Green Leafy Vegetables During Monsoon In Hindi: मानसून गर्मी से राहत तो दिलाता है, लेकिन अपने साथ कई तरह की बीमारियां भी लेकर आता है। बरसात के मौसम में सर्दी-जुकाम, बुखार, फूड पॉइजनिंग, डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो जाती है, जिसकी वजह से हम संक्रमण की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। इस मौसम में कीटाणु और जीवाणु आपके शरीर में प्रवेश करके आपको गंभीर रूप से बीमार बना सकते हैं।इसलिए, मानसून के दौरान सेहत का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। इस मौसम में बीमारियों से दूर रहने के लिए आपको अपने खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बरसात के मौसम में तला-भुना भोजन और बाहर की चीजें खाने से परहेज करना चाहिए। इसके अलावा, इस मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियां खाने से भी परहेज करना चाहिए। अब आप सोच रहे होंगे कि हरी सब्जियां तो सेहत के लिए फायदेमंद होती हैं। तो फिर मानसून में इन्हें न खाने की सलाह क्यों दी जाती है? इस बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए हमनें डाइट्रीफिट की डाइटीशियन अबरना मैथ्यूवनन से बात की। तो आइए, इस लेख में जानते हैं कि बरसात के मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियां क्यों नहीं खानी चाहिए?
हरी पत्तेदार सब्जियों में हो सकते हैं कीटाणु
डायटीशियन अबरना बताती हैं कि बरसात के मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। दरअसल, ये सब्जियां आमतौर पर पानी वाले मैदान में उगती हैं। मानसून में नमी ज्यादा होने के कारण ऐसी जगहें कई तरह के बैक्टीरिया, वायरस, फंगस, कीड़े और अन्य जीवणुओं के पनपने लिए अनुकूल होती हैं। अन्य दिनों में ये कीटाणु सूरज की रोशनी से खत्म हो जाते हैं या इनएक्टिव हो जाते हैं। लेकिन मानसून में धूप की कमी के कारण ये ज्यादा एक्टिव रहते हैं। चूंकि, ये सूक्ष्म जीव नग्न आंखों दिखाई नहीं देते हैं, इसलिए आप इन्हें देख भी नहीं पाते हैं। ऐसे में, ये भोजन के साथ आपके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। इनके सेवन से शरीर में कई तरह की समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। बारिश के मौसम में ये दूषित सब्जियां खाने से आपको पेट से जुड़ी बीमारियां भी हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: मॉनसून में डाइट में शामिल करें ये 5 सब्जियां, रहेंगे स्वस्थ और नहीं पड़ेंगे बीमार
टॉप स्टोरीज़
इन सब्जियों से करें परहेज
बरसात के मौसम में खासतौर पर पालक, मेथी, फूलगोभी, पत्तागोभी, सलाद के पत्ते और ब्रोकोली जैसी हरी सब्जियों का सेवन करने से परहेज करना चाहिए। दरअसल, ये सब्जियां नमी और पानी वाले मैदान के संपर्क में रहती हैं, जिसकी वजह से इनमें बैक्टीरिया और रोगाणु फैलने का खतरा काफी अधिक होता है। इसके अलावा, बारिश के मौसम में बैंगन में कीड़े पड़ने का खतरा अधिक होता है, इसलिए इसे भी खाने से बचें। मानसून के दौरान ऐसी दूषित सब्जियों के सेवन से पाचन संबंधी समस्याओं का जोखिम रहता है।
इसे भी पढ़ें: मानसून में घी खाना है सेहत के लिए फायदेमंद, न्यूट्रीशनिस्ट रुजुता दिवेकर से जानें 5 फायदे
हरी सब्जियों को खाने से पहले बरतें ये सावधानियां
मानसून के दौरान अगर आप हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन कर रहे हैं, तो इन्हें पकाते और खाते समय कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें। जैसे कि हरी पत्तेदार सब्जियों को पकाने से पहले गर्म पानी में नमक या सिरका डालकर धोएं। इसके अलावा, कच्चा सलाद खाने के बजाय सब्जियों को स्टीम करके खाएं। इससे उनमें मौजूद बैक्टीरिया और कीड़े खत्म हो जाएंगे। इसके अलावा, बरसात के मौसम में बाहर रेस्तरां और ढाबों पर हरी सब्जियां खाने से बचे।