गर्मियों में शरीर से पसीना आना एक आम बात है लेकिन अगर आपके शरीर से अधिक पसीना आता है, तो यह एक समस्या का कारण बन सकता है। साथ ही गर्मियों में पसीने, गर्म हवा और सूखेपन के कारण भी शरीर से अधिक पसानी निकलता है। पसीने की स्मैल के कारण कई बार आपको शर्मिंदगी भी महसूस होती है। इससे बचने के लिए आप तरह-तरह के परफ्यूम और कई तरह की चीजों का इस्तेमाल करते हैं लेकिन परफ्यूम ज्यादा देर तक आपके शरीर की दुर्गंध को कंट्रोल नहीं कर पाते हैं और अंत में आपको पसीने और दुर्गंध से परेशानी होने लगती है लेकिन इसके लिए आपको बहुत अधिक परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि आपके खाने में ऐसी कई चीजें होती है, जो शरीर से आने वाले पसीने को कम कर सकती है और साथ ही उसकी दुर्गंध से आपको छुटकारा भी मिल सकता है। इसके अलावा यह पूरे दिन आपको फ्रेश और तरोताजा बनाए रखने में मदद करता है। इसके लिए आप इन फूड्स को अपने डेली डाइट में शामिल कर सकते हैं और गर्मी से बच सकते हैं। इसके बारे में विस्तार से बता रही है डाइट क्लीनिक और डॉक्टर हब क्लीनिक की डायटीशियन अर्चना बत्रा।
गर्मियों में डाइट में इन फूड्स को करें शामिल
1. पानी
पसीना कम करने के लिए आप दिनभर में पानी की अधिक मात्रा का सेवन करें। पानी अधिक मात्रा में पीने से शरीर का तापमान भी नियंत्रित रहता है और ठंडापन महसूस होता है। इससे डिहाईड्रेशन की समस्या नहीं होती है और यह हृदय और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं को कम करने में भी मदद करता है। इसके लिए आप पूरे दिन में आठ गिलास पानी का सेवन कर सकते हैं और पूरे दिन फ्रेश अनुभव कर सकते हैं। साथ ही आपको अगर अधिक पसीने या दुर्गंध की समस्या है, तो आपको चाय या कॉफी का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए क्योंकि इसमें कैफीन पाया जाता है और इससे डिहाईड्रेशन की परेशानी हो सकती है। साथ ही इससे शरीर का तापमान बढ़ता है और अधिक पसीना आता है।
Image Credit- Freepik
2. दही या कम वसा वाले दूध का सेवन
कैल्शियम आपके शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करता है और पसीने की बदबू भी कम कर सकता है। यदि आपको सुबह में कैल्शियम का सेवन करना है, तो आपको अपने आहार में कम वसा वाले दूध को शामिल करना चाहिए। इसके अलावा गर्मियों में दही या छाछ भी कैल्शियम का अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके अलावा हाई प्रोटीन फूड्स को पचने में लंबा समय लगता है और यह शरीर के तापमान को बढ़ा सकते हैं। इसलिए दिनभर में आप छाछ या दही का सेवन जरूर करें।
इसे भी पढें- फायदेमंद है आपके लिए गर्मी में पसीना आना, बॉडी डिटॉक्स करने के साथ बॉडी टेंपरेचर भी करता है बैलेंस
3. मौसमी फल और सब्जियां
गर्मियों में कई मौसमी फल और सब्जियां खाने को मिलती है और इसमें भरपूर मात्रा में पानी पाया जाता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखता है। आप खाने में ऑयली और तैलीय चीजों की जगह इन पानी से भरपूर फलों और सब्जियों का सेवन कर सकते हैं। इससे शरीर के बदबू को कम करने में मदद मिलती है। इसके लिए आप लौकी, भिंडी, खीरा, सलाद, संतरा, तरबूज, स्ट्रॉबेरीज और अनानास का सेवन जरूर करें। ये प्राकृतिक रूप से शरीर की दुर्गंध को कम करते हैं।
Image Credit- Freepik
4. ऑलिव ऑयल
ऑलिव ऑयल एंटीॉक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। जो आपके पाचन तंत्र को बढ़ावा देते हैं और शरीर के तापमान और पसीने के स्तर को नियंत्रित रखते हैं। इसे आप अपने खाने और सलाद की ड्रेसिंग में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा आप इसे शाम के स्नैक्स में चना फ्राई या सब्जियों को फ्राई करने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
5. हाई फाइबर फूड्स
प्रोसेड फूड्स को पचाना काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे भोजन को पचाने के लिए आपके शरीर को काफी मेहनत करनी पड़ती है। जिसकी वजह से शरीर का तापमान बढ़ जाता है और अधिक पसीने की समस्या होने लगती है। पसीने से बदबू आने का कारण भी अधिक वसा वाले खाद्य पदार्थ हो सकते हैं। इसके लिए आप भोजन में लो फैट फूड शामिल करें। आप खाने में फाइबर युक्त भोजन जैसे साबुत अनाज, सफेद ब्रेड, ओट्स और दलिया खा सकते हैं।
Image Credit- Freepik
6. जूस और स्मूदी
बहुत से लोगों को ऑफिस में या घर में खाली समय मिलने पर कुछ स्नैक्स खाने का मन करता है। ऐसे में बहुत से लोग कुछ चटपटी चीज या चाट खाना चाहते हैं। लेकिन शरीर की बदबू कम करने के लिए आपको अपने मिड डे टाइम या खाली समय में भी जूस या स्मूदी का सेवन करना चाहिए क्योंकि इससे आपका शरीर हाइड्रेट रहता है। इसके लिए आप नारियल पानी, स्मूदी, फलों और सब्जियों से बने जूस का सेवन कर सकते हैं।
Main Image Credit- Freepik