Yoga Poses To Stay Fit During Monsoon In Hindi: मानसून में सुहाने मौसम और बारिश की फुहारों के मजे लेना भला किसे पसंद नहीं होता है। लेकिन इस मौसम में कई तरह की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। बारिश के मौसम में सर्दी-जुकाम, बुखार, श्वसन संबंधी बीमारियां, एलर्जी, संक्रमण और पेट की समस्याएं होने का डर सबसे अधिक रहता है। खासतौर पर, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग बीमारियों की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। इसलिए इन सभी समस्याओं से बचाव के लिए शरीर की इम्यूनिटी का मजबूत होना बहुत जरूरी है। इम्यूनिटी को बूस्ट करने के लिए आपको पौष्टिक आहार लेना चाहिए और रेगुलर एक्सरसाइज करनी चाहिए। लेकिन बरसात के मौसम में जिम या पार्क में जाकर एक्सरसाइज करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। ऐसे में आप चाहें तो घर पर ही कुछ योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। नियमित रूप से योग का अभ्यास करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे आप हेल्दी और फिट रहते हैं। आज इस लेख में न्यूट्रीशनिस्ट और योग प्रशिक्षक जूही कपूर से जानते हैं मानसून के दौरान स्वस्थ रहने के लिए कुछ योगासनों के बारे में -
मानसून में हेल्दी और फिट रहने के लिए करें ये 5 योगासन - Yoga Poses To Stay Fit During Monsoon In Hindi
1. त्रिकोणासन
- इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं।
- अपने दोनों पैरों के बीच 3-4 फीट की दूरी बनाकर रखें।
- हाथों को जांघों के बगल में रखें। अपनी बाहों को कंधे तक फैलाएं।
- धीरे-धीरे सांस लेते हुए, दाएं हाथ को सिर के ऊपर ले जाएं। इस दौरान आपका हाथ कान को छूना चाहिए।
- अब सांस छोड़ते हुए, अपने शरीर को बाईं तरफ को झुकाएं।
- ध्यान रखें कि इस दौरान आपके घुटने मुड़ने नहीं चाहिए।
- इस मुद्रा में कुछ देर बने रहें।
- इसके बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं।
- आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

2. धनुरासन
- इस आसान को करने के लिए जमीन पर पेट के बल लेट जाएं।
- अपने नितंबों के नीचे थोड़ा गैप रखें और हाथों को सीधा रखें।
- अब अपने घुटनों को मोड़ते हुए सांस छोड़ें।
- अपनी एड़ी को अपने नितंबों के पास लाएं।
- अब धनुषाकार होते हुए अपने पैरों की उंगलियों को हाथों से पकड़ें।
- अब गहरी सांस लेते हुए, अपनी छाती को जमीन से ऊपर उठाएं।
- कुछ देर इस अवस्था में रहने के बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं।
- इस आसान को 3 से 5 बार दोहराएं।

3. उष्ट्रासन
- इस आसान को करने के लिए जमीन पर घुटने के बल बैठ जाएं और दोनों हाथों को कूल्हों पर रखें।
- ध्यान रखें कि दोनों घुटने आपके कंधों के समानांतर हों।
- अब गहरी सांस लें और रीढ़ की निचली हड्डी पर आगे की तरफ दबाव डालें।
- इस दौरान पूरा दबाव नाभि पर महसूस होना चाहिए।
- इसके बाद अपने हाथों से पैरों को पकड़ें और कमर को पीछे की तरफ मोड़ें।।
- इस स्थिति में 30-60 सेकेंड रुकने के बाद आप धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ सकते हैं।
- आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।
4. भुजंगासन
- इस आसान को करने के लिए जमीन पर पेट के बल लेट जाएं।
- अपनी कोहनियों को कमर से सटा के रखें और हथेलियां ऊपर की ओर रखें।
- अब धीरे-धीरे सांस भरते हुए, अपनी छाती को ऊपर की ओर उठाएं।
- उसके बाद अपने पेट को धीरे-धीरे ऊपर उठा लें।
- इस स्थिति में 30 सेकंड तक रहें।
- अब सांस छोड़ते हुए, अपने पेट, छाती और फिर सिर को धीरे-धीरे जमीन की ओर नीचे लाएं।
- आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

5. पश्चिमोत्तानासन
- इस आसन को करने के लिए सबसे पहले सुखासन में बैठ जाएं।
- अब अपने दोनों पैरों को सामने की ओर खोलकर बैठ जाएं। दोनों एड़ियां और पंजे मिले रहेंगे।
- अब सांस छोड़ते हुए और आगे की ओर झुकते हुए दोनों हाथों से दोनों पैरों के अंगूठे पकड़ लें।
- माथे को घुटनों से लगाएं और दोनों कोहनियां जमीन पर लगाकर रखें।
- इस मुद्रा में 1-2 मिनट तक रहें।
- इसके बाद अपनी प्रारंभिक मुद्रा में आ जाएं।
मानसून में फिट और हेल्दी रहने के लिए आप रोज इन योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। लेकिन अगर आप किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, तो पहले एक्सपर्ट की सलाह ले लें। अगर आप पहली बार योगाभ्यास करने जा रहे हैं, तो किसी ट्रेनर या एक्सपर्ट की निगरानी में ही करें।