इन 4 कारणों से चटक सकती हैं आपकी हड्डियां, जानें ये किन समस्याओं का है संकेत

हड्डियों में चटकने की आवाज कई कारणों से आ सकती है। आइए जानते हैं इसके कारण और कम करने के उपाय  
  • SHARE
  • FOLLOW
इन 4 कारणों से चटक सकती हैं आपकी हड्डियां, जानें ये किन समस्याओं का है संकेत

Bone Cracking Causes : अचानक से हड्डियों में आवाज आती है, तो हम में कई लोग घबरा जाते हैं। लेकिन कई मामलों में हड्डियों का चटकना या फिर आवाज आना घबराने वाली बात नहीं होती है। कई बार सामान्य कारणों से हड्डियों से आवाज आ सकती है। हालांकि, कुछ गंभीर कारणों से भी हड्डियों से चटकने की आवाज (Bone cracking sound cause) आ सकती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि बढ़ती उम्र और शरीर को लंबे समय तक स्थिर रखने के कारण भी हड्डियां चटक सकती हैं। वहीं, कई अन्य सामान्य और गंभीर कारण हैं, जिसकी वजह से हड्डियां चटक सकती हैं। आज हम आपको इस लेख में कुछ ऐसे कारणों (bone cracking) के बारे में बताएंगे, जिससे हड्डियां चटक सकती हैं। 

हड्डियां चटकने के कारण (Bone cracking sound cause)

1. नाइट्रोजन बुलबुले - जोड़ों मेें नाइट्रोजन बुलबुले की वजह से आपकी हड्डियों से चटकने जैसी आवाज आती है। दरअसल, सायनोवियल फ्लूड (synovial fluid) जोड़ों को चिकनाई देता है। यह फ्लूड ऑक्सीजन, कार्बन डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन से बना होता है। कभी-कभी जब ज्वाइंट्स हिलते हैं, तो यह गैस निकलती हैं। जिसकी वजह से चटकने की आवाज आती है। 

इसे भी पढ़ें - पीठ को मजबूत बनाने के ल‍िए करें ये 3 आसान एक्‍सरसाइज, रीढ़ की हड्डियां भी होंगी मजबूत

2. चोट लगना - अगर आपको हाल ही में किसी तरह की चोट लगी है? क्या आपकी हड्डियों में मोच लगी है? या फिर किसी तरह की पुरानी चोट है? अगर इस तरह की कोई घटना आपके साथ हुई है, तो आपकी हड्डियां चटक सकती हैं। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की आवश्यकता होती है। 

3. अर्थराइटिस - अर्थराइटिस से प्रभावित व्यक्तियों की हड्डियों से भी चटकने की आवाज आती है। खासतौर पर यह परेशानी घुटनों और कोहनियों में होता है। 

4. बढ़ती उम्र - बढ़ती उम्रे कारण आपकी हड्डियां चटख सकती हैं। दअरअसल, उम्र के साथ हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। ऐसे में हड्डियों का चटकना सामान्य है। 

हड्डियां चटकने से कैसे करें बचाव?

नियमित रूप से एक्सरसाइज करें - अगर आपकी हड्डियां काफी ज्यादा चटकती हैं, तो इस स्थिति में नियमित रूप से एक्सरसाइज करें। शरीर को लंबे समय तक स्थित रखने के कारण हड्डियां चटक सकती हैं। इसलिए काम के दौरान हल्का-फुल्का स्ट्रेचिंग करें।

स्ट्रेस से दूर रहें - कई लोगों को स्ट्रेस में हड्डियां चटकाने की आदत रहती है। ऐसे में आपकी हड्डियां काफी कमजोर हो सकती हैं। वहीं सायनोवियल फ्लूड (synovial fluid) भी कम हो सकता है। इसलिए कोशिश करें कि अपने स्ट्रेस को कंट्रोल करके रखें। वहीं, अगर आपको हड्डियां चटकाने की आदत है, तो अपने मन को शांत रखें। बार-बार हड्डियां चटकाने से आपकी हड्डियां काफी कमजोर हो सकती हैं। 

फिजीकल एक्टिविटी पर ध्यान दें - अगर आपकी हड्डियां काफी ज्यादा चटख रही हैं, तो इसका मतलब है कि आपकी फिजीकल एक्टिविटी काफी कम है। ऐसे में कोशिश करें कि काम के दौरान अपनी सीट से उठकर यहां-वहां टहलें। शरीर के सभी अंगों को हिलाएं-डुलाएं। इससे आपको काफी आराम मिल सकता है। 

अर्थराइटिस का इलाज - अर्थराइटिस की परेशानी होने पर भी हड्डियां चटक सकती हैं। ऐसे में अपना समय पर इलाज कराएं। ताकि हड्डियों को कमजोर होने से बचाया जा सके।

डाइट में लें भरपूर पोषण तत्व - शरीर में कैल्शियम और अन्य पोषक तत्वों की कमी के कारण हड्डियों में परेशानी हो सकती है। इसलिए कोशिश करें कि अपने आहार में कैल्शियम से भरपूर आहार को शामिल करें। 

इसे भी पढ़ें - हड्डियों को कमजोर करने वाली बीमारी है ऑस्टियोजेनेसिस, जानें इसके लक्षण, प्रकार और इलाज

हड्डियां कई कारणों से चटक सकती हैं। अगर आपको बिना वजह इस तरह की परेशानी हो रही है, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें। वहीं, बार-बार हड्डियों को चटकाने से बचें। इससे आपकी परेशानी बढ़ सकती है।

 

 

 

 

 

 

Read Next

थकान, कमजोरी और चक्कर आने के पीछे हो सकते हैं ये 10 कारण, न करें नजरअंदाज

Disclaimer