
Home Remedies For Pyorrhea In Hindi: पायरिया दांतों और मसूड़ों में होने वाली एक गंभीर बीमारी है। इसे मेडिकल भाषा में पीरियोडोंटाइटिस (Periodontitis) कहा जाता है। पायरिया के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें मुंह की ठीक ढंग से साफ-सफाई न करना, डायबिटीज और स्मोकिंग आदि शामिल हैं। पायरिया की वजह से दांतों में दर्द, मसूड़ों में सूजन, मसूड़ों में खून और मुंह से बदबू आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर पायरिया का इलाज न किया जाए, तो इससे दांत कमजोर होकर टूटकर गिर भी सकते हैं। पायरिया की समस्या से निजात पाने के लिए लोग महंगे टूथपेस्ट का प्रयोग करते हैं और दवाइयों का सेवन भी करते हैं। आप चाहें तो कुछ घरेलू उपायों की मदद से पायरिया से छुटकारा पा सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही 5 घरेलू उपाय बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप पायरिया की समस्या से राहत पा सकते हैं-
पायरिया से छुटकारा पाने के घरेलू उपाय - Home Remedies For Pyorrhea In Hindi
नीम
नीम औषधीय गुणों से भरपूर होती है। आयुर्वेद में नीम का प्रयोग कई तरह की बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है। नीम में मौजूद गुण पायरिया से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए नीम की पत्तियों को पीसकर रस निकाल लें। अब इस रस को अपने मसूड़ों के चारों तरफ लगाएं और करीब 10 से 15 मिनट लगाकर रखें। इसके बाद गुनगुने पानी से कुल्ला करें। रोज एक बार ऐसा करने से मसूड़ों की सूजन और खून आने की समस्या को दूर किया जा सकता है।
लौंग का तेल
लौंग के तेल में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-प्लाक और एंटी-जिंजिवाइटिस गुण पाए जाते हैं। यह पायरिया और मसूड़ों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में प्रभावी साबित हो सकता है। इसके लिए आप कॉटन की मदद से लौंग के तेल को मसूड़ों और दांतों पर लगाएं और कुछ देर लगा रहने दें। फिर गुनगुने पानी से कुल्ला कर लें। इस प्रक्रिया को हफ्ते में 1 बार दोहराएं।
बेकिंग सोडा
पायरिया के घरेलू उपचार के तौर पर आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। एनसीबीआई द्वारा किए गए एक वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार, बेकिंग सोडा में डेंटिफ्राइस (dentifrices) गुण पाया जाता है। यह दांतों में जमा प्लाक और मसूड़े की सूजन को कम करने में मदद कर सकता है। इसका प्रयोग करने के लिए आप एक चम्मच बेकिंग सोडा लें। अब इसमें पानी की कुछ बूंदें मिलाकर पेस्ट बना लें। अब टूथब्रश की मदद से इससे अपने दांतों को साफ करें। बेहतर रिजल्ट के लिए आप इस प्रक्रिया को दो हफ्ते में एक बार दोहराएं।
इसे भी पढ़ें: दांत में लगे कीड़ों से छुटकारा दिलाएगा ये होममेड हर्बल पाउडर, जानें बनाने का तरीका
नारियल का तेल
पायरिया के इलाज के लिए नारियल का तेल काफी लाभकारी होता है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-माइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं। ये मसूड़ों की सूजन और संक्रमण को दूर करने में मदद करते हैं। इसके लिए एक चम्मच नारियल तेल को मुंह में भरकर घुमाएं। करीब 4-5 मिनट के लिए मुंह में रखें। फिर तेल को थूककर ब्रश कर लें।
सरसों का तेल और नमक
पायरिया से छुटकारा पाने के लिए आप सरसों के तेल और नमक का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए आधा चम्मच नमक लें। इसमें सरसों का तेल मिलाकर पेस्ट बना लें। फिर टूथब्रश की सहायता से इससे अपने दांतों को साफ करें। हफ्ते में एक से दो बार इस प्रक्रिया को दोहराया जा सकता है। इससे मसूड़ों की सूजन और दर्द की समस्या से राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: क्यों पीले हो जाते हैं दांत? इन उपायों से दूर करें दांतों का पीलापन
इन घरेलू उपायों की मदद से आप पायरिया की समस्या से जल्द निजात पा सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या अधिक बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए।