Dengue Symptoms in Kids: डेंगू के मामले देश में तेजी से बढ़ रहे हैं। डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस साल देश में डेंगू के कुल 675 मामले सामने आए हैं। हाल ही में बेंगलुरु से ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक 6 साल की बच्ची की बुखार आने के 48 घंटे के भीतर ही मौत हो गई। बच्ची के परिजनों मन्विता रवींद्र डीके और राम्या का कहना है कि ट्रीटमेंट के बावजूद उन्होंने अपनी बच्ची को खो दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे को डेंगू होने पर माता-पिता के लिए डेंगू के अन्य लक्षणों को पहचानना भी बेहद जरूरी है। शारदा हॉस्पिटल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव कुमार थापर से जानते हैं बच्चों में डेंगू के लक्षणों के बारे में।
बच्चों में डेंगू के लक्षण (Dengue Symptoms in Kids)
- बच्चों में डेंगू होने पर कई लक्षण दिखाई देते हैं।
- बच्चों में डेंगू होने पर उनके जोड़ों और हड्डियों में दर्द हो सकता है।
- ऐसे में बच्चों को कई बार बॉडी रैशेज या नाक से खून आने की भी समस्या हो सकती है।
- बच्चों में डेंगू होने पर उल्टी, डायरिया और भूख कम लगने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
- कई बार डेंगू होने पर बच्चे ठीक से खाना नहीं खाते या चिड़चिड़े रहते हैं।
- ऐसे में उनकी शारीरिक ऊर्जा कम होने के साथ ही उन्हें नींद नहीं आने की भी समस्या बनी रहती है।

कौन से लक्षण दिखने पर डॉक्टर से सलाह लें
- बच्चों में डेंगू के सामान्य लक्षणों से हटकर भी कुछ ऐसे लक्षण हैं, जिन्हें बिलकुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
- हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर बच्चे में पेट दर्द की समस्या के साथ ही उल्टी हो रही है तो इसे नजरअंदाज करने से बचें।
- अगर बच्चे के मल से खून आ रहा है तो यह डेंगू का एक गंभीर लक्षण हो सकता है।
- अगर बच्चे की सांस की गति में बदलाव है या उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही है तो ऐसे में डॉक्टर से सलाह लें।
- बार-बार प्यास लगना भी बच्चों में डेंगू का गंभीर लक्षण होता है।
बच्चों में डेंगू का बुखार आने पर न करें नजरअंदाज
बच्चों में डेंगू के लक्षणों को नजरअंदाज करना कई बार उनके लिए जानलेवा भी हो सकता है। कुछ मामलों में लापरवाही बरतने पर बच्चों की प्लेटलेट काउंट अचानक डाउन हो सकती है। यह इंफेक्शन बच्चों के इम्यून सिस्टम को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है।