इन 5 चीजों को खाने के तुरंत बाद कभी न पिएं पानी, सेहत को पहुंचता है नुकसान

क्या आप जानते हैं कुछ ऐसे फूड्स हैं, जिन्हें खाने के बाद पानी पीने से परहेज करना चाहिए। जानें इन फूड्स के बारे में 
  • SHARE
  • FOLLOW
इन 5 चीजों को खाने के तुरंत बाद कभी न पिएं पानी, सेहत को पहुंचता है नुकसान


पानी शरीर के लिए कितना जरूरी है यह शायद ही किसी को बताने की जरूरत हो। यदि शरीर में पानी की कमी हो जाए, तो डिहाइड्रेशन सहित कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। एक दिन में एक वयस्क को उसकी उम्र और शारीरिक गतिविधि के अनुसार कम से कम 6 से 12 गिलास पानी पीने की जरूरत पड़ती है। लेकिन सिर्फ इतने गिलास पानी पी लेना ही पर्याप्त नहीं है, आपको यह भी ध्यान रखना होता है कि आप गलत समय पर पानी न पिएं। आयुर्वेद के अनुसार कुछ खास चीजें खाने के तुरंत बाद पानी पीना आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है और कई बार स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है। आइए वैद्य शकुंतला देवी से जानते हैं, किन चीजों का सेवन करने के बाद पानी नहीं पीना चाहिए।

1. तेल और घी खाने के बाद न पिएं पानी

आपको घी चुपड़ी रोटी या घी में बनी मिठाई खाने के बाद या इनके साथ में पानी पीने से परहेज करना चाहिए। इसके साथ ही आपको तला हुआ खाना, मूंगफली, भुने सूखे मेवे आदि खाने के बाद भी पानी नहीं पीना चाहिए। अगर आप इनका सेवन करने के बाद पानी पीते हैं, तो आपको खांसी की दिक्कत हो सकती है क्योंकि इनमें तेल ज्यादा मात्रा में होता है। जो भोजन की नली में चर्बी के रूप में जमा हो जाता है।

इसे भी पढ़ें- दूध में हल्दी और घी डालकर सोने से पहले पिएं, सेहत को मिलेंगे कई जबरदस्त फायदे

2. इन फलों को खाने के बाद न पिएं पानी

सेब, तरबूज, खरबूजा, केला, जामुन जैसे फलों का सेवन करने के बाद पानी न पिएं। आपको शकरकंद, खीरा, गाजर और सलाद खाने के बाद भी पानी पीने से परहेज करने की सलाह दी जाती है। वैसे तो सलाद खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है लेकिन इन्हें खाने के बाद पानी पीने से पाचन से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं। इसके अलावा आपको सूजन, एसिडिटी, फूड पॉइजनिंग जैसी गंभीर समस्याओं का भी सामना करना पड़ सकता है। अनार, नाशपाती, चीकू आदि फलों में शुगर और सिट्रिक एसिड प्रचुर मात्रा में होता है इसलिए इन्हें खाने के बाद भी पानी पीने से बचें। इससे खांसी व गले में खराश हो सकती है।

3. कोई भी खट्टा फल खाने के बाद न पिएं पानी

खट्टे फल खाने से शरीर को कई तरह के लाभ मिलते हैं। इनका सेवन करने से आपकी इम्यूनिटी मजबूत होती है पर इन्हें खाने के तुरंत बाद पानी पीने से आपकी बॉडी में पीएच बैलेंस बिगड़ने की संभावना रहती है। इस तरह यह आसानी से पचते भी नहीं हैं और एसिडिटी का कारण बनते हैं। संतरा, मौसमी, आंवला जैसे खट्टे फलों का सेवन करने के बाद पानी न पिएं।

4. दूध पीने के बाद नहीं पीना चाहिए पानी

दूध पीना शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इससे आपके शरीर की हड्डियों को मजबूती मिलती है। लेकिन अगर आप दूध या दूध से बनी चीजों का सेवन करने के तुरंत बाद पानी पीते हैं, तो इससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। इससे पेट में भारीपन, गैस, अपच व एसिडिटी हो सकती है। इसलिए दूध पीने या दूध से बनी चीजें खाने के बाद आपको पानी नहीं पीना चाहिए।

5. ठंडी चीजें खाने के बाद

बर्फ वाली ठंडी चीजें जैसे आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक या अन्य ठंडी चीजें खाने-पीने के तुरंत बाद अगर आप पानी पीते हैं, तो इससे आपके दांतों में झनझनाहट, दर्द और चुभन की समस्या हो सकती है और दांत कमजोर हो सकते हैं। इसलिए ठंडी चीजें खाने के बाद भी पानी नहीं पीना चाहिए।

इसे भी पढ़ें- होममेड आइसक्रीम खाने से शरीर को मिलने वाले फायदे और घर पर मटका कुल्फी बनाने की आसान रेसिपी

वैसे ऊपर बताई गई चीजों के बाद तो पानी पीना सेहत के लिए नुकसानदायक है ही क्योंकि इससे तुरंत समस्या हो सकती है। लेकिन आयुर्वेद की मानें तो आपको कुछ भी खाने के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए क्योंकि लंबे समय में ये आदत मोटापा, थकान और स्लो मेटाबॉलिज्म जैसी समस्याएं पैदा कर सकती है। भरपेट खाना खाने के बाद तुरंत पानी पीने से आपको सीने में जलन और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। इसलिए आयुर्वेद के नियम के अनुसार आपको कुछ भी खाने के कम से कम 20-30 मिनट बाद ही पानी पीना चाहिए।

Read Next

गर्मी में क्या खाना-पीना चाहिए? जानें गर्मियों के लिए ब्रेकफास्ट से लेकर डिनर तक पूरा डाइट प्लान

Disclaimer

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version