खानपान की गलत आदतों की वजह से आज अधिकतर लोगों को कब्ज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, आज के समय में डेस्क जॉब के कारण भी लोगों की शारीरिक गतिविधियों में कमी आई है। इसके अलावा, डाइट में जंक फूड शामिल करने से भी लोगों को पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पाचन संबंधी समस्याओं की वजह से ही आपको गैस, अपच, एसिडिटी, पेट का फूलना और कब्ज जैसी परेशानी होने लगती हैं। वैसे, अगर डाइट और लाइफस्टाइल को सही कर लिया जाए, तो आप कब्ज की समस्या से काफी हद तक आराम पा सकते हैं। डाइटिशियन शिवाली गुप्ता के अनुसार, कब्ज की समस्या में आप आलूबुखारे का सेवन कर सकते हैं। आगे जानते हैं आलूबुखारे से कब्ज में क्या फायदे होते हैं।
कब्ज में आलूबुखारा खाने के फायदे - Benefits Of Plum In Constipation In Hindi
फाइबर से भरपूर
आलूबुखारा डाइट्री फाइबर का एक बेहतरीन सोर्स होता है। यह कब्ज की समस्या को दूर करने में सहायक होता है। डाइट्री फाइबर आपके मल को जोड़कर उसे बाहर निकालने में मदद करता है। आलूबुखारे में घुलनशील और अघुनशील दोनों ही तरह के फाइबर पाए जाते हैं, जो मल को सॉफ्ट बनाने में सहायक होते हैं।
टॉप स्टोरीज़
नेचुरल लेक्सेटिव
आलूबुखारे में प्राकृतिक रेचक (नेचुरल लेक्सेटिव) गुण होते हैं, जो कब्ज को कम करने में मदद कर सकते हैं। इनमें पाए जाने वाले एंजाइम्स आंतों में पानी की मात्रा को संतुलित करता हैं। जिससे मल सॉफ्ट होता है। वहीं लेक्सेटिव प्रभाव इसे बाहर निकालने में मदद करता है।
इलेक्ट्रोलाइट संतुलन करना
डिहाइड्रेशन कब्ज की समस्या को बढ़ा सकता है, क्योंकि इससे मल सूखकर कठोर हो जाता है। साथ ही, सुबह मल त्याग करते समय परेशानी होती है। आलूबुखारें में 80% से अधिक पानी होता है, जिससे आपका शरीर हाइड्रेट रहता है। इससे आपको मल त्याग करते समय परेशानी नहीं होती है। साथ ही, आलूबुखारा आपको पोटेशियम और सोडियम जैसे आवश्यक इलेक्ट्रोलाइट्स प्रदान करता है, जो शरीर में तरल पदार्थ के स्तर को संतुलित करने और तंत्रिका कार्य को बेहतर करने में मदद करता है।
एंटीऑक्सीडेंट गुण
आलूबुखारा में विटामिन सी और बीटा-कैरोटीन की वजह से एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। एंटीऑक्सिडेंट आपके शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में मदद करते हैं। गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट में सूजन को कम करते हैं। सूजन से पाचन संबंधी समस्या हो सकती है, जो मल को बाहर करने में दिक्कत कर सकता है। इससे कब्ज होने की संभावना बढ़ जाती है।
कब्ज को कम करने के लिए आलूबुखारे का सेवन कैसे करें - How To Eat Plum In Constipation In Hindi
- फल की तरह सेवन करना: आलूबुखार बेहद ही स्वादिष्ट फल होता है, आप इसका सेवन किसी भी समय कर सकते हैं। इसका खट्टा मीठा टेस्ट लोगों को बेहद पसंद आता है।
- आलूबुखारे का रस : आप संतरे और मौसमी के जूस की तरह ही आलूबुखारे के जूस का भी सेवन कर सकते हैं।
- स्मूदी के रूप में: आलूबुखारे को आप स्मूदी के रूप में भी पी सकते हैं।
- सलाद में शामिल करें: कब्ज की समस्या को दूर करने के लिए डॉक्टर सलाद खाने की सलाह देते हैं। आप सलाद में आलूबुखारे को शामिल कर सकते हैं।
- सूखे आलूबुखारे: आलूबुखारे का सेवन आप किसी भी तरह कर सकते हैं। बाजार में सूखे हुए आलूबुखारे मिलते हैं। इसको आप दूध में मिलाकर पी सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : कब्ज से रहते हैं परेशान? ट्राई करें एक्सपर्ट के बताए ये 3 असरदार घरेलू नुस्खे
कब्ज की समस्या को दूर करने के लिए आप नियमित रूप से आलूबुखारे का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा, रोजाना एक्सरसाइज करने से भी आपको समस्या में आराम मिलता है। इस परेशानी से बचने के लिए आप जंक फूड का सेवन कम करें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।