Is Cardamom Water Good For Diabetes: मसाला चाय हो या स्वादिष्ट हलवा इलायची का इस्तेमाल जरूर किया जाता है। व्यंजनों के अलावा इसे इसे कई दवाओं में भी इस्तेमाल किया जाता है। इसकी तासीर ठंडी होती है। इसलिए कई आयुर्वेदिक औषधियों में इसे इस्तेमाल किया जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक इलायची की तरह इसका पानी पीना भी सेहत के लिए फायदेमंद है। इसके सेवन से कई स्वास्थ्य समस्याओं में आराम मिलता है। लेकिन क्या डायबिटीज के पेशेंट्स के लिए भी इलायची का पानी फायदेमंद होता है? क्या डायबिटीज के मरीज भी इसका सेवन रोज कर सकते हैं? इन प्रश्नों के उत्तर जानने के लिए हमने हरियाणा के सिरसा जिले के आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा से बात की।
क्या डायबिटीज में इलायची का पानी पीना चाहिए?
डॉ श्रेय के मुताबिक डायबिटीज में इलायची का पानी पीना फायदेमंद होता है। लेकिन आपको मात्रा और समय का ध्यान रखना जरूरी है। इलायची में प्राकृतिक गुण मौजूद होते हैं, जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। डायबिटीज में व्यक्ति की पाचन अग्नि मंद होती है। इसलिए डायबिटीज में कई चीजों को खाने की मनाही होती है। लेकिन इलायची की तासीर ठंडी होती है। इसका पानी पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और पाचन तंत्र को भी फायदा होता है।
इसे भी पढ़ें- सर्दी-खांसी को दूर करने के लिए पिएं बड़ी इलायची से बना काढ़ा, जानें इसकी रेसिपी और फायदे
सेहत के लिए इलायची के पानी के फायदे
- इलायची का पानी पीने से पाचन संबंधित समस्याओं से राहत मिलती है। अगर आपको पेट फूलने, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याएं रहती हैं, तो रोज इलायची का पानी पीने से आपको बहुत आराम मिलेगा।
- अगर आप सप्ताह में दो से तीन बार भी इलायची का पानी पीते हैं, तो इससे बॉडी डिटॉक्स होने में मदद मिलेगी। इलायची में मौजूद प्राकृतिक गुण शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स निकालने में मदद करते हैं। इससे त्वचा संबंधित समस्याओं में भी आराम मिलता है।
- इलायची का पानी पीने से वजन घटाने में मदद मिलती है। यह मेटाबॉलिज्म बूस्ट करने में मदद करता है, जिससे वेट लॉस जल्दी होता है। इसके सेवन से बॉडी से एक्सट्रा फैट भी कम होता है। इसके सेवन से चर्बी कम होना शुरू हो जाती है और तेजी से वजन कम होता है।
- इलायची का पानी खांसी और गला खराब में भी फायदेमंद होता है। इसका गरमा गर्म सेवन करने से खांसी में राहत मिलती है। इसमें सिनेयॉल नामक इंग्रीडियेंट मौजूद होता है, जो फेफड़ों के इंफेक्शन को कम करने में मदद करता है। इसे पीने से गले के इंफेक्शन में भी आराम मिलता है और खांसी ठीक होने लगती है।
इसे भी पढ़ें- वजन घटाने में बेहद फायदेमंद होती है छोटी इलायची, एक्सपर्ट से जानें खाने के तरीके
इलायची के पानी का सेवन कब और कैसे करना है?
आपको रात में पानी में इलायची को भिगोकर रख देना है। अब पानी गर्म करने के लिए रखें और इसमें इलायची को कूटकर डालें। जब रंग बदलने लगे और इसे छान लें। इसे आप खाना खाने के बाद कुछ घंटे बाद पी सकते हैं। एक बार में केवल एक कप पानी का सेवन करें।
लेख में हमने जाना डायबिटीज में भी इलायची का पानी पीना फायदेमंद है। लेकिन इसी के साथ आपको ध्यान रखना है कि आप कितनी मात्रा में इसका सेवन कर रहे हैं। लेख में आपको सामान्य जानकारी दी गई है। इस बारे में ज्यादा जानने के लिए एक्सपर्ट से बात करें।