सैर करने के फायदों के बारे में तो हम अकसर सुनते ही हैं। जैसे रोजाना सैर पर जाने या रनिंग करने से दिल की क्षमता बढ़ती है। इससे शरीर में एंडोर्फिन नामक हार्मोन बनता है, जिसे खुश रखने वाला हॉर्मोन कहा जाता है। इसके अलावा नियमित रनिंग व सैर से इससे शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है, शरीर का वजन नियंत्रित रहता है और मांसपेशियों की क्षमता बढ़ती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि किसी पूल, नदी या समंदर के किनारे या सैर करने के इसके अलावा भी कई फायदे होते हैं। चलिये जानें क्या हैं ये फायदे -
इलिनोइस विश्वविद्यालय का शोध
एक नए शोध में यह बात सामने आई है कि किसी पार्क या समुद्र तट के किनारे रहने वाले लोगों को खासतौर पर पुरुषों को बेहतर नींद आती है। अमेरिका की इलिनोइस यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर व शोधकर्ता डायना ग्रिग्सबे-टूसेंट के अनुसार यह नया अध्ययन बताता है कि अच्छी नींद के लिए प्राकृतिक वातावरण मददगार साबित होता है।
इस शोध के लिए 255,171 लोगों पर इस बात का अध्ययन किया गया था कि अपर्याप्त नींद तथा हरियाली भरी जगह के बीच कोई संबंध है या नहीं। शोधकर्ताओं के अनुसार महिलाओं के बनिस्पद पुरुषों में हरियाली भरी जगह व नींद के बीच गहरा संबंध देखा गया। डायना ने अध्ययन में पाया कि पुरुषों तथा 65 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को अच्छी नींद आने में प्रकृति महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नदी या समंदर के किनारे या हरियाली भरी जगह में रहने व नियमित सैर करने से शारीरिक गतिविधियां अधिक होती है, जो बेहतर नींद का एक प्रमुख कारक हैं। यह अध्ययन पत्रिका 'प्रीवेंटिव मेडिसिन' में प्रकाशित हुआ था।