
Food Combinations For Lowering Cholesterol: संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए कोलेस्ट्रॉल का स्तर सामान्य रहना बेहद जरूरी है। लेकिन आज के समय में गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण लोगों में हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या बढ़ रही है। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) की मात्रा बढ़ने के कारण नसों में फैट जमने लगता है। इसकी वजह से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है और व्यक्ति को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हाई कोलेस्ट्रॉल की वजह से स्ट्रोक, हार्ट अटैक, हार्ट फेलियर और दिल से जुड़ी अन्य बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने के लिए आपको खानपान और जीवनशैली का विशेष ध्यान रखना चाहिए। ऐसे कुछ फूड्स हैं, जो बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम कर सकते हैं। आज इस लेख में डाइट्रीफिट की डाइटिशन अबरना मैथ्यूवनन से जानेंगे कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए 5 फूड कॉम्बिनेशन्स -
कॉलेस्ट्रोल कम करने में मददगार हैं ये 5 फूड कॉम्बिनेशन - Food Combinations That Lower Cholesterol Levels In Hindi
लहसुन और प्याज
भारतीय घरों की रसोई में लहसुन और प्याज आपको बहुत आसानी से मिल जाएंगे। इन दोनों का इस्तेमाल दाल या सब्जी में तड़का लगाने के लिए किया जाता है। ये दोनों न सिर्फ खाने के स्वाद को बढ़ाते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं। क्या आप जानते हैं कि इनमें कोलेस्ट्रॉल कम करने वाले गुण होते हैं? लहसुन में एलिसिन होता है, जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है। वहीं, प्याज में क्वेरसेटिन होता है, जो एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के ऑक्सीडेशन को रोकने में मदद कर सकता है।
ग्रीन टी और नींबू
ग्रीन टी का सेवन संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो बैड (एलडीएल) कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करते हैं। वहीं, नींबू में फ्लेवोनॉयड्स होते हैं, जिनमें कोलेस्ट्रॉल कम करने वाले गुण होते हैं। इन दोनों का सेवन करने से न सिर्फ वजन घटाने में मदद मिलती है, बल्कि दिल का स्वास्थ्य भी बना रहता है। इन दोनों का कॉम्बिनेशन हृदय रोग के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।
इसे भी पढ़ें: कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल कर सकते है किचन में रखे ये 5 मसाले, डाइट में जरूर करें शामिल
बादाम और दही
बादाम में प्रोटीन और मोनोअनसैचुरेटेड फैट प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं। ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में प्रकाशित एक अध्ययन में पाया गया कि दही खाने से कुल कोलेस्ट्रॉल का स्तर 4 प्रतिशत तक कम हो सकता है। दही में प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो पाचन में सुधार और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। आप बादाम और दही को सुबह नाश्ते में या शाम को स्नैक्स के तौर पर खा सकते हैं।
दाल और ब्राउन राइस
भारतीय थाली में दाल और चावल का प्रमुख स्थान है। क्या आप जानते हैं कि इन दोनों का सेवन करने से हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या कम हो सकती है? जी हां, दाल में फाइबर और प्रोटीन प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो एलडीएल को कम करने में मदद करते हैं। ब्राउन राइस साबुत अनाज का एक बड़ा स्रोत है, जो हृदय रोग के जोखिम को 20 फीसदी तक कम करता है।
इसे भी पढ़ें: कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए खाएं ये फल, जानें क्यों हैं ये फायदेमंद
हल्दी और काली मिर्च
हल्दी औषधीय गुणों से भरपूर होती है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और कोलेस्ट्रॉल कम करने वाले गुण होते हैं। वहीं, काली मिर्च में पिपेरिन होता है, जो हल्दी में मौजूद करक्यूमिन के अवशोषण में मदद करता है। इन दोनों मसालों का कॉम्बिनेशन सेहत के लिए बहुत लाभकारी होता है। इन दोनों का सेवन करने से बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने और दिल को हेल्दी रखने में मदद मिल सकती है। आप चाहें तो इन्हें सूप, करी या ग्रेवी में डाल सकते हैं।