Common Mistakes That Cause Pressure On Liver During Winters In Hindi: सर्दियों के मौसम में ज्यादातर व्यक्ति शारीरिक गतिविधियां कम कर देते हैं। दरअसल, इस मौसम में ठंड से बचने के लिए लोगों को बिस्तर में बैठे रहना ज्यादा पसंद होता है। लेकिन, उनके खाने की आदतों में कोई बदलाव नहीं होता है। सर्दियों के मौसम में गर्मागरम सूप, पकौड़े और अन्य तली भूनी चीजों को खाने का मन करता है। ऐसी ही कुछ खराब आदतें आपके लिवर पर दबाव डाल सकती हैं। लिवर पर दबाव पड़ने की वजह से पाचन क्रिया बाधित हो सकती है, जो पेट से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकती हैं। ऐसे में सर्दियों के मौसम के आपको लिवर की हेल्थ पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए। इस लेख में नारायणा अस्पताल के इंटरनल मेडिसिन सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर गौरव जैन से जानते हैं कि सर्दियों में कौन सी आदतें आपके लिवर के कार्यों को प्रभावित कर सकती हैं।
सर्दियों में इन गलतियों की वजह से लिवर पर पड़ता है दवाब
सर्दियों के मौसम में पानी कम पीना
सर्दियों में लोगों को पानी की कम प्यास लगती है। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं होता कि आपको निर्धारित मात्रा से कम पानी पीना चाहिए। पानी कम पीने की वजह से आपको कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसकी वजह से लिवर पर भी दबाव पड़ सकता है। साथ ही, शरीर से विषाक्त बाहर नहीं निकल पाते हैं। यह अन्य रोगों की वजह बन सकता है।
टॉप स्टोरीज़
ज्यादा तला भूना आहार खाना
सर्दियों के मौसम में ठंड से बचने के लिए ज्यादातर लोग गरमागरम खाना पंसद करते हैं। गरमा गरम खाने से किसी तरह की परेशानी नहीं होती है, लेकिन जब आप ज्यादा तैलीय आहार जैसे पैकोड़े, समोसे, परांठे आदि खाते हैं तो इससे लिवर पर दबाव पड़ता है और वह थक जाता है। इससे पाचन क्रिया बाधित होती है और शरीर में फैट बढ़ने लगता है।
एक्सरसाइज न करना
इस मौसम में ठंड से बचने के लिए लोग सबसे पहले अपनी एक्सरसाइज के रूटीन को स्किप कर देते हैं। इससे शारीरिक क्रियाओं में कमी आती है। जिससे लिवर और शरीर के अन्य अंगों की कार्य क्षमता पर भी प्रभाव पड़ता है। यह आदत आपको आलसी बनाती है और इसका असर भी लिवर पर देखने को मिलता है।
शराब का सेवन
ठंड के मौसम में कई लोग शरीर को गर्म रखने के लिए शराब का सेवन बढ़ा देते हैं। शराब सीधे लिवर प्रभावित करती है और इसे विषाक्त पदार्थों को निकालने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है। लंबे समय तक ऐसा करना फैटी लिवर (Fatty Liver) और लिवर सिरोसिस (Liver cirrhosis) का कारण बन सकता है।
अधिक मात्रा में चीनी का सेवन करना
सर्दियों में मिठाइयों और गाजर का हलवा, लड्डू, पेस्ट्री जैसी चीजों को खाने का मन करता है। साथ ही, इस मौसम में घर पर भी कई तरह के लड्डू बनते हैं। शारीरिक गतिविधियों में आई कमी और शुगर का सेवन फैट को बढ़ाने का काम करता है। इसकी वजह से फैटी लिवर की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: लिवर से जुड़ी बीमारियां क्यों होती हैं? डॉक्टर से जानें इनके बचाव के उपाय
Common Mistakes That Cause Pressure On Liver During Winters In Hindi : लिवर को हेल्दी बनाने के लिए आप एक साथ ज्यादा खाने से बचें। साथ ही, नियमित रूप से योग और एक्सरसाइज करें। इसके अलावा, डाइट में हल्के और आसानी से पचने वाले आहार का सेवन करें। पर्याप्त मात्रा में गुनगुना पानी पीते रहें, इससे लिवर पर दबाव कम होता है। साथ ही, अगर पाचन से जुड़ी समस्या के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।