
Home Remedies To Cure High Fever In Hindi: बुखार आना एक आम समस्या है, जिसका सामना हर व्यक्ति को कभी न कभी करना पड़ता है। दरअसल, बुखार शरीर के अंदर मौजूद संक्रमण से लड़ने का एक प्राकृतिक तरीका है। एक व्यक्ति के शरीर का सामान्य तापमान 97-99 डिग्री फेरनहाइट के बीच होता है। लेकिन बुखार होने पर यह तापामन 100 डिग्री के ऊपर पहुंच जाता है। कई बार मौसम में बदलाव होने पर हमें काफी तेज बुखार हो जाता है। अगर शरीर का तापमान 102 डिग्री के पार पहुंच जाए, तो इसे तेज बुखार कहते हैं। यह शरीर को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है। तेज बुखार होने पर व्यक्ति को ठंड लगना, अत्यधिक कमजोरी, मितली, डिहाइड्रेशन और बॉडी पेन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर की सलाह से दवाइओं का सेवन करना चाहिए। इसके अलावा, कुछ घरेलू उपायों की मदद से भी तेज बुखार को ठीक किया जा सकता है। तो चलिए, लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से जानते हैं तेज बुखार उतारने के घरेलू उपाय -
तेज बुखार उतारने के घरेलू उपाय - Home Remedies To Cure High Fever In Hindi
ठंडे पानी की पट्टियां
माथे पर ठंडे पानी की पट्टियां रखने से तेज बुखार जल्दी उतरता है। इसके लिए ठंडे पानी में एक कपड़ा भिगोकर अपने माथे पर कुछ देर तक रखें। उसके बाद इस प्रक्रिया को फिर से दोहराएं। ऐसा करने से थोड़ी देर में शरीर का तापमान कम हो जाएगा। इसके अलावा, आप गीले कपड़े या स्पॉन्ज को अपने गर्दन, बगल, पैरों या हथेलियों पर भी रख सकते हैं।
पुदीने की चाय पिएं
तेज बुखार उतारने के घरेलू उपाय के तौर पर पुदीने का इस्तेमाल किया जा सकता है। पुदीने की तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह शरीर को ठंडक प्रदान करता है। साथ ही, यह शरीर की अतिरिक्त गर्मी को कम करने में मदद करता है। इसके लिए आप पुदीने की चाय या काढ़ा बनाकर दिन में दो से तीन बार पिएं। इससे आपको जल्द राहत मिलेगी।
हल्के कपड़े पहनें
अक्सर लोग बुखार होने पर काफी मोटे कपड़े पहन लेते हैं। लेकिन इससे आपके शरीर का तापमान और अधिक बढ़ सकता है। तेज बुखार होने पर हल्के कपड़े पहनें, ताकि शरीर को ठंडक मिल सके। बुखार में ज्यादा मोटे कपड़े पहनने से आपको सांस लेने में तकलीफ भी हो सकती है और आप असहज महसूस करेंगे।
इसे भी पढ़ें: बुखार होने पर पानी की पट्टी कैसे करें? डॉक्टर से जानें सही तरीका
लहसुन खाएं
तेज बुखार उतारने के लिए लहसुन का सेवन भी काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। लहसुन में एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। लहसुन की तासीर गर्म होने के कारण इसे खाने से शरीर से पसीना निकलता है। इससे शरीर का तापमान कम होता है। लहसुन का सेवन करने से शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ भी बाहर निकल जाते हैं।
पानी पिएं
तेज बुखार के दौरान शरीर के बढ़े हुए तापमान को कम करने के लिए खूब पानी पिएं। कम पानी पीने से आपको डिहाइड्रेशन और कमजोरी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इनसे बचने के लिए आप जूस, काढ़ा, चाय आदि तरह पदार्थों का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: बुखार होने पर फॉलो करें ये 5 आयुर्वेदिक टिप्स, जल्द होगी रिकवरी
तेज बुखार उतारने के लिए आप इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या कम नहीं हो रही हो या अधिक बढ़ रही हो, तो आपको तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।