Doctor Verified

अनिद्रा (नींद न आने) की समस्या से हैं परेशान? आजमाएं ये 5 आयुर्वेदिक उपाय

Ayurvedic Treatment For Insomnia: अनिद्रा की समस्या से राहत पाने के लिए आप आयुर्वेदिक उपायों का सहारा ले सकते हैं। जानें ऐसे 5 उपायों के बारे में -
  • SHARE
  • FOLLOW
अनिद्रा (नींद न आने) की समस्या से हैं परेशान? आजमाएं ये 5 आयुर्वेदिक उपाय

Ayurvedic Treatment For Insomnia: अनिद्रा या नींद न आना एक गंभीर समस्या है, जो आजकल काफी आम हो चुकी है। इसे मेडिकल भाषा में इनसोम्निया भी कहते हैं। अनिद्रा की समस्या से ग्रसित व्यक्ति को रात में सोने में कठिनाई होती है। दिनभर की थकान के बाद भी व्यक्ति रात में सो नहीं पाता है और सिर्फ करवटें बदलता रहता है। रात में नींद न पूरी होने की वजह से न सिर्फ दिनचर्या प्रभावित होती है, बल्कि शरीर पर भी इसका विपरीत प्रभाव पड़ता है। रात में अच्छी और गहरी नींद न ले पाने की वजह से व्यक्ति को थकान, कमजोरी, आलस और चिड़चिड़ापन महसूस होता है। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो मोटापा, डायबिटीज और दिल से जुड़े रोगों का खतरा बढ़ सकता है। अगर आप भी अनिद्रा की समस्या से जूझ रहे हैं, तो आपको डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। इसके अलावा, कुछ आयुर्वेदिक उपायों की मदद से भी आप अनिद्रा से राहत पा सकते हैं। आज इस लेख में आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ रितु चड्ढा से अनिद्रा के इलाज के लिए आयुर्वेदिक उपायों के बारे में जानेंगे -

1. अभ्यंग

आयुर्वेद में अभ्यंग यानी गर्म तेल से खुद की मालिश करने का विशेष महत्व है। इससे शरीर की कई परेशानियों को दूर किया जा सकता है। अगर आप अनिद्रा से जूझ रहे हैं, तो तिल के तेल या नारियल के तेल से अपने पूरे शरीर की मालिश करें। उसके बाद गुनगुने पानी से नहा लें। ऐसा करने से शरीर में मांसपेशियों को आराम मिलेगा और दिमाग को शांति का अनुभव होगा। इससे आप रात में अच्छी और गहरी नींद ले पाएंगे।

2. ब्राह्मी

आयुर्वेद में ब्राह्मी का उपयोग एक शक्तिशाली औषधि के रूप में किया जाता है। अनिद्रा की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। ब्राह्मी के तेल से सिर में मालिश करने से शरीर को आराम मिलेगा, जिससे अच्छी और गहरी नींद आ सकती है। आप इसका इस्तेमाल चूर्ण या गोली के रूप में भी कर सकते हैं। यह एकाग्रता और याददाश्त को बढ़ाने में आपकी मदद कर सकती है। हालांकि, इसका सेवन करने से पहले एक बार डॉक्टर से जरूर सलाह लें।

Insomnia-Ayurvedic-Treatment

3. प्राणायाम और योग

कुछ योगासन और प्राणायाम भी अनिद्रा की शिकायत को दूर करने में मददगार साबित हो सकते हैं। सोने से पहले भ्रामरी प्राणायाम, शीतली प्राणायाम, नाड़ी शोधन का अभ्यास करने से अच्छी नींद लेने में मदद मिल सकती। वहीं, बालासन, उत्तासन और शवासन जैसे योगासन भी अनिद्रा के साथ साथ एंग्जाइटी और तनाव के लक्षणों को कम करने में मदद कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: रात में नींद न आने से हैं परेशान? डाइट में शामिल करें ये 5 मसाले, आएगी अच्छी-गहरी नींद

4. गर्म दूध

रात में सोने से पहले गर्म दूध का सेवन करने से अच्छी और गहरी लेने में मदद मिल सकती है। इसमें ट्रिप्टोफैन होता है, जो मस्तिष्क में सेरोटोनिन को बढ़ाता है, जिससे नींद आती है। अगर आप अनिद्रा की समस्या से ग्रसित हैं, तो रोज रात में सोने से पहले गर्म दूध में हल्दी पाउडर या केसर मिलाकर पिएं। इससे न सिर्फ अच्छी नींद आएगी, बल्कि शरीर की कई समस्याएं भी दूर होंगी।

5. अश्वगंधा

आयुर्वेद में अश्वगंधा का इस्तमाल कई समस्याओं को दूर करने के लिए किया जाता है। इसमें मौजूद औषधीय गुण अनिद्रा की शिकायत को दूर कर सकते हैं। इसके लिए आप रोज सोने से पहले अश्वगंधा के चूर्ण या कैप्सूल का सेवन गर्म दूध के साथ कर सकते हैं। नियमित रूप से ऐसा करने से आपको काफी लाभ होगा। हालांकि, इसका सेवन हमेशा डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: अनिद्रा का रामबाण इलाज है लेमनग्रास, जानें इस्तेमाल का तरीका

आयुर्वेद के इन उपायों की मदद से अनिद्रा की समस्या से राहत पाई जा सकती है। हालांकि, अगर आपको कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, तो इनमें से किसी भी उपाय को अपनाने से पहले एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

Read Next

कांस्‍य वटकी से करें चेहरे की माल‍िश, मिलेंगे कई जबरदस्त फायदे

Disclaimer