
दांत में तकलीफ होने पर असहनीय दर्द होता है। दांत में दर्द होने के कई कारण हो सकते हैं। अगर आपके दांत में सड़न या कैविटी है, तो दांत दर्द होता है। पायरिया, दांत में ढीली फिलिंंग या मुंह में अल्सर के कारण भी दांत में दर्द हो सकता है। अकल दाढ़ निकलने के कारण दर्द हो सकता है। दांत के आसपास चोट के कारण भी दर्द बढ़ जाता है। दांत में दर्द के दौरान कुछ भी खाने में परेशानी होती है। लेकिन कुछ ऐसे आहार हैं, जिन्हें खा लेने से आपकी तकलीफ दोगुनी हो सकती है। इस लेख में हम आपको बताएंगे ऐसे आहार जिनका सेवन आपको दांत दर्द के दौरान करने से बचना चाहिए। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने Holi Family Hospital, Delhi की डायटीशियन Sanah Gill से बात की।
दांत दर्द में क्या न खाएं?
दांत दर्द (toothache) के दौरान कुछ भी खाने के बाद कुल्ला और ब्रश करना न भूलें। अगर कैविटी के कारण दांत दर्द हो रहा है, तो कैविटी वाले दांत में खाना फंस सकता है और आपका दर्द बढ़ जाएगा इसलिए समय-समय पर दांतों की सफाई जरूरी है। अगर आपको दांत में दर्द महसूस हो रहा है, तो इन चीजों का सेवन करने से बचें-
1. मीठी चीजें- Sweets
आपको दांत दर्द के दौरान मीठी चीजों के सेवन से बचना चाहिए। मिठाई, टॉफी, चॉकलेट आदि का सेवन न करें। ऐसी कैंडीज जो दांतों से चिपकती हो, उनका सेवन भी न करें। रिफाइंड शुगर आपके दांतों का दर्द बढ़ा सकती है।
2. स्टार्च वाले फूड्स- Starchy Food
आपको ऐसी चीजों का सेवन करने से बचना है जिसमें स्टार्च होता है। ब्रेड और आलू में स्टार्च पाया जाता है। इनका सवन करने से बचें। दांत दर्द के दौरान ऐसी चीजों के कारण आपका दर्द बढ़ सकता है। मिर्च और ज्यादा नमक वाले आहार भी न खाएं।
3. सॉफ्ट ड्रिंक- Soft Drinks
दांत दर्द हो रहा है, तो सॉफ्ट ड्रिंक या कोल्ड ड्रिंक का सेवन करने से बचें। इनमें सोडा मौजूद होता है। सोडा में फॉस्फोरस एसिड और सिट्रिक एसिड मौजूद होता है जिससे दांतों की परत में तकलीफ बढ़ सकती है।
4. खट्टे फल- Citrus Fruits
दांत में दर्द हो रहा है, तो इस दौरान खट्टे फलों का सेवन न करें। संतरा, नींबू, आम, अंगूर, कीनू और मौसंबी आदि के सेवन से आपको बचना चाहिए।
5. कच्ची सब्जियां और मीट- Raw Vegetables & Meat
दांत में दर्द के दौरान आपको मीट या कच्ची सब्जियों का सेवन करने से भी बचना चाहिए। ऐसी चीजें खाने में सख्त होती हैं और चबाने में दांत को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
इसे भी पढ़ें- दांत दर्द दूर करने में मददगार है प्याज, जानें इस्तेमाल का तरीका
6. एल्कोहल- Alcohol
ऐसी चीजों का सेवन करने से बचें जिसे खाने से आपका मुंह ड्राई हो जाए। कुछ दवाएं ऐसी होती हैं जिनका सेवन करने से मुंह सूख जाता है। एल्कोहल का सेवन करने से भी मुंह सूख जाता है। मुंह सूखने का मतलब है मुंह में सलाइवा कम बनना। अगर सलाइवा कम बनेगा, तो खाना दांत से चिपकेगा और आपकी परेशानी बढ़ सकती है।
दांत दर्द में क्या खा सकते हैं?
- दांत में दर्द होने पर सूप (soup) का सेवन करें। इसे पीना आसान होगा और इसे चबाना नहीं पड़ेगा।
- छेना या पनीर (paneer) का सेवन कर सकते हैं। इसे खाने के लिए भी दांतों को ज्यादा जोर नहीं लगाना पड़ेगा।
- दांत में तकलीफ हो रही है, तो दलिया (dalia) का सेवन करें। दलिया खाने से पेट भरेगा और दर्द नहीं होगा।
दांत दर्द को लंबे समय तक नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। आपको समय रहते इलाज करवाना चाहिए। लेख पसंद आया हो, तो शेयर करना न भूलें।