Fri Sep 11, 2026 | 06:54 PM IST

Medically Reviewed by Dr Bharath Kumar Surisetti , Consultant Neurologist | MD, DM (Neurology), PDF Movement Disorders (NIMHANS)

कोमा और ब्रेन डेथ में क्या अंतर है? डॉक्टर से जानें

कोमा में दिमाग की कुछ एक्टिविटी बनी रहती है और रिकवरी संभव है, जबकि ब्रेन डेथ में दिमाग पूरी तरह बंद हो जाता है और इसे कानूनी मृत्यु माना जाता है।

आज के समय में न्यूरोलॉजिकल बीमारियों को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है, लेकिन फिर भी कुछ गंभीर स्थितियों को लेकर काफी भ्रम बना हुआ है। खासकर कोमा और ब्रेन डेथ को लोग अक्सर एक ही समझ लेते हैं, जबकि दोनों में बहुत बड़ा अंतर होता है। यशोदा हॉस्पिटल हैदराबाद के कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. भरत कुमार सुरिसेट्टी के अनुसार, इन दोनों स्थितियों को सही तरीके से समझना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह मरीज के इलाज, रिकवरी और जीवन-मृत्यु से जुड़े फैसलों को प्रभावित करता है। कोमा और ब्रेन डेथ दोनों ही ऐसी स्थितियां हैं, जिनमें मरीज बाहरी दुनिया के प्रति प्रतिक्रिया नहीं देता लेकिन इसके बावजूद, इनके पीछे शरीर के अंदर क्या चल रहा होता है, यही सबसे बड़ा अंतर बनाता है।

कोमा और ब्रेन डेथ में क्या अंतर है?

डॉ. भरत कुमार सुरिसेट्टी के अनुसार, इन दोनों स्थितियों को सही तरीके से समझना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे इलाज, रिकवरी और जीवन से जुड़े अहम फैसलों पर असर पड़ता है। कई बार मरीज वेंटिलेटर या अन्य लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर होता है, जिससे परिवार को लगता है कि दोनों स्थितियां एक जैसी हैं लेकिन मेडिकल दृष्टिकोण से यह समझना जरूरी है कि कोमा में जीवन की संभावना बनी रहती है, जबकि ब्रेन डेथ में यह पूरी तरह समाप्त हो जाती है।

1. कोमा क्या होता है और यह कैसे होता है?

डॉ. भरत कुमार सुरिसेट्टी बताते हैं कि कोमा एक गहरी बेहोशी की अवस्था है, जिसमें व्यक्ति न तो जागता है और न ही सामान्य रूप से रिएक्शन देता है। हालांकि, इस दौरान व्यक्ति जीवित होता है और उसके दिमाग में कुछ लेवल तक एक्टिविटी बनी रहती है। कोमा कई कारणों से हो सकता है। सबसे आम कारणों में सिर की गंभीर चोट (Head Injury), स्ट्रोक, मस्तिष्क में इंफेक्शन, ड्रग ओवरडोज, या लंबे समय तक दिमाग को ऑक्सीजन न मिलना शामिल हैं। इन स्थितियों में दिमाग का कामकाज प्रभावित होता है, जिससे व्यक्ति कोमा में चला जाता है।

कोमा में मरीज का दिल धड़कता रहता है और कई बार वह खुद से सांस भी ले सकता है। कुछ मामलों में हल्के सपोर्ट की जरूरत होती है, लेकिन पूरी तरह मशीन पर निर्भरता जरूरी नहीं होती। इस स्थिति में मरीज कुछ रिफ्लेक्स दिखा सकता है, जैसे दर्द पर हल्का रिएक्शन या आंखों की मूवमेंट। यही संकेत बताते हैं कि दिमाग पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।

इसे भी पढ़ें: क्या घंटों हेडफोन लगाना दिमाग पर असर डाल सकता है? न्यूरोलॉजिस्ट से जानें

ब्रेन डेथ क्या होती है और क्यों होती है?

डॉ. भरत कुमार सुरिसेट्टी बताते हैं कि ब्रेन डेथ एक ऐसी स्थिति है जिसमें दिमाग की सभी एक्टिविटीज पूरी तरह और हमेशा के लिए बंद हो जाती हैं। इसमें ब्रेनस्टेम भी शामिल होता है, जो सांस लेने, दिल की धड़कन और रिफ्लेक्स जैसी जरूरी क्रियाओं को कंट्रोल करता है। ब्रेन डेथ आमतौर पर गंभीर ब्रेन इंजरी, बड़े स्ट्रोक, दिमाग में खून बहने (Brain Hemorrhage), या लंबे समय तक ऑक्सीजन की कमी के कारण होती है। इस स्थिति में मरीज किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं देता। पुतलियां रोशनी पर रिएक्शन नहीं देतीं, दर्द का कोई असर नहीं होता और व्यक्ति खुद से सांस नहीं ले सकता। मरीज को वेंटिलेटर पर रखा जाता है, लेकिन यह केवल शरीर के कुछ अंगों को अस्थायी रूप से काम करने में मदद करता है। दिमाग की एक्टिविटी पूरी तरह खत्म हो चुकी होती है।

ब्रेन डेथ की पहचान कैसे की जाती है?

ब्रेन डेथ का डायग्नोसिस बहुत कठिन मेडिकल प्रक्रिया के तहत किया जाता है। इसमें डॉक्टर कई तरह के टेस्ट करते हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दिमाग की कोई एक्टिविटी बाकी नहीं है। इसमें पुतलियों का रिएक्शन, दर्द पर रिएक्शन, गले और आंखों के रिफ्लेक्स की जांच की जाती है। इसके अलावा एक खास टेस्ट किया जाता है, जिससे यह पता चलता है कि मरीज खुद से सांस ले सकता है या नहीं।

साल 2009 में Indian Journal of Critical Care Medicine में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, ब्रेन डेथ एक ऐसी स्थिति है जिसे पूरी तरह और अंतिम रूप से मृत्यु माना जाता है, इसलिए इसकी सही और समय पर पहचान बेहद जरूरी होती है। आज के समय में वेंटिलेटर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के कारण शरीर के कुछ कार्य कृत्रिम रूप से चलते रह सकते हैं, जिससे भ्रम पैदा हो सकता है लेकिन जब दिमाग पूरी तरह काम करना बंद कर देता है, तो व्यक्ति को जीवित नहीं माना जाता। इसलिए डॉक्टरों के लिए जरूरी है कि वे तय प्रक्रिया और सभी जरूरी जांचों के आधार पर ब्रेन डेथ की पुष्टि करें। इसमें सही कारण पहचानना, अन्य स्थितियों को बाहर करना, न्यूरोलॉजिकल जांच और ब्रेनस्टेम रिफ्लेक्स की जांच शामिल होती है।

brain death vs coma

इसे भी पढ़ें: ओमेगा vs मैग्नीशियम: ब्रेन हेल्‍थ के ल‍िए क्‍या है बेस्‍ट? जानें र‍िसर्च और एक्‍सपर्ट की राय

कोमा और ब्रेन डेथ में मुख्य अंतर

शरीर पर असर

Coma

Brain Death

दिमाग की एक्टिविटी

कम होती है, लेकिन मौजूद रहती है

पूरी तरह खत्म हो जाती है

सांस लेने की क्षमता

मरीज खुद या थोड़ी मदद से सांस ले सकता है

मरीज खुद सांस नहीं ले सकता, वेंटिलेटर जरूरी

रिफ्लेक्स (Reflexes)

कुछ रिफ्लेक्स मौजूद रहते हैं

सभी रिफ्लेक्स खत्म हो जाते हैं

होश की स्थिति

गहरी बेहोशी, लेकिन जीवन मौजूद

पूरी तरह से ब्रेन फंक्शन बंद

रिकवरी की संभावना

संभव है, मरीज ठीक हो सकता है

बिल्कुल संभव नहीं

मेडिकल स्थिति

गंभीर लेकिन रिवर्सिबल हो सकती है

स्थायी और अपरिवर्तनीय स्थिति

कानूनी स्थिति

व्यक्ति जीवित माना जाता है

व्यक्ति को मृत घोषित किया जाता है

इलाज और देखभाल में क्या अंतर होता है?

कोमा और ब्रेन डेथ के बीच इलाज और देखभाल के तरीके पूरी तरह अलग होते हैं, क्योंकि दोनों स्थितियों की प्रकृति ही अलग है।

कोमा के मरीजों में इलाज का मुख्य उद्देश्य दिमाग को रिकवर करना और शरीर के जरूरी फंक्शन्स को सपोर्ट देना होता है। ऐसे मरीजों को ICU में रखा जाता है, जहां उनकी लगातार निगरानी की जाती है। उन्हें दवाइयां दी जाती हैं, ताकि दिमाग की सूजन कम हो, ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहे और ऑक्सीजन की सप्लाई सही बनी रहे। इसके अलावा न्यूट्रिशन सपोर्ट, फिजियोथेरेपी और कभी-कभी रिहैबिलिटेशन की भी जरूरत पड़ती है। डॉक्टर इस दौरान मरीज की स्थिति के अनुसार इलाज में बदलाव करते रहते हैं, क्योंकि कोमा में सुधार की संभावना बनी रहती है।

साल 2023 में NCBI Bookshelf में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, कोमा का इलाज किसी एक दवा से नहीं होता, बल्कि इसका पूरा ध्यान उस कारण पर दिया जाता है जिसकी वजह से व्यक्ति कोमा में गया है। सबसे पहले डॉक्टर यह सुनिश्चित करते हैं कि मरीज की सांस, ब्लड प्रेशर और दिमाग तक खून की सप्लाई सही बनी रहे। जरूरत पड़ने पर ग्लूकोज, ऑक्सीजन या अन्य जरूरी दवाएं दी जाती हैं। अगर नशे या दवाओं का असर कारण है, तो उसका इलाज अलग तरीके से किया जाता है। वहीं कुपोषण या शराब की लत वाले मरीजों में थायमिन देना भी जरूरी हो सकता है। इलाज के दौरान दिमाग पर दबाव (इंट्राक्रेनियल प्रेशर) को कंट्रोल करना और ICU में लगातार निगरानी रखना बेहद जरूरी होता है। सही समय पर जांच और उचित देखभाल से कई मामलों में मरीज की स्थिति में सुधार लाया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: क्या बार-बार होने वाला सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर का संकेत है? जानें कब डॉक्टर को दिखाना है जरूरी

वहीं, ब्रेन डेथ के मामलों में इलाज संभव नहीं होता, क्योंकि यह एक स्थायी और अपरिवर्तनीय स्थिति है। इस स्थिति में दिमाग पूरी तरह काम करना बंद कर देता है, इसलिए मरीज के ठीक होने की कोई संभावना नहीं होती। मरीज को वेंटिलेटर पर रखा जाता है, लेकिन इसका उद्देश्य केवल कुछ समय तक शरीर के अंगों को एक्टिव बनाए रखना होता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर और परिवार के बीच बातचीत बहुत जरूरी होती है। आगे के फैसलों में लाइफ सपोर्ट को जारी रखना या हटाना और अंगदान (organ donation) जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं।

भारत में ब्रेन डेथ कानूनी रूप से कैसे तय किया जाता है?

भारत में ब्रेन डेथ कानूनी रूप से तय करने के लिए सख्त प्रक्रिया होती है। इसे मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम के तहत मान्यता दी गई है। डॉक्टरों की टीम जिसमें एक न्यूरोलॉजिस्ट/न्यूरोसर्जन शामिल होता है, मरीज की जांच करती है। वे यह देखते हैं कि मस्तिष्क पूरी तरह काम करना बंद कर चुका है या नहीं। दो बार अलग-अलग समय पर परीक्षण किए जाते हैं, जैसे पुतलियों का रिएक्शन और सांस लेने की क्षमता। अगर सभी परीक्षणों में कोई एक्टिविटी नहीं मिलती, तो मरीज को ब्रेन डेड घोषित किया जाता है। 

डॉक्टर से कब मिलें?

कोमा और ब्रेन डेथ जैसी गंभीर स्थितियों में समय पर डॉक्टर से संपर्क करना जीवन बचाने के लिए बेहद जरूरी होता है। अगर किसी व्यक्ति को अचानक बेहोशी आ जाए और वह लंबे समय तक होश में न आए, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह कोमा का संकेत हो सकता है। इसके अलावा सिर पर गंभीर चोट लगना, एक्सीडेंट होना, स्ट्रोक के लक्षण या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए। अगर मरीज किसी भी तरह का रिएक्शन नहीं दे रहा है, आंखें नहीं खोल रहा, आवाज या दर्द पर कोई जवाब नहीं दे रहा, तो यह एक इमरजेंसी स्थिति हो सकती है। ऐसे में तुरंत ICU सुविधा वाले अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी होता है।

कुल मिलाकर, किसी भी तरह की अचानक बेहोशी, न्यूरोलॉजिकल लक्षण या गंभीर चोट के बाद तुरंत डॉक्टर से मिलना जरूरी है, क्योंकि जल्दी इलाज से जान बचाई जा सकती है।

निष्कर्ष

आसान भाषा में समझें तो कोमा और ब्रेन डेथ दोनों ही गंभीर स्थितियां हैं, लेकिन इनका मतलब और रिजल्ट बिल्कुल अलग होते हैं। कोमा एक ऐसी अवस्था है जिसमें व्यक्ति बेहोश होता है, लेकिन उसके दिमाग में कुछ एक्टिविटी बनी रहती है और सही इलाज मिलने पर वह ठीक भी हो सकता है। वहीं ब्रेन डेथ एक ऐसी स्थिति है जिसमें दिमाग पूरी तरह और हमेशा के लिए काम करना बंद कर देता है और इसे कानूनी रूप से मृत्यु माना जाता है। इसलिए जरूरी है कि लोग इन दोनों स्थितियों के बारे में सही जानकारी रखें। समय पर पहचान, सही इलाज और डॉक्टर की सलाह से स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है।

FAQ

  • क्या कोमा से मरीज ठीक हो सकता है?

    सही इलाज और समय पर देखभाल से कोमा से मरीज ठीक हो सकता है।
  • ब्रेन डेथ के बाद क्या मरीज वापस जीवित हो सकता है?

    नहीं, ब्रेन डेथ एक स्थायी स्थिति है और इसमें वापसी संभव नहीं होती।
  • कोमा कितने दिनों तक रह सकता है?

    यह कारण और गंभीरता पर निर्भर करता है, कुछ दिनों से लेकर महीनों और सालों तक हो सकता है।
  • क्या ब्रेन डेथ के बाद अंगदान संभव है?

    हां, ब्रेन डेथ के मामलों में अंगदान किया जा सकता है।
  • क्या वेंटिलेटर पर होना ब्रेन डेथ का संकेत है?

    नहीं, वेंटिलेटर पर मरीज कोमा में भी हो सकता है, यह ब्रेन डेथ का निश्चित संकेत नहीं है।

Read Next

ब्लैकहेड्स क्या हैं? जानें कारण, लक्षण, मेडिकल इलाज और घरेलू उपाय

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Akanksha Tiwari

Senior Sub Editor

आकांक्षा तिवारी हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 6 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और फिलहाल जागरण न्यू मीडिया (Onlymyhealth) में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। आकांक्षा को स्वास्थ्य, पोषण और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखने का अच्छा अनुभव है। वे पत्रकारिता और जनसंचार में पोस्ट ग्रैजुएट हैं। रिसर्च, SEO और फैक्ट-चेकिंग में उनकी खास पकड़ है और वे हमेशा प्रमाणिक और भरोसेमंद जानकारी देने की कोशिश करती हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Apr 26, 2026 10:52 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Apr 26, 2026 10:52 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Apr 26, 2026 10:52 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Bharath Kumar Surisetti

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content