बरसात का मौसम आते ही बाजारों में जामुन की बहार दिखाई देने लगती है। खट्टे-मीठे स्वाद और गहरे बैंगनी रंग के कारण जामुन फल बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है लेकिन पिछले कुछ समय से जामुन को लेकर एक सवाल काफी चर्चा में है कि क्या इसका सेवन करने से स्किन में नेचुरल निखार आता है और चेहरा ग्लो करने लगता है। सोशल मीडिया पर भी जामुन को स्किन ग्लो फ्रूट कहकर कई तरह के दावे किए जाते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि इन दावों में कितनी सच्चाई है और एक्सपर्ट इस बारे में क्या कहते हैं। इस बारे में सही जानकारी के लिए हमने, हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा और कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून की सीनियर डाइटीशियन पायल दत्त से बात की।
स्किन के लिए जामुन के फायदे क्या हैं?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि केवल एक फल खाने से स्किन रातोंरात ग्लो करने नहीं लगती। हालांकि, जामुन एक बेहद पौष्टिक फल है, जो शरीर के अंदर से स्किन को हेल्दी रखने में मदद कर सकता है। इसका नियमित और संतुलित मात्रा में सेवन स्किन की सेहत को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है, लेकिन इसे किसी चमत्कारी उपाय के रूप में नहीं देखना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: एक दिन में कितने जामुन खाना सुरक्षित है? ज्यादा खाने से हो सकते हैं ये नुकसान
- जामुन में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं।
- प्रदूषण, धूप और अन्य पर्यावरणीय कारणों से स्किन की सेल्स पर लगातार दबाव पड़ता है, जिससे समय से पहले झुर्रियां, बेजानपन और स्किन की अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।
- एंटीऑक्सीडेंट्स इस नुकसान को कम करने में मदद करते हैं और स्किन को लंबे समय तक हेल्दी बनाए रखने में मदद देते हैं।
- इसलिए जामुन को बैलेंस डाइट का हिस्सा बनाना स्किन की देखभाल के लिए फायदेमंद माना जा सकता है।
डाइटीशियन पायल दत्त बताती हैं कि जामुन विटामिन C का भी अच्छा सोर्स है। विटामिन C शरीर में कोलेजन बनाने में अहम भूमिका निभाता है। कोलेजन एक ऐसा प्रोटीन है जो स्किन को मजबूती, लचीलापन और कसाव प्रदान करता है। उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कोलेजन का प्रोडक्शन कम होने लगता है, जिससे स्किन ढीली और फीकी दिखाई दे सकती है। ऐसे में विटामिन C से भरपूर फूड्स का सेवन स्किन की प्राकृतिक संरचना को बनाए रखने में मदद कर सकता है। हालांकि केवल जामुन पर निर्भर रहने की बजाय अन्य विटामिन C युक्त फलों और सब्जियों को भी डाइट में शामिल करना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: जामुन की तासीर ठंडी होती है या गर्म? गर्मियों में खाने से पहले जान लें सही जवाब

साल 2024 में Journal of Ayurveda and Integrated Medical Science में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, जामुन अपने एंटी-ऑक्सीडेंट, एंटी-एजिंग और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों के कारण कॉस्मेटिक्स के लिए बेहद फायदेमंद है। इसके फल और पत्तियों में फ्लेवोनोइड्स, एंथोसायनिन और फेनोलिक तत्व अच्छी मात्रा में होते हैं। ये नेचुरल तत्व फ्री रेडिकल्स को नष्ट करते हैं और स्किन को सूरज की यूवी (UV) किरणों व मोबाइल स्क्रीन से निकलने वाली हानिकारक 'ब्लू लाइट' से बचाते हैं, जो झुर्रियां और पिगमेंटेशन बढ़ाती हैं। जामुन का अर्क स्किन के कोलाजन को डैमेज होने से रोकता है और सूजन को कम करके स्किन को चमकदार व हेल्दी बनाता है। संक्षेप में, जामुन स्किन की सुरक्षा का एक बेहतरीन नेचुरल साधन है।
डॉक्टर की सलाह
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा का मानना है कि अगर आप वास्तव में स्किन पर नेचुरल निखार चाहते हैं, तो सिर्फ जामुन खाना पर्याप्त नहीं है। इसके साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, बैलेंस और पौष्टिक डाइट लेना, अच्छी नींद लेना और धूप से स्किन की सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। नियमित एक्सरसाइज और तनाव को कंट्रोल रखना भी स्किन की सेहत पर पॉजिटिव प्रभाव डालता है। जब ये सभी आदतें एक साथ अपनाई जाती हैं, तब स्किन लंबे समय तक हेल्दी और ग्लोइंग बनी रह सकती है।
निष्कर्ष
जामुन एक पोषक तत्वों से भरपूर फल है, जिसमें विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट्स, एंथोसायनिन और पॉलीफेनॉल जैसे कई फायदेमंद तत्व मौजूद हैं। ये स्किन को अंदर से हेल्दी रखने, सेल्स की प्रोटेक्शन करने और कोलेजन प्रोडक्शन में सहायता कर सकते हैं। हालांकि, स्किन में नेचुरल ग्लो पाने के लिए केवल जामुन पर निर्भर रहना सही नहीं है। बैलेंस डाइट, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और सही स्किन केयर के साथ जामुन का सेवन करने से स्किन की हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या रोज जामुन खाना सुरक्षित है?
मौसम के दौरान सीमित और संतुलित मात्रा में जामुन का सेवन हेल्दी लोगों के लिए सुरक्षित माना जाता है। किसी बीमारी की स्थिति में डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लें।रोज कितने जामुन खाने चाहिए?
एक हेल्दी व्यक्ति को एक बार में 20 से 30 जामुन ही खाने चाहिए। किसी भी फल को ज्यादा खाने के भी नुकसान होते हैं।क्या जामुन से डायबिटीज कम होती है?
जामुन का सेवन करने से शरीर में ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल रखने में मदद मिलती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 07, 2026 16:50 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Jul 07, 2026 16:50 IST
Modified By : Akanksha TiwariJul 07, 2026 16:50 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma