नवरात्रि में कई लोग पूरे 9 दिनों का व्रत रखते हैं और मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था का प्रदर्शन करते हैं। ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है, जो व्रत रखते हुए नियमित रूप से वर्कआउट करते हैं। इसलिए, यह सवाल जरूर उठता है कि क्या 9 दिनों का व्रत रखते हुए एक्सरसाइज करना सुरक्षित होता है?
इस बारे में Celebrity Fitness Coach And The Founder Of Yash Fitness यश अग्रवाल का कहना है, "व्रत में भी आप वर्कआउट कर सकते हैं। इसमें कोई दिक्कत की बात नहीं है। हालांकि, व्रत करते हुए कुछ जरूरी बातों पर ध्यान दिया जाना आवश्यक है। जैसे एक्सरसाइज करने की तय समय सीमा क्या होनी चाहिए और क्या इन दिनों हाई इंटेंसिटी वाले वर्कआउट करना सेफ होता है? असल में, हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है, स्वास्थ्य समस्याएं अलग-अलग होती हैं। इसी के आधार पर व्यक्ति विशेष को वर्कआउट को मोडिफाई करना चाहिए।"
नवरात्रि व्रत के दौरान वर्कआउट करें या नहीं?
Should You Workout During Navratri Fasting
नवरात्रि व्रत के दौरान वर्कआउट करना है या नहीं, इससे पहले यह जान लें कि इतने दिनों तक व्रत करने का शरीर पर क्या असर पड़ता है? MDPI के साइंटिफिक जर्नल Nutrients में प्रकाशित एक शोध पत्र से पता चलता है, "वयस्क पुरुष 10 दिनों तक के लिए सहजता से व्रत कर सकते हैं। इससे उनके शरीर के अंगों पर कोई गहरा असर नहीं पड़ता है।" हालांकि साल 2025 में वैज्ञानिक जर्नल Nature Communications में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, "7 दिनों के लंबे उपवास के बावजूद लोगों की शारीरिक क्षमता और मांसपेशियों की ताकत में कोई बड़ी गिरावट नहीं आती। फास्टिंग के दौरान एक्सरसाइज करते समय शरीर फैट को एनर्जी के रूप में यूज करता है, ताकि मांसपेशियों की जरूरतें पूरी हो सकें।"
यश अग्रवाल के अनुसार, "नवरात्रि में व्रत करते हुए आप वर्कआउट कर सकते हैं, बस इस बात का ध्यान रखें कि हाई इंटेंसिटी वाले वर्कआउट न करें, ताकि आपके शरीर की एनर्जी को लंबे समय तक स्टोर किया जा सके। आमतौर पर नवरात्रि में व्रत करते हुए लोग प्रोटीन कम और कार्ब्स ज्यादा लेने लगते हैं। ऐसे में आपका शरीरी एनर्जी के लिए पहले से स्टोर हुए ग्लाइकोजेन पर आश्रित हो जाता है। इसलिए, इन दिनों वही वर्कआउट करें, जिससे मसल लॉस न हो, थकान कम लगे और शरीर में पानी की कमी न हो।"
व्रत के दौरान शरीर पर वर्कआउट का प्रभाव
व्रत के दिनों में वर्कआउट करने से शरीर पर कई तरह से असर पड़ता है, जैसे-
- एनर्जी में कमीः नवरात्री के शुरुआती दिनों में भले ही व्रत करने से आपको थकान या कमजोरी महसूस न हो, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते जाएंगे, वर्कआउट करने की वजह से थकान और कमजोरी होने लगेगी।
- चक्कर आनाः खाली पेट या देर रात वर्कआउट करना, दोनों ही सेहत के लिए सही नहीं है। लंबे समय तक खाली पेट रहने के कारण ब्लड शुगर का स्तर तेजी से गिर जाता है। ऐसे में चक्कर आना, सिर घूमना जैसी समस्या होने लगती है।
- मसल्स का टूटनाः चूंकि, नवरात्रि में व्रत करते हुए डाइट में प्रोटीन की कमी हो जाती है। ऐसे में अगर आप हाई इंटेंसिटी वाले वर्कआउट करते हैं, तो मसल्स ब्रेकडाउन का जोखिम भी उठाना पड़ सकता है।
- शरीर में पानी की कमीः हालांकि, नौ दिनों तक व्रत करते हुए सादा पानी पिया जा सकता है। इसकी मनाही नहीं होती है। लेकिन, विशेषज्ञ बताते हैं कि व्रत करने की वजह से शरीर में अपने आप पानी की कमी होने लगती है। वहीं, वर्कआउट के कारण मसल लॉस और थकान बढ़ती है, जिससे बॉडी डिहाइड्रेट हो सकती है।
- मानसिक थकानः व्रत के दिनों में मुख्य आहार का सेवन पूरी तरह वर्जित होता है। ऐसे में सामान्य वर्कआउट करने के बावजूद व्यक्ति मानसिक रूप से थकान और कमजोरी महसूस करता है। इसका बुरा असर पाचन पर भी पड़ सकता है।
नवरात्रि व्रत में एक्सरसाइज के लिए सही समय क्या है?
अगर आप उन लोगों में से हैं, जिन्हें वर्कआउट करना काफी पसंद है और व्रत के बावजूद इसकी निरंतरता को तोड़ना नहीं चाहते हैं। ऐसे में व्रत के दौरान वर्कआउट का सही समय जान लेना जरूरी है, जैसे-
- सुबह 9.00 से 11.00 के बीचः व्रत के समय बिल्कुल सुबह-सुबह वर्कआउट नहीं करना चाहिए। इसके बजाय 9.00 से 11.00 के बीच यानी स्नैक्स खाने के बाद वर्कआउट करना सही होता है। स्नैक्स में आप केला, ठंडा दूध आदि का सेवन कर सकते हैं।
- शाम के समयः व्रत में अक्सर लोग दोपहर के समय हैवी मील लेते हैं, जिसमें फल, जूस आदि शामिल होते हैं। इस मील के बाद शाम को वर्कआउट करना सही होता है, क्योंकि इस समय तक शरीर फलों के जरिए एनर्जी रि-स्टोर कर लेता है।
नवरात्रि व्रत में कौन-सी एक्सरसाइज करें?
- स्ट्रेचिंग करेंः व्रत के दौरान बहुत हैवी वर्कआउट न करें। इन दिनों स्ट्रेचिंग या योग कर सकते हैं। इससे हार्ट रेट स्थिर बना रहता है, जिससे आपको थकान या कमजोरी महसूस नहीं होती है।
- ब्रिस्क वाॅक करेंः व्रत में ब्रिस्क वाॅक करना भी फायदेमंद होता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि करीब 20-30 मिनट का ब्रिस्क वाॅक पाचन में सुधार करने में उपयोगी है।
- लाइट स्ट्रेंथ ट्रेनिंगः स्क्वाट या लंजेस करना भी इन दिनों फायदेमंद हो सकता है।
किन एक्सरसाइज को व्रत के दौरान न करें?
- हाई-इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग, स्प्रिंटिंग, प्लायोमेट्रिक्स और भारी वजन उठाने वाली एक्सरसाइज न करें।
- इन दिनों महज 30-40 मिनट के लिए वर्कआउट करना काफी होता है। अधिक समय के लिए वर्कआउट करने से हाइपोग्लाइसीमिया यानी ब्लड शुगर का कम होने का खतरा बना रहता है।
- प्रातः काल या देर रात जब आपकी ऊर्जा खत्म हो चुकी हो, तो खाली पेट एक्सरसाइज न करें। इससे आपकी तबीयत खराब हो सकती है।
निष्कर्ष
नवरात्रि में 9 दिनों तक वर्कआउट करने में कोई बुराई नहीं है। हालांकि, आपकी सेहत कैसी है और व्रत में अधिक कमजोरी तथा थकान तो नहीं है? इस तरह की बातों पर गौर करते हुए आप इन दिनों वर्कआउट कर सकते हैं। हां, अगर आपकी सेहत खराब हो रही है, तो बेहतर है कि आप व्रत रखने से पहले एक बार एक्सपर्ट की सलाह ले लें। वे न सिर्फ आपको व्रत रखने का सही तरीका बताएंगे, बल्कि किस समय और कितनी देर के लिए वर्कआउट करना है, इसकी गाइडेंस भी देंगे।
All Image Credit: Magnific
FAQ
व्रत में वर्कआउट के दौरान डिहाइड्रेशन से बचने के लिए कौन-से इलेक्ट्रोलाइट्स लेने चाहिए?
व्रत के दौरान इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन से बचने के लिए आप नारियल पानी, सेंधा नमक मिला नींबू पानी, पतली छाछ या साबूदाना/मखाने का शेक ले सकते हैं।फास्टिंग के समय वर्कआउट के बाद मसल रिकवरी के लिए क्या खा सकते हैं?
व्रत के अनुकूल प्रोटीन स्रोतों में पनीर, गाढ़ा दही, भुने हुए मखाने, उबले हुए सामक के चावल के साथ दही, मूंगफली आदि का सेवन करें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 12, 2026 16:17 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Yash Agarwal
