खाने में सलाद का होना कितना जरूरी है, ये बात आप कुछ हद तक खुद भी समझते हैं। कुछ लोग सलाद कम खाते हैं और कुछ लोग ज्यादा खाते हैं। वास्तव में देखा जाए तो सलाद का कम खाना भी सही नहीं है और ज्यादा खाना भी सही नहीं है। सलाद आपके खाने की थाली को कंप्लीट बनाते हैं। दुनिया के सभी देशों और सभी कल्चर में खानपान में सलाद का महत्व है। आमतौर पर सलाद में कच्ची सब्जियां, पत्तेदार सब्जियां, फल, नट्स और हर्ब्स आदि मिलाया जाता है। यही कारण है कि सलाद खाने से आपको अच्छी मात्रा में विटामिन्स, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर मिल जाते हैं। ये पोषक तत्व सभी की सेहत का आधार माने जाते हैं। सलाद में मौजूद हर्ब्स और सब्जियां आपके पेट को स्वस्थ रखती हैं और भूख शांत करती हैं।
भारतीय खानपान में सलाद मुख्य खाने के साथ ही खाने की परंपरा रही है। लेकिन डाइट एक्सपर्ट अक्सर ये कहते हैं कि आपको सलाद मुख्य खाने से पहले खाना चाहिए, ताकि आप पका हुआ खाना कम खाएं। सर्दियों के मौसम में लोगों को खराब डाइट के कारण कई तरह की समस्याएं बढ़ जाती हैं। लोगों को सर्दियों में भूख भी ज्यादा लगती है, जिसके कारण वो अधिक खाना खाते हैं। ऐसे में अगर आप सर्दियों में सलाद का सेवन ज्यादा करें, तो आपको कई फायदे मिल सकते हैं।
सलाद खाने के फायदे
- सलाद में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स आपकी त्वचा पर चमक लाते हैं और बुढ़ापे के लक्षणों को धीमा करते हैं।
- सलाद में मौजूद फाइबर आपके पेट को देर तक भरा रखते हैं और पाचनतंत्र को स्वस्थ रखते हैं।
- सलाद में मौजूद मिनरल्स और विटामिन्स आपके शरीर के अंगों को स्वस्थ रखते हैं और कई गंभीर बीमारियों से बचाते हैं।
- सलाद के सेवन से आप कैलोरीज कंट्रोल कर सकते हैं, जिससे आपका वजन घटता है।
- सलाद के सेवन से शुगर कंट्रोल हो सकता है और डायबिटीज के खतरे को टाला जा सकता है।
- इसी तरह हार्ट अटैक, हाई ब्लड प्रेशर, एनीमिया, माइग्रेन, जोड़ों में दर्द, गठिया जैसी सैकड़ों बीमारियों से सलाद का सेवन आपको बचा सकता है।
सर्दियों के लिए सलाद की खास रेसिपीज
सर्दियों में इन सब्जियों की सलाद का सेवन कर सकते हैं जो सेहत के लिहाज से फायदेमंद होती हैं और ठंड के मौसम में शरीर के लिए लाभकारी होती हैं।
इसे भी पढ़ें: Weekend Special:अपने वीकेंड को बनाएं खास, लंच में खाएं आलू से बनने वाला ये टेस्टी सलाद
टॉप स्टोरीज़
ब्रोकली की सलाद-
ब्रोकली में एंटीऑक्सीडेन्ट्स, मिनरल्स और विटामिन्स पाए जाते हैं जो आपको सेहतमंद रखते हैं। इसके साथ कुछ अन्य चीजों को मिलाकर आप हेल्दी टेस्टी सलाद तैयार कर सकते हैं।
ब्रोकली सलाद बनाने के लिए सामग्री-
- ब्रोकली 500 ग्राम
- पुदीना 10 पत्ते
- हरा धनिया
- नींबू रस
- नमक
- काली मिर्च
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बाउल लें और उसमें ब्रोकली डालकर अच्छे से धो लें।
- फिर ब्रोकली को उबालने के लिए रख दें।
- जब वह पक जाए तो उसका पानी निकालकर ब्रोकली अलग रख दें।
- ब्रोकली में धनिया, पुदीना पत्ती, नींबू रस,नमक और काली मिर्च डालकर मिक्स कर लें और अखिरी में नींबू रस डालकर इसे खाएं।

केल की सलाद-
केल हरी पत्तेदार सब्जी है, जिसमें विटामिन ए, सी के, कैल्शियम, पोटैशियम, फाइबर जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं।
केल की सलाद बनाने के लिए सामग्री-
- 1 कम कटा केल
- आधा कटा टमाटर
- आधा कटा प्याज
- आधा खीरा
- स्वाद की हिसाब से नींबू रस
- नमक और काली मिर्च
केल का सलाद बनाने का तरीका-
- एक बाउल लें और इसमें सभी चीजों को मिक्स कर लें।
- इसमें अपने स्वाद के नुसार नमक, मिर्च डालकर इसका सेवन करें।
शकरकंद का सलाद
ठंड के मौसम में शकरकंद का स्वाद हर किसी को पसंद होता है। वैसे तो लोग इसे उबालकर भी खा लेते हैं लेकिन इसका सलाद भी स्वाद में लाजवाब होता है।
सलाद बनाने की सामग्री-
- 2 शकरकंद
- 1 कमरख
- काला नमक
- काली मिर्च
- हरा धनिया
सलाद बनाने की विधि-
- सबसे पहले शकरकंद को उबाल लें।
- फिर इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट कर इसमें कमरख मिलाएं।
- इसके बाद अपने स्वाद के हिसाब से नमक, काली मिर्च मिक्स करें और गर्मा गर्म इस सलाद का आंनद लें।
इसे भी पढ़ें: सलाद बनाने के लिए बेमौसम मिल रही सब्जियों का ना करें इस्तेमाल, बदलते मौसम में खाएं ये हेल्दी सलाद
सब्जियों, फल या स्प्राउट्स आदि वाला सलाद ही सेहत के लिए लाभदायक होता है। अगर आप फ्रूट सलाद खा रहे हैं, तो उसे रात को न खाएं। इससे आपका शुगर लेवल बढ़ सकता है।
Read More Article On Diet And Fitness In Hindi