.jpg)
पिछले कुछ समय में लोगों में हार्ट हेल्थ की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है। दिल की सेहत का ध्यान रखने के लिए हमें अपनी लाइफस्टाइल से जुड़ी सभी चीजों का ध्यान रखना चाहिए ताकि कोई परेशानी न हो। इन सबमें हमारी डाइट का बहुत बड़ा रोल होता है कि आप अपनी हार्ट हेल्थ के लिए क्या खा रहे हैं और कैसे चीजों का सेवन कर रहे हैं। इसके लिए सबसे पहले आपको कुकिंग ऑयल पर ध्यान देने की जरूरत होती है क्योंकि शरीर में फैट या कोलेस्ट्रोल बढ़ने का सबसे बड़ा कारण गलत तरह के तेल का सेवन हो सकता है। तेल में मौजूद फैट आपकी रक्त धमनियों में वसा की मात्रा इकट्ठा कर सकते हैं,जिससे इनमें रूकावट आ सकती है और शरीर का ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। बाद में हाई ब्लड प्रेशर और स्ट्रोक जैसी अन्य समस्याएं भी हो सकती है। इसके लिए आपको सबसे पहले अपने खाने के तेल के बारे में जानने की जरूरत है। इसके बारे में हमने विस्तार से बात की नोएडा के फोर्टिस अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के निदेशक और विभागाध्यक्ष डॉ संजीव गेरा से।
क्या हार्ट हेल्थ के लिए वेजिटेबल ऑयल सही है?
डॉ संजीव गेरा के अनुसार आप अच्छे हार्ट हेल्थ के लिए वेजिटेबल ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं लेकिन आपको इस बात का ध्यान भी रखना चाहिए कि आप अलग-अलग तरह के वेजिटेबल ऑयल का इस्तेमाल जरूर करें ताकि सभी जरूरी पोषक तत्व आपको तेल की मदद से मिल सके। अच्छे हार्ट हेल्थ के लिए आपको मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड और पॉलीअनसैचुरेटेड फैटी एसिड की उपयुक्त मात्रा को अपने आहार में जरूर शामिल करना चाहिए ताकि शरीर में अच्छे कोलेस्ट्रोल की मात्रा बनी रहे। साथ ही आपको अपने वनस्पति तेल को बदलते रहना या एक दिन अगर आप एक तरह के तेल में खाना बना रहे हैं, तो दूसरे दिन आपको किसी दूसरे तेल में खाना बनाना चाहिए। इससे आपको अलग-अलग तेल में मौजूद पूफा और मूफा जैसे अनसैचुरेटेड फैटी एसिड मिल पाते हैं। साथ ही डॉक्टर इस बात की सलाह भी देते हैं कि आपको अपने आहार में सैचुरेटेड फैट की मात्रा को घटाकर 10 प्रतिशत से तक कर देना चाहिए। मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड के लिए आप सरसों तेल का सेवन कर सकते हैं। वहीं पॉलीअनसैचुरेटेड फैटी एसिड के लिए आप सूरजमुखी के तेल का सेवन कर सकते हैं। आप अपने तेल को मिक्स करके भी खा सकते हैं। इससे भी आपको काफी लाभ मिल सकता है।
Image Credit- Freepik
अच्छे हार्ट हेल्थ के लिए इन तेलों का करें इस्तेमाल
1. ऑलिव ऑयल
दिल की सेहत का ख्याल रखने के लिए सबसे बेस्ट तेल के रूप में ऑलिव ऑयल को माना जाता है। यह प्रोसेस्ड ऑयल नहीं होता है और इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड और पॉलीअनसेचुरेटेड फैटी एसिड होते हैं जो स्वस्थ हृदय स्वास्थ्य के लिए काफी उपयोगी माने जाते हैं। इसे आप मध्यम आंच पर पकाकर खाने बनाए। इससे सेहत को काफी लाभ मिलता है।
इसे भी पढे़ं- लगातार बढ़ रहे हैं हार्ट से जुड़े रोगों के मामले, डॉक्टर से जानें हार्ट को हेल्दी रखने के सभी जरूरी टिप्स
2. सूरजमुखी तेल
सूरजमुखी का तेल हार्ट हेल्थ के लिए काफी अच्छा होता है। यह हार्ट ब्लॉकेज को कम करने और स्थिति को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। इसमें विटामिन ई, पॉलीअनसेचुरेटेड फैटी एसिड और ओमेगा -6-फैटी एसिड भी पाया जाता है। इस तेल को आप हफ्ते में एक या दो बार खा सकते हैं।
Image Credit- Freepik
3. अखरोट तेल
अखरोट तेल में कई तरह के गुण पाए जाते हैं। इसका इस्तेमाल आप सलाद, पैनकेक यया ड्रेसिंग करने में कर सकते हैं। इसमें ओमेगा -3 और ओमेगा -6 फैटी एसिड पाए जाते हैं, जो शरीर के काफी स्वस्थ होते हैं। इससे आपके शरीर में गुड कोलेस्ट्रोल बढ़ता है।
इसके अलावा आप अपने डॉक्टर की सलाह पर अन्य तेल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इससे भी आपको काफी लाभ होगा।
Main Image Credit- Freepik