
सर्दियों में हाथ पैरों में पुरानी चोट भी दर्द करने लगती है। वहीं जोड़ों व घुटनों में दर्द की समस्या भी इसी मौसम में उभरने लगी है। सर्दी की ठंडी हवाओं की वजह से लोगों के हाथ पैरों व जोड़ों में सूजन आने लगती है। इस परेशानी में लोगों को अपने रोजाना के काम करने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कई बार ये समस्या इतनी बढ़ जाती है कि मरीज को डॉक्टर को दिखाना पड़ता है। आज इस लेख में हम आपको जोड़ों में सूजन के कारण और उसके कुछ घरेलू उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं।
सर्दियों में जोड़ों के सूजन के कारण
आपको बता दें कि सर्दियों में जोड़ों में सूजन का मुख्य कारण गठिया यानी आर्थराइटिस होता है। इसके अलावा भी कई रोग ऐसे होते हैं जिनकी वजह से व्यक्ति के जोड़ों में सूजन आ जाती है। इनमें से कुछ रोगों को आगे बताया गया है।
रूमेटाइड आर्थराइटिस
इस समस्या में आपका शरीर खुद के हेल्दी टिशू व कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने लगता है। इस रोग में शरीर की रक्षा करने वाली मेम्बरेन यानी झिल्ली में क्षति होने लगती है। जिससे जोड़ों में सूजन की समस्या होने लगती है।
इसे भी पढ़ें : हड्डियों और जोड़ों के दर्द से राहत पाने के लिए अपनाएं ये 7 घरेलू उपाय
ओस्टियो आर्थराइटिस
अक्सर लोगों को गठिया का यही रोग होता है। ये गठिया का ही एक प्रकार होता है। जोड़ों के कार्टिलेज को नुकसान होने पर ये रोग बढ़ने लगता है। कार्टिलेज को नुकसान होने से हड्डियां आपस में रगड़ने लगती है, जिसकी वजह से जोड़ों में सूजन व दर्द होने लगता है।
सोरायटिक आर्थराइटिस
इस रोग में आपका इम्युन सिस्टम जोड़ों के स्वस्थ टिशू को नुकसान पहुंचाने लगता है। जिसकी वजह से जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या होने लगती है।
गाउट
इस रोग में व्यक्ति के शरीर को यूरिक एसिड बढ़ जाता है। जिसकी वजह से यूरिक एसिड के क्रिस्टल जोड़ों में बढ़ने लगते हैं और इस स्थिति में जोड़ो में सूजन होने लगती है।
जोड़ो में सूजन के उपाय
वजन को नियंत्रित करें
अकसर देखा जाता है कि अधिक वजन की वजह से लोगों को गठिया की समस्या होने लगती है। इसलिए यदि आप जोड़ों में सूजन को कम करना चाहते हैं तो वजन को नियंत्रित रखें।
एक्सरसाइज करें
जोड़ों में सूजन को कम करने के लिए आपको रोजाना एक्सरसाइज करनी चाहिए। इससे आपके हाथ पैर सक्रिय होते हैं। जोड़ों में लचिलापन बना रहता है। मांसपेशियां जोड़ों को पूरी तरह से सपोर्ट दे पाती हैं।
ठंडे व गर्म की सिकाई करें
इसमें आपको जोड़ों के सूजन वाले हिस्से पर कुछ देर के लिए ठंड़े तो कुछ देर के लिए गर्म पानी से सिकाई करनी चाहिए। इससे भी जोड़ों की सूजन में आराम आता है।
एक्यूपंक्चर कराएं
एक्यूपंक्चर थैरेपी के जरिये भी आप अपने जोड़ों की सूजन का इलाज कर सकते हैं। इससे जोड़ों की सूजन में तेजी से आराम मिलता है।
इसे भी पढ़ें : जोड़ों के दर्द का घरेलू उपाय : एक्सपर्ट से जानें 11 नुस्खे जिनसे जॉइंट पेन में मिलेगा जल्द आराम
स्वस्थ आहार लें
जोड़ों की सूजन में आपको अपनी डाइट पर पूरा ध्यान देना चाहिए। जोड़ों की सूजन को कम करने के लिए संतुलित आहार का सेवन करें। ऐसे आहार खाएं जो आपको पर्याप्त मात्रा में पोषण प्रदान करें।