूर मात्रा में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन के, मैंगनीज, कैल्शियम, विटामिन बी6 और विटामिन सी पाया जाता है, जो आपको स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं से छुटकारा दिलाने में मददगार साबित होते हैं। फिलहाल हमारे भारत में सर्दियां आते ही सरसों का साग, सरसों का परांठा और कई व्यंजन बनाए जाते हैं। चलिए जानते हैं सरसों खाने के फायदों और इसकी विभिन्न रेसिपीज के बारे में।
सरसों के पत्तों के फायदे
विटामिन-के का मुख्य स्रोत
सरसों के साग में विटामिन-के की मात्रा अधिक होती है। जो आपके दिल को स्वस्थ करने के साथ ही आपकी हड्डियों को मजबूत करने में मददगार होता है। कहीं कटने पर विटामिन-के की सहायता से ही खून बहने से रुकता है।
इसे भी पढ़ें : सात प्राकृतिक स्रोतों से पायें विटामिन के
हार्ट को स्वस्थ बनाने में सहायक
सरसों के पत्ते विटामिन सी का बेहतरीन स्रोत माने जाते हैं, जो हार्ट हेल्थ को मेंटेन करता है। इसके साथ ही सरसों में फ्लेवोनोइड्स और बीटा-कैरोटीन होता है, जो हार्ट अटैक और हार्ट स्ट्रोक के खतरे को कम करता है। सरसों के पत्ते कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में भी मदद करते हैं।
आंखों के लिए फायदेमंद
सरसों के पत्तों में भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट होते हैं, जो आंख के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। सरसों के पत्ते वजन कम करने में भी मददगार होते हैं।
इसे भी पढ़ें : आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए जरूरी हैं ये 5 विटामिन्स
सरसों के पत्तों को ऐसे करें डाइट में शामिल
सरसों के पत्तों से आप कई तरह की रेसिपीज तैयार कर सकती हैं। जिसके कुछ सुझावों को आगे बताया गया है।
सरसों का पराठा
सर्दी के मौसम में सरसों का साग, आटा, अजवाइन, नमक, गुड़ और लाल मिर्च से बना परांठा आपके ब्रेकफास्ट मेन्यू का स्वाद बढ़ा सकता है।
सरसों-मक्के का साग
सर्दियों के मौसम में डाइट में जब तक पंजाबी स्टाइल रेपिसी न हो तब तक खाना अधूरा सा लगता है। साग में मक्की का आटा मिलाने से इसका स्वाद दोगुना हो जाता है। ये साग सफेद मक्खन और गुड़ के साथ अच्छा लगता है।
दाल में करें शामिल
दाल को और अधिक हेल्दी बनाने के लिए इसमें पिसे हुए सरसों के पत्तों को मिलाया जा सकता है। दाल और सरसों का कॉम्बीनेशन काफी अनोखा है, लेकिन इसके कई हेल्थ बेनिफिट्स होते हैं। दाल के टेस्ट को बढ़ाने के लिए इसमें घी का तड़का भी लगाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : रोज दाल खाना फायदेमंद है या नुकसानदायक? जानें एक्सपर्ट की राय
सरसों का रायता
सरसों के पत्तों से बना रायता आपके डाइजेस्टिव सिस्टम को सुधारने में मदद करता है। सर्दी के मौसम में इसका सेवन फायदेमंद होता है। रायते में सरसों, दही, खीरा और हरी मिर्च का तीखा स्वाद सभी को भाता है। आप रायते को टेस्टी बनाने के लिए राई का तड़का लगा सकते हैं।
सरसों आज से नहीं पुराने समय से स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद मानी जाती है। इसीलिए सर्दियों के दिनों में इसे अपनी डाइट में शामिल करें। लेकिन सरसों का प्रयोग सीमित मात्रा में करें और अगर इसका पहली बार उपयोग कर रहे हैं, तो एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लें।