Ayurvedic Herbs To Stay Healthy In Monsoon In Hindi: तपती गर्मी के बाद मानसून का मौसम दिल को सुकून देने वाला होता है। बारिश की फुहारें और मौसम में ठंडक गर्मी से राहत देती हैं। लेकिन बारिश का मौसम स्वास्थ्य के लिहाज से अच्छा नहीं माना जाता है। मानसून में कई तरह की मौसमी बीमारियों और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। मौसम में सर्दी-जुकाम, फूड पॉइजनिंग, डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और हेपेटाइटिस-ए जैसी बीमारियां होने का खतरा सबसे अधिक रहता है। इसके अलावा, बदलते मौसम में शरीर की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है, जिसकी वजह से आप बीमारियों की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। ऐसे में, मानसून में सेहतमंद रहने के लिए आप अपनी डाइट में कुछ आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों को शामिल कर सकते हैं। आयुर्वेदिक डॉक्टर रितु चड्ढा (BAMS) के मुताबिक, कुछ आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मददगार होती हैं। इनके नियमित सेवन से आप कई तरह की बीमारियों से बच सकते हैं। तो आइए, जानते हैं कि मानसून में स्वस्थ रहने के लिए आप को किन आयुर्वेदिक हर्ब्स का सेवन करना चाहिए -
1. अश्वगंधा
आयुर्वेद में अश्वगंधा का इस्तेमाल एक शक्तिशाली औषधि के रूप में किया जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व और औषधीय गुण इम्यूनिटी बूस्ट करने में मदद करते हैं। इसके अलावा, यह शरीर में सूजन को दूर करने, मस्तिष्क को शांत करने और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में भी लाभकारी होता है। अश्वगंधा के सेवन से नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है और तनाव का स्तर भी कम होता है। आप दूध या पानी के साथ अश्वगंधा का सेवन चूर्ण या कैप्सूल के रूप में कर सकते हैं।
2. तुलसी
तुलसी को इसके औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। आयुर्वेद में इसका इस्तेमाल कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए सदियों से किया जा रहा है। तुलसी में एंटी-वायरल, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण पाए जाते हैं, जो मानसून में होने वाले संक्रमणों से लड़ने में मदद करते हैं। मानसून में तुलसी की चाय का सेवन करने से सर्दी-खांसी और सांस संबंधी समस्याओं से राहत मिल सकती है। आप चाहें तो सुबह खाली पेट 4-5 तुलसी के पत्ते चबा सकते हैं।
3. मुलेठी
मुलेठी में एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करते हैं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से आप कई तरह की बीमारियों और संक्रमण की चपेट में आने से बच सकते हैं। मानसून में सर्दी-खांसी की समस्या होने पर आप मुलेठी की चाय या काढ़े का सेवन कर सकते हैं। मुलेठी की जड़ चबाने से गले में खराश और सूजन की समस्या से राहत मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: मानसून में स्वस्थ रहने के लिए अपनाएं ये आयुर्वेदिक उपाय, नहीं पड़ेंगे बीमार
4. गिलोय
गिलोय सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। आयुर्वेद में इसका इस्तेमाल कई गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है। गिलोय में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो इम्यूनिटी बूस्ट करने में मदद करते हैं। यह शरीर में संक्रमण और बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करती है। इसके सेवन से फ्लू और बुखार को जल्दी ठीक करने में मदद मिल सकती है। यह पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।
5. अदरक
अदरक एंटी-वायरल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है। इसके सेवन से शरीर की इम्यूनिटी बढ़ती है, जिससे आप कई तरह की बीमारियों और संक्रमण की चपेट में आने से बच सकते हैं। मानसून में रोजाना अदरक का सेवन करने से सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी और पाचन संबंधी समस्याओं से राहत मिल सकती है। इसके लिए आप अदरक को चाय, सूप या सब्जी में डालकर सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: मानसून के दौरान हेल्दी रहने के लिए रोज करें ये 5 योगासन, बीमारियां रहेंगी दूर
मानसून में हेल्दी और फिट रहने के लिए आप इन आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपको कोई बीमारी या एलर्जी है, तो इनका सेवन करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।