आज हम पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा स्वास्थ्य को लेकर जागरूक हो चुके हैं। हम पोषण, तंदुरूस्ती, स्वच्छ पर्यावरण आदि सब मुद्दों के प्रति सचेत हो चुके हैं। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि इन सबके स्वस्थ होने के बावजूद भी एक और कारण है, जो आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है?
एक खराब रिलेशनशिप भी आपके स्वास्थ्य के लिए संभावित खतरा हो सकता है। बिल्कुल उसी तरह, जिस तरह स्वास्थ्य के अन्य खतरे होते हैं। खराब रिलेशनशिप आपके अंदर के माहौल को विषैला करने लगता है जिससे आपको तनाव, अवसाद, चिंता और कई सारी मेडिकल समस्याएं हो सकती हैं।
जानबूझकर नाकामयाम रिश्ते में रहना
माउंट सिनई बेथ इजराइल के मनोवैज्ञानिक विभाग की डॉक्टर ऐलिजाबेथ ओचोआ कहती हैं कि, बहुत से लोग ऐसे हैं जो ये जानते हुए किसी रिलेशनशिप में रहते हैं, कि वो उनके लिए अच्छा नहीं है। इसके पीछे कई कारण होते हैं। जो सबसे बड़ा कारण होता है वो अकेले रह जाने और असफल रिलेशनशिप का डर होता है। उन्हें ये डर सताता रहता है कि अगर उन्होंने ये कह दिया कि उनका रिलेशनशिप ठीक नहीं है, या वो इस रिलेशनशिप को नहीं चला सकेंगे तो बहुत कुछ बदल जाएगा।
क्या आपका रिलेशनशिप सही चल रहा है
कई बार हम भावनाओं की ऐसी गिरफ्त में होते हैं कि ये सोच ही नहीं पाते कि हमारा रिलेशनशिप ठीक चल भी रहा है या नहीं। अक्सर, हम ऐसी बातों पर ध्यान देने से डरते हैं। लेकिन, अगर आपका खराब रिलेशनशिप आपकी सेहत को बिगाड़ रहा है तो अपने आप से ये सवाल पूछें -
- जब आप अपने पार्टनर के साथ होते हैं तो क्या आपको संतुष्टि महसूस होती है, या फिर आप अक्सर असंतुष्टि महसूस करते हैं?
- अपने पार्टनर के साथ समय बिताने के बाद, आप आमतौर पर अपने बारे में अच्छा सोचते हैं या बुरा?
- आप अपने पार्टनर के साथ शारीरिक या भावनात्मक रूप से सुरक्षित महसूस करते हैं, या आपको डरा डरा हुआ लगता है?
- क्या आपके रिश्ते में "लेन-देन" का संतुलन है या फिर आपको ऐसा महसूस होता है कि आप हमेशा पार्टनर को कुछ दे रहे हैं और वो हमेशा आपसे कुछ ले रहा है?
- क्या आपको लगता है कि आप जो हैं आपका पार्टनर आपको वैसे ही पसंद करता है या फिर आपको उसके लिए बदलने की जरूरत है?
अब अपने जवाबों की स्वस्थ और अस्वस्थ रिलेशनशिप के लक्षणों से तुलना करें:-
स्वस्थ रिलेशनशिप के लक्षण - करुणा, सुरक्षा, सोचने की आजादी, आदान-प्रदान, सुनना, आपसी प्यार और देखभाल, स्वस्थ बहस और असहमति और सबसे जरूरी, सम्मान खासतौर पर तब, जब विचारों में भिन्नता हो।
अस्वस्थ रिलेशनशिप के लक्षण - असुरक्षा, शक्ति और नियंत्रण का गलत इस्तेमाल, ज्यादा मांग करना, स्वार्थ, आत्म-केंद्रिता, आलोचना, नकारात्मकता, बेईमानी, विश्वास न होना, बात का गलत मतलब निकालना और ईर्ष्या करना।
कम शब्दों में कहा जाए तो, स्वस्थ रिलेशनशिप वो होता है जो आपको ऊर्जा और खुशियों से भर दे। दूसरी तरफ, जो रिलेशनशिप आपको मानसिक और शारीरिक रूप से बीमार कर रहा है, वो आपके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।