
प्रेगनेंसी में महिलाओं का शरीर कई तरह के बदलावों से गुजरता है। प्रेगनेंसी के समय महिलाओं के बालों में बदलाव आना एक सामान्य लक्षण है। कई महिलाओं के मन में प्रश्न उठता है कि क्या प्रेगनेंसी के दौरान बालों की ग्रोथ तेज हो जाती है? इस सवाल का जवाब है, हां। कई लोगों ने ये महसूस भी किया है। दरअसल प्रेगनेंसी के दौरान शरीर में हार्मोंस में तेजी से बदलाब होता है, जिस वजह से बाल अधिक समय तक रेस्टिंग फेज में रहते हैं। इसी वजह से गर्भावस्था के दौरान बाल पहले से ज्यादा घने और मजबूत दिखने लगते हैं। प्रेगनेंसी के दौरान ऐसे कई कारक होते हैं, जो हेयर ग्रोथ पर असर डालते हैं। प्रेगनेंसी में बालों की ग्रोथ किस तरह प्रभावित करती है, आगे इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
प्रेगनेंसी के दौरान बालों में बदलाव कैसे आता है?
प्रेगनेंसी के दौरान महिलाओं का शरीर बहुत अधिक हार्मोनल बदलावों को अनुभव करता है। प्रेगनेंसी के समय महिलाओं में सबसे पहले ह्यूमन कोरियोनिक गोनाडोट्रोपिन (एचसीजी) के स्तर में बदलाव आता है। इसके अलावा अन्य हार्मोन जैसे एस्ट्रोजेन, ऑक्सीटोसिन और प्रोलैक्टिन भी प्रेगनेंसी के समय बढ़ने लगते हैं। हार्मोन के स्तर में होने वाले बदलावों का असर बालों पर भी पड़ता है। प्रेगनेंसी के समय ब्लड सर्कुलेशन बढ़ जाता है और इससे हेयर ग्रोथ में भी तेजी आ जाती है।
इसे भी पढ़ें : कर रही हैं मां बनने की प्लानिंग? डॉक्टर से जानें प्रेगनेंसी के पहले मन में उठने वाले सभी सवालों के जवाब
प्रेगनेंसी में बाल हो जाते हैं घने
बालों की एक नेचुरल ग्रोथ साइकिल होती है। स्कैल्प पर बाल 2 से 3 महीने में उगते हैं और फिर कुछ समय रेस्ट करने के बाद झड़ना शुरू हो जाते हैं। हालांकि, प्रेगनेंसी में ये साइकिल बदल जाती है। प्रेगनेंसी के 15वें सप्ताह के आसपास बाल घने होने शुरू हो जाते हैं। वास्तव में बाल घने नहीं होते हैं, बल्कि वे हेयर साइकिल के ग्रोइंग फेज में अधिक समय तक रहते हैं, इसलिए बाल घने दिखने लगते हैं। ऐसा एस्ट्रोजेन हार्मोन के बढ़ने के कारण होता है। लेकिन ऐसा सभी गर्भवती महिलाओं के साथ हो ये जरूरी नहीं है। प्रेगनेंसी के दौरान हेयर ग्रोथ को बूस्ट करने के लिए एक सप्ताह में दो से तीन बार गर्म तेल से मसाज करने की सलाह दी जाती है।
प्रेग्नेंसी में बालों का पतला होना
कुछ महिलाओं को प्रेग्नेंसी के दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन कम बनने की वजह से बाल गिरने का अनुभव हो सकता है। ऐसा माना जाता है कि एस्ट्रोजन में कमी प्रेगनेंसी के दौरान हार्मोनल बदलाव या गर्भ निरोधक दवा को बंद करने के कारण हो सकती है।
बच्चे के जन्म के बाद क्यों झड़ते हैं बाल
बच्चे के जन्म के बाद प्रेग्नेंट महिलाओं को अत्यधिक बाल झड़ने का अनुभव हो सकता है। ऐसा तब होता है जब उनमें एस्ट्रोजन का लेवल नॉर्मल हो जाता है, और ये अतिरिक्त बालों को ग्रोथ फेज से रेस्टिंग फेज में भेज देता है। बच्चे के जन्म के बाद के 3 से 4 महीने तक बाल अत्यधिक झड़ सकते है।
इसे भी पढ़ें : सर्दियों में ब्रेस्टफीडिंग कराने वाली महिलाओं को कैसी डाइट लेनी चाहिए, जानें किन चीजों को करें शामिल
हालांकि, गर्भावस्था के दौरान कुछ महिलाएं शरीर में अलग-अलग तरह के बदलाव अनुभव कर सकती हैं। उनमें बालों का बढ़ना भी शामिल है। लेकिन यह बदलाव कुछ समय के लिए होता है जो बच्चे की डिलीवरी के बाद वापस अपनी पहली वाली अवस्था में आ जाता है। लेकिन इसके अलावा भी कोई और बदलाव दिखता है तो एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लें।