Doctor Verified

क्या एनीमिया के कारण हेयर लॉस की समस्या हो सकती है? डॉक्टर से जानें

खानपान की गलत आदतें शरीर में पोषण तत्व की कमी कर सकते हैं। इसमें एनीमिया होना भी आम समस्या मानी जाती है। इस लेख में जानते हैं कि क्या एनीमिया के कारण हेयर लॉस की समस्या हो सकती है?
  • SHARE
  • FOLLOW
क्या एनीमिया के कारण हेयर लॉस की समस्या हो सकती है? डॉक्टर से जानें


बालों का झड़ना आज एक आम समस्या बन चुकी है, ज्यादातर लोगों में इस तरह की परेशानी देखने को मिल रही है। जहां बालों की देखभाल के लिए महंगे शैंपू, तेल और ट्रीटमेंट्स पर ध्यान दिया जाता है, वहीं अक्सर इस समस्या की असली जड़ यानी शरीर में पोषक तत्वों की कमी को अनदेखा कर दिया जाता है। एनीमिया (Anemia) इन्हीं पोषक तत्वों की कमी में से एक है। एनीमिया न केवल आपकी एनर्जी और प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करता है, बल्कि यह आपके बालों की सेहत पर भी गहरा असर डाल सकता है। इस लेख में श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजी डॉ विजय सिंघल से जानते हैं कि एनीमिया क्या है, यह बालों को कैसे नुकसान पहुंचाता है, और इससे कैसे बचा जाए?

क्या एनीमिया के कारण बाल झड़ने की समस्या हो सकती है? - Can Anemia Causes Hair Loss In Hindi

एनीमिया एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर में हीमोग्लोबिन या रेड ब्लड सेल्स (RBCs) की कमी हो जाती है। हीमोग्लोबिन एक प्रकार का प्रोटीन होता है जो शरीर में ऑक्सीजन को ले जाने का काम करता है। जब शरीर में यह पर्याप्त मात्रा में नहीं होता, तो अंगों और टिशूज को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती, जिससे थकान, कमजोरी, चक्कर और सांस फूलने जैसे लक्षण सामने आते हैं। 45 साल तक की महिलाओं में अक्सर खून की कमी देखने को मिलती है। बालों की ग्रोथ के लिए आवश्यक है कि उनके फॉलिकल्स (hair follicles) तक पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन और पोषण पहुंचे। लेकिन, एनीमिया की स्थिति में खून में हीमोग्लोबिन की कमी के कारण यह सप्लाई बाधित हो जाती है। इससे बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और वे झड़ने लगते हैं।

can-anemia-cause-severe-hair-loss-in

विशेष रूप से आयरन की कमी से होने वाला एनीमिया (Iron Deficiency Anemia) बाल झड़ने का मुख्य कारण बन सकता है। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनने के लिए जरूरी होता है। यदि शरीर में आयरन की कमी होती है, तो न केवल थकान महसूस होती है बल्कि बालों का झड़ना भी शुरू हो सकता है।

एनीमिया की वजह से बाल झड़ने के लक्षण - Symptoms of hair loss due to anemia in hindi

  • बालों का सामान्य से अधिक झड़ना
  • बालों की क्वालिटी में गिरावट (रूखे, बेजान और पतले बाल)
  • सिर की त्वचा दिखाई देने लगना
  • बालों का धीरे-धीरे ग्रोथ करना या बिल्कुल न बढ़ना

एनीमिया और बाल झड़ने से कैसे बचाव करें? - Prevention Tips Of Hair Loss Due To Anemia In Hindi

  • अपने खाने में आयरन युक्त आहार जैसे पालक, मेथी, चुकंदर, अनार, गुड़, किशमिश, दालें, सोया प्रोटीन, और हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करें।
  • डॉक्टर की सलाह से आयरन की सप्लीमेंट्स या सिरप ले सकते हैं। ध्यान रहे, इनका सेवन बिना सलाह के न करें।
  • विटामिन C शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाता है। संतरा, नींबू, आंवला, टमाटर आदि को नियमित रूप से खाएं।
  • विटामिन B12 और फोलिक एसिड भी रेड ब्लड सेल्स बनाने में सहायक होते हैं। अंडा, दूध, मांसाहारी भोजन, या सप्लीमेंट्स से इनकी पूर्ति करें।
  • अत्यधिक तनाव भी बाल झड़ने का कारण बन सकता है। योग, ध्यान और पर्याप्त नींद बालों के स्वास्थ्य में मददगार हो सकते हैं।
  • हल्के शैम्पू का उपयोग करें, केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स से बचें, और बालों को अधिक बार धोने से भी बचें।

इसे भी पढ़ें: एनीमिया से राहत पाने के लिए खाएं ये फूड्स, बढ़ेगा हीमोग्लोबिन

यदि आपको लंबे समय से बाल झड़ने की समस्या हो रही है, तो यह केवल बाहरी कारणों की वजह से नहीं हो सकता। एनीमिया भी एक बड़ा कारण हो सकता है, जिसे नजरअंदाज करना बालों के परमानेंट डैमेज का कारण बन सकता है। सही समय पर जांच और इलाज से न सिर्फ आपके बालों की सेहत सुधर सकती है, बल्कि आपकी समग्र स्वास्थ्य भी बेहतर हो सकती है।

Read Next

बीमारी के कारण भी टूट जाता है लोगों का दिल, जानिए क्या है ब्रोकन हार्ट सिंड्रोम और इसके लक्षण

Disclaimer