स्वस्थ रहने के लिए अच्छी और पर्याप्त नींद लेना बहुत जरूरी है। डॉक्टर्स भी वयस्कों के लिए 7-8 घंटे की नींद को जरूरी मानते हैं। लेकिन आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में नींद न आने की समस्या लोगों में काफी आम हो गई है। अक्सर ऐसा होता है कि सुबह सोकर उठने के बाद भी हम थका हुआ महसूस करते हैं। यह नींद की कमी का संकेत हो सकता है। रात में नींद पूरी न होने के कारण अगले दिन हमारी दिनचर्या तो प्रभावित होती है, बल्कि कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं। रात में पर्याप्त नींद न लेने से मोटापा, डायबिटीज, मूड स्विंग, सिरदर्द जैसी कई समस्याएं हो सकती हैं। अगर आपको भी रात में नींद नहीं आती है, तो इसके लिए आपकी कुछ आदतें जिम्मेदार हो सकती हैं। न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर ऐसी कुछ आदतों के बारे में बताया है, जो आपकी नींद में बाधा डाल सकती हैं। तो चलिए, जानते हैं इनके बारे में विस्तार से -
आपकी नींद खराब कर सकती हैं ये 5 आदतें - 5 Habits That Destroy Your Sleep In Hindi
1. सोने से पहले स्क्रीन यूज
कई लोग रात में बेड पर जाने के बाद भी मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सोने से पहले इन डिवाइस का इस्तेमाल आपकी नींद को बर्बाद कर सकता है। दरअसल, मोबाइल फोन और लैपटॉप से निकलने वाली नीली रोशनी आपके सर्केडियन रिदम को खराब कर देती है। इसकी वजह से आप पर्याप्त या आरामदायक नींद नहीं ले पाते हैं। इसके साथ ही, यह नीली रोशनी शरीर में मेलाटोनिन के प्रोडक्शन को भी कम करती है, जो सोने-जागने के चक्र के हार्मोन को नियंत्रित करता है। अपर्याप्त मेलाटोनिन अनिद्रा, चिड़चिड़ापन और दिन के समय नींद आने का कारण बन सकता है।
टॉप स्टोरीज़
2. सोने से पहले हैवी डिनर करना
कई लोग रात के समय हैवी डिनर कर लेते हैं, लेकिन इससे नींद में रुकावट पैदा हो सकती है। रात में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन खाना चाहिए। दरअसल, रात के समय पाचन क्रिया धीमी हो जाती है, जिससे भोजन पचाने में समय लगता है। ऐसे में सोने से पहले हैवी डिनर करने से खाना पच नहीं पाता है और आपकी नींद खराब हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: अच्छी और गहरी नींद के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स, दिनभर रहेंगे एनर्जेटिक
3. चाय-कॉफी का ज्यादा सेवन
चाय-कॉफी जैसे कैफीन युक्त पदार्थ शरीर को एनर्जी देने का काम करते हैं। लेकिन अगर इसका बहुत ज्यादा सेवन किया जाए, तो इससे आपकी नींद प्रभावित हो सकती है। कैफीन का ज्यादा सेवन करने से रात में आपकी नींद बार-बार टूट सकती है या बेचैनी हो सकती है। अच्छी और गहरी नींद लेना चाहते हैं, तो चाय-कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
4. नेचुरल लाइट में नहीं जाना
न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा बताती हैं जब हम खुद को सूर्य की रोशनी से दूर रखते हैं, तो शरीर में मेलेनिन की कमी होने लगती है। यह मेलाटोनिन हार्मोन को बनाता है। मेलाटोनिन की मदद से ही हमारे ब्रेन को सोने और जागने का समय याद रहता है।
5. ज्यादा स्ट्रेस लेना
तनाव के कारण भी नींद में रुकावट पैदा हो सकती है। दरअसल, बहुत जायदा तनाव नींद आने में लगने वाले समय को बढ़ाता है। इसके कारण बार-बार नींद टूटती है और आप ठीक से सो नहीं पाते हैं। नींद की कमी हमारे शरीर की तनाव प्रतिक्रिया प्रणाली को ट्रिगर करती है, जिससे तनाव हार्मोन कोर्टिसोल बढ़ता है, जो नींद को बाधित करता है।
इसे भी पढ़ें: सोते समय बेचैनी हो तो क्या करें? जानें एक्सपर्ट की राय
अगर आपको भी रात में नींद नहीं आती है, तो आज ही अपनी इन 5 आदतों को बदल लें।