कई लोग अपने बिजी शेड्यूल या मनोरंजन के कारण रात की नींद पूरी नहीं कर पाते हैं। आजकल लोग रात-रात भर बैठकर ऑफिस, स्कूल या कॉलेज का काम करते रहते हैं। अगर वह काम नहीं कर रहे होते हैं, तो वह मनोरंजन के लिए मूवी या फिर वेब सीरीज देखकर अपना समय बर्बाद करते रहते हैं। स्लीप शेड्यूल पूरी तरह खराब होने की वजह से लोगों रात में 1 या 2 बजे से पहले नींद ही नहीं आती है। यही कारण है कि एक समय के बाद रात में देर से सोना लोगों की चॉइस नहीं, बल्कि मजबूरी बन जाता है। रात में नींद पूरी नहीं होने का असर लोगों के चेहरे और बॉडी लैंग्वेज से नजर आता है। अगर आप रात में पर्याप्त नींद नहीं लेते हैं, तो अगले दिन सिर में दर्द और चिड़चिड़ेपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। आप अपने किसी भी काम में फोकस नहीं कर पाते हैं और शरीर थका-थका महसूस करता है। मगर लोगों ने हफ्तेभर की इस नींद को पूरी करने का भी रास्ता निकाल लिया है। जी हां, लोग वर्किंग डेज में देर तक जागने के बाद वीकेंड पर ज्यादा सोकर इस खराब हुई नींद को पूरा करने की सोचते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सच में वीकेंड पर ज्यादा सोकर आप इस नींद को पूरा कर सकते हैं? आइए इस सवाल का जवाब सर्जन डॉ. अर्पित बंसल से जानते हैं। वीकेंड स्लीप को लेकर डॉ. अर्पित ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
क्या वीकेंड पर ज्यादा सोकर नींद पूरी होती है?
जी नहीं, आप वीकेंड पर ज्यादा सोकर अपनी नींद को पूरा नहीं कर सकते हैं। डॉ. अर्पित ने अपनी वीडियो में बताया कि आपकी नींद बैंक के उधार की तरह काम नहीं करती है। अगर आप हफ्ते के 5 दिन अपनी नींद को पूरा नहीं करते हैं और 2 दिन में पिछले 5 दिन की अधूरी नींद को पूरा करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो इससे आपकी बॉडी को कोई लाभ नहीं होने वाला है। आपको इस बात का पता होना चाहिए कि अगर आप एक रात भी अच्छी तरह से नींद नहीं लेते हैं, तो इसका असर आपके दिमाग, मूड और ओवरऑल हेल्थ पर पड़ता है।
नींद कम आना सेहत के लिए है नुकसानदायक
अगर आपने स्लीप शेड्यूल को खराब कर लिया है और अब आपको रोजाना खुद ही बहुत देर से नींद आती है, तो इससे शरीर को कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। जैसे कि लंबे समय से नींद न पूरी होने की वजह से व्यक्ति के हृदय और संचार प्रणाली को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा, हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर और हाई कोलेस्ट्रॉल जैसी लंबे समय तक चलने वाली गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। लगातार नींद की कमी से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा भी बढ़ जाता है। आइए जानते हैं कि नींद पूरी करने के लिए आप क्या कर सकते हैं।
View this post on Instagram
अच्छी नींद के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
नींद का समय तय करें
अगर आपको नींद नहीं आती है, तो आपको रोजाना सोने के समय को ठीक करना चाहिए। आपको हर दिन एक ही समय पर सोना और उठना चाहिए। इससे आपकी बॉडी के स्लीप शेड्यूल में सुधार होगा।
सोने से पहले आरामदायक दिनचर्या अपनाएं
कई लोगों को अनकम्फर्टेबल होने की वजह से नींद नहीं आती है। ऐसे में आप सोने से पहले गर्म पानी से नहाएं, हल्का खाना खाएं और 10 मिनट किताब पढ़ सकते हैं। इससे आपको अच्छी नींद आएगी।
इसे भी पढ़ें- क्या सर्दी-जुकाम होने पर आपको भी नींद आती रहती है? जानें इसके कारण
सोने से पहले एक्सरसाइज करें
अगर आपको नींद नहीं आती है, तो रोजाना सोने से पहले एक्सरसाइज कर सकते हैं। इससे आपको बॉडी थक जाएगी और रात को अच्छी नींद आएगी। यह आपकी ओवरऑल हेल्थ के लिए भी अच्छा है।
सोने से पहले फोन न चलाएं
अगर आप अच्छी सुकून और शांति वाली नींद लेना चाहते हैं, तो बेडरूम में टीवी, कंप्यूटर, फोन और अन्य गेजेट्स का इस्तेमाल न करें। इससे नींद पर बुरा असर होता है। आपको सोने से दो घंटे पहले इन चीजों का इस्तेमाल बंद कर देना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- अच्छी नींद लेनी है तो सर्दियों में इस्तेमाल करें भारी कंबल, स्टडी से समझें
इंसान का कोई भी काम उसकी बॉडी से बढ़कर नहीं होता है। यही वजह है कि आपको अपनी सेहत का ख्याल रखने के लिए रोजाना पर्याप्त मात्रा में नींद लेनी चाहिए। इससे फिजियकल और मेंटल दोनों तरह की हेल्थ को फायदा होता है। अगर आपको नींद नहीं आती है, तो ऊपर बताए आसान टिप्स को फॉलो करें। इसके बाद भी अगर आपको नींद आने में समस्या होती है, तो आपको डॉक्टर के पास जाना चाहिए।