Does Jujube Cause Weight Gain In Hindi: आज की तारीख में कई लोग अपने बढ़ते वजन को लेकर परेशान हैं। हालांकि, मोटापा अपने आप में कोई बीमारी नहीं है। लेकिन, मोटापे की वजह से कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं, जैसे डायबिटीज, थायराइड आदि। मोटापे से छुटकारा पाने के लिए लोग कभी एक्सरसाइज करते हैं, तो कभी हेल्दी डाइट फॉलो करते हैं और अनहेल्दी चीजों को डाइट से निकाल बाहर करते हैं। इसी क्रम में कुछ लोग बेर खाने से बचते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वाकई बेर खाने से वजन (kya ber khane se vajan badhta hai) बढ़ सकता है? इस बारे में हमने डाइट एन क्योर की डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी से बात की। आप भी जानें जवाब।
क्या बेर खाने से वजन बढ़ सकता है- Does Jujube Cause Weight Gain In Hindi
बेर एक हेल्दी और पोषक तत्वों से भरपूर फल है। वसंत पंचमी के आसपास इस फल का खूब सेवन किया जाता है। यह स्वादिष्ट भी है। हालांकि, इसका सेवन हमेशा कम मात्रा में किया जाता है। जहां तक सवाल उठता है कि क्या बेर खाने से वजन बढ़ सकता है, इस बारे में कहा जा सकता है, नहीं ऐसा नहीं होता है । बेर का वजन बढ़ने से कोई विशेष संबंध नहीं है। बेर में कैलोरी कम मात्रा में होती है और यह फाइबर का अच्छा स्रोत है। इस तरह देखा जाए, तो बेर खाने से लंबे समय तक भूख नहीं लगती है। ऐसे में यह वजन को मैनेज करने में मदद करता है। अगर कोई वजन कम करना चाहता है, तो बेर का सेवन कर सकता है। आपको बता दें कि वजन कम करने के लिए डाइट के साथ-साथ एक्सरसाइज भी करनी होती है। तभी आपको मनचाहा परिणाम मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए खाएं बेर, सेहत को भी मिलेंगे ये 5 फायदे
बेर खाने के फायदे- Benefits Of Jujube In Hindi
- बेर, फ्लेवोनोइड्स और फेनोलिक्स जैसे अलग-अलग एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है। बेर का सेवन करने से फ्री रेडिकल से होने वाले नुकसान को रोका जा सकता है।
- जैसा कि हमने पहले ही बताया है कि बेर में फाइबर होता है। फाइबर पाचन क्षमता में सुधार करता है और मल त्याग करेन की प्रक्रिया को सहज बनाता है। अगर किसी को कब्ज या पाचन संबंधी समस्या रहती है, तो उन्हें बेर का सेवन करना चाहिए।
- बेर का सेवन करने से इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है। असल में, बेर विटामिन-सी का अच्छा स्रोत है। इन दिनों ज्यादातर लोगों को मौसमी बीमारियां जैसे सर्दी-जुकाम हो जाते हैं। वहीं, अगर आप नियमित रूप से बेर खाते हैं, तो इस तरह की स्वास्थ्य समस्याओं और संक्रमण से बचा सकता है।
- बेर का सेवन करने से नींद में भी सुधार हो सकता है। इसमें कई ऐसे तत्व होते हैं, जो न्यूरोट्रांसमीटर को बढ़ावा देते हैं। नींद की क्वालिटी में सुधार के लिए बेर का पारंपरिक रूप से चीनी चिकित्सा में उपयोग किया जाता रहा है।
कुल मिलाकर कह सकते हैं कि बेर का सेवन करने से सेहत को फायदे मिलते हैं। इसके बावजूद, अगर आप अधिक मात्रा में इसका सेवन करते हैं, तो इससे सेहत को नुकसान हो सकता है। इसलिए, कोशिश करें कि इसका सीमित मात्रा में ही सेवन करें। इसके अलावा, अगर आपको एलर्जी है, तो इसके सेवन से बचें। अंत में आपको बता दें कि बेर से बनी कैंडी या स्नैक्स में कैलोरी और शुगर मिक्स किया जाता है। ऐसी चीजों का सेवन करने से वजन बढ़ सकता है।
Image Credit: Freepik