कब्ज होने पर इन 4 तरीकों से करें अंजीर का सेवन, आसानी से साफ होगा पेट

How To Eat Figs For Constipation: कब्ज की समस्या में अंजीर का सेवन बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। जानें कब्ज दूर करने के लिए अंजीर कैसे खाएं -

Priya Mishra
Written by: Priya MishraUpdated at: Feb 08, 2023 10:00 IST
कब्ज होने पर इन 4 तरीकों से करें अंजीर का सेवन, आसानी से साफ होगा पेट

3rd Edition of HealthCare Heroes Awards 2023

How To Eat Figs For Constipation In Hindi: कब्ज एक बेहद आम समस्या है, जिससे अकसर कई लोग परेशान रहते हैं। गलत खानपान और खराब जीवनशैली की वजह से अकसर लोगों को कब्ज की शिकायत हो जाती है। कब्ज होने पर पेट अच्छी तरह से साफ नहीं हो पाता है और सारा दिन पेट फूला हुआ महसूस होता है। कब्ज होने पर पेट में जलन, गैस, खट्टी डकार और मितली जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में भूख भी नहीं लगती है और कुछ भी खाने की इच्छा नहीं होती है। ऐसे में कब्ज से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के चूर्ण और दवाइयों का सेवन करना शुरू कर देते हैं। लेकिन सभी लोगों को इनसे आराम नहीं मिल पाता है। आप चाहें तो कब्ज से छुटकारा पाने के लिए अंजीर का सेवन कर सकते हैं। कब्ज की समस्या में अंजीर का सेवन रामबाण माना जाता है। अंजीर खाने से पाचन क्रिया बेहतर बनती है और पाचन तंत्र भी स्वस्थ रहता है। इससे पेट में गैस और अपच की समस्या भी ठीक होती है। अब सवाल यह उठता है कि कब्ज दूर करने के लिए अंजीर कैसे खाएं? या पेट साफ करने के लिए अंजीर कैसे खाएं? 

कब्ज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप अंजीर का सेवन कई तरीकों से कर सकते हैं। अंजीर में विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन के, जिंक, पोटेशियम, प्रोटीन, आयरन, कॉपर, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं हैं। अंजीर का सेवन करने से मल त्यागने में आसानी होती है और पेट खुलकर साफ होता है। तो आइए, जानते हैं कब्ज दूर करने के लिए अंजीर कैसे खाएं -

कब्ज दूर करने के लिए अंजीर कैसे खाएं - How To Eat Figs For Constipation In Hindi 

अंजीर को पानी में उबालकर पिएं 

अगर आपको कब्ज की शिकायत है, तो आप आप अंजीर को पानी में उबालकर सेवन कर सकते हैं। इससे आपका पाचन तंत्र मजबूत बनेगा और कब्ज से छुटकारा मिलेगा। इसके लिए आप एक बर्तन में एक कप पानी डालकर गर्म कर लें। इसमें 2-3 सूखे अंजीर डालकर उबाल लें। फिर इसे छान लें और इसका सेवन करें। इसके साथ ही, उबले हुए अंजीर को भी खा लें। अगर आप इसका सेवन सुबह खाली पेट करेंगे, तो आपको बहुत लाभ होगा। 

पानी में भिगोकर खाएं अंजीर 

अंजीर को पानी में भिगोकर खाने से कब्ज की समस्या को दूर किया जा सकता है। इसके लिए आप रात में 2-3 अंजीर को एक गिलास पानी में भिगोकर रख दें। अगली सुबह खाली पेट इनका सेवन करें। अंजीर में फाइबर होता है, जो मल को सॉफ्ट बनाता है और कब्ज को दूर करता है। इसे खाने से गैस, एसिडिटी और अपच की समस्या से भी राहत मिलती है।

Kabj-Ke-Liye-Anjeer

इसे भी पढ़ें: अंजीर और मुनक्का एक साथ खाने के 7 फायदे

दूध में उबालकर खाएं अंजीर 

अगर आप कब्ज की समस्या से परेशान हैं, तो आप अंजीर को दूध में उबालकर खा सकते हैं। अंजीर को दूध के साथ उबालकर खाने से सेहत को कई अद्भुत लाभ मिलते हैं। इसे खाने से पाचन तंत्र सही रहता है और पाचन संबंधी समस्याएं दूर होती हैं। इसके नियमित सेवन से कब्ज की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। इसके लिए आप एक गिलास दूध को गर्म करने के लिए रख दें। फिर इसमें 2-3 अंजीर डालें और करीब 5 मिनट तक उबलने दें। इसके बाद इसका सेवन करें। रोजाना रात में दूध के साथ अंजीर का सेवन करने से सुबह पेट आसानी से साफ होगा। 

ताजे अंजीर खाएं

कब्ज की समस्या में आप ताजे अंजीर का सेवन भी कर सकते हैं। इसमें विटामिन बी6, फाइबर और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो पाचन को अच्छा बनाए रखने में मदद करता है। ताजे अंजीर का सेवन करने से भोजन को आसानी से पचाया जा सकता है। यह कब्ज की समस्या से निपटने में काफी लाभकारी साबित हो सकता है। इसके लिए आप ब्रेकफास्ट या लंच के बाद ताजे अंजीर का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, इसका सेवन हमेशा सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। 

इसे भी पढ़ें: सूखे अंजीर या भीगे अंजीर, दोनों में से क्या है ज्यादा फायदेमंद?

कब्ज की समस्या दूर करने के लिए अंजीर का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। अगर आपको कब्ज की शिकायत है, तो आप इन तरीकों से अंजीर का सेवन कर सकते हैं। इससे आपको कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।

Disclaimer