महाशिवरात्रि का त्योहार 8 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस खास दिन पर लोग भगवान शिव की भक्ति में लीन रहते हैं और तरह-तरह के पकवानों से भगवान को भोग लगाते हैं। शिव भगवान को सफेद चीजें ज्यादा प्रिय हैं, जिस वजह से उनपर सफेद फूल चढ़ाना और सफेद चीजों का भोग लगाना शुभ माना जाता है। भगवान को भोग लगाने के लिए यूं तो आपको बाजार में आसानी से कई तरह की मिठाइयां और पेड़े मिल जाएंगे लेकिन इनमें ज्यादातर चीजें मिलावटी होती हैं। जिन्हें खाने के बाद पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में भगवान को भोग लगाने के लिए आप घर में आसानी से मिल्क पाउडर और नारियल का इस्तेमाल करके पेड़ा तैयार कर सकते हैं। इस लेख में दिल्ली के एसेंट्रिक डाइट्स क्लीनिक की डायटिशियन शिवाली गुप्ता (Shivali Gupta, Dietcian, Eccentric Diets Clinic) घर में हेल्दी पेड़ा बनाने की रेसिपी और फायदे बता रही हैं।
महाशिवरात्रि भोग के लिए पेड़े बनाने की रेसिपी - How To Make Peda For Mahashivratri Bhog
पेड़ा बनाने के लिए आपको 1 कप मिल्क पाउडर, आधा कप फ्रेश क्रीम, आधा कप चीनी या गुड़ का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, आधा कप नारियल का बूरा, 1 चम्मच घी, आधा चम्मच इलायची पाउडर और 6-7 केसर के धागे चाहिए होंगे।
इसे भी पढ़ें: बच्चों की डाइट में मेयोनीज के बजाय शामिल करें ये 4 हेल्दी ऑप्शन, जानें इनके बारे में
- पेड़ा बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें और फिर उसमें क्रीम डालकर उबाल आने तक धीमी आंच पर पकाएं।
- क्रीम में उबाल आने पर इसमें धीरे-धीरे मिल्क पाउडर को मिक्स करें।
- मिल्क पाउडर के बाद चीनी, नारियल का बूरा और इलायची पाउडर डालकर लगातार इस मिक्स को चलाते रहें।
- आखिर में इस मिश्रण में केसर को 2 चम्मच पानी में भिगोकर मिलाएं। आप देखेंगे कि मिश्रण गाढ़ा हो चुका है।
- गैस बंद करके मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें और फिर इसे पेड़े के आकार में तैयार करें।
- आपके घर के बने स्वादिष्ट पेड़े तैयार हैं।
इसे भी पढ़ें: सुबह ब्रेकफास्ट में बनाएं ये हेल्दी और टेस्टी दही पोहा, 5 मिनट में हो जाएगा तैयार
घर में बने पेड़ा के फायदे - Benefits Of Homemade Peda
पेड़ा एक स्वादिष्ट और पौष्टिक मिठाई है, इसे बनाने में मिल्क पाउडर का उपयोग किया गया है, जो कि कैल्शियम, प्रोटीन के साथ कई तरह के विटामिन्स का अच्छा सोर्स होता है। इसमें नारियल का बूरा भी इस्तेमाल हुआ है जो कि फाइबर के साथ कई प्रकार के मिनरल्स और विटामिन्स का अच्छा सोर्स होता है। नारियल के बूरे में मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर करने में भी सहायक होता है। इसके अलावा, पेड़े में चीनी की मात्रा को कम किया जा सकता है जो स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद रहेगा। इसमें क्रीम भी है जो कि शरीर को ऊर्जा प्रदान करती है।
इस तरह से बनाए गए मिल्क पाउडर और नारियल के पेड़े न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि वे स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर होते हैं। इसे बनाने से पहले ध्यान दें रखें कि चीनी की मात्रा को अपने आवश्यकतानुसार बढ़ाएं या घटाएं।
All Images Credit- Freepik