
Why Kidney Health Is Important: किडनी हमारे शरीर को सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य में बहुत अहम भूमिका निभाती है। जब हमारी किडनी ठीक से फंक्शन नहीं करती है, तो इसके कारण कई स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ता है। जैसा कि हम सभी जानते हैं, किडनी हमारे शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने और डिटॉक्स करने का काम करती है। लेकिन इसके अलावा भी किडनी कई तरह से स्वास्थ्य को बनाए रखने में एक अहम भूमिका निभाती है। इसलिए सेहतमंद रहने के लिए किडनी को स्वस्थ रखना भी बहुत जरूरी है। लेकिन आजकल हम देखते हैं, कि बहुत से लोग किडनी से जुड़ी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं जैसे- किडनी स्टोन, किडनी में सूजन, किडनी फंक्शन ठीक से न करना, किडनी में ब्लॉकेज आदि। अगर समय रहते इनका उपचार नहीं किया जाता है, तो यह भविष्य में किडनी फेलियर के साथ ही कई गंभीर रोगों का कारण बन सकती है। संपूर्ण स्वास्थ्य की भलाई में किडनी कैसे भूमिका निभाती है, इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने पीएसआई आर हॉस्पिटल, दिल्ली के डॉ. संजीव सक्सेना (नेफ्रोलॉजिस्ट, किडनी ट्रांसप्लांट फिजिशियन) से बात की। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
किडनी स्वस्थ होना क्यों जरूरी है- Why Kidney Health Is Important
डॉ. संजीव की मानें तो तो किडनी के हमारे शरीर में कई मुख्य कार्य हैं, जिनमें सबसे आम हैं यूरीन के माध्यम से शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालना। यह प्रक्रिया शरीर में केमिकल्स के संतुलन को बनाए रखने के लिए बहुत आवश्यक है। इसके अलावा यह कई अन्य कार्यों में भूमिका निभाती है जैसे,
शरीर में नमक, पोटेशियम और एसिड की मात्रा को रेगुलेट करने का कार्य किडनी द्वारा ही किया जाता है। किडनी ऐसे हार्मोन्स के उत्पादन करती है, जो शरीर के कई अंगों को प्रभावित करते हैं, जैसे यह लाल रक्त कोशिकाओं के उत्पादन को स्टिमुलेट करने के लिए हार्मोन्स बनाने में अहम भूमिका निभाती है। इसी तरह किडनी ब्लड शुगर को कंट्रोल और कैल्शियम को मेटाबॉलाइज करने के लिए भी हार्मोन्स बनाती है।
शरीर में तरल पदार्थों के संतुलन को बनाए रखने में मदद करती है। यह विटामिन डी एक अति सक्रिय रूप के उत्पादन में मदद करती है, जो मजबूत, स्वस्थ हड्डियों के लिए आवश्यक है। यह लाल रक्त कोशिकाओं को बढ़ाने में भी भूमिका निभाती है।
इसे भी पढें: किडनी फेल क्यों होती है? एक्सपर्ट से जानें कारण और बचाव के उपाय
किडनी फंक्शन ठीक न होने से कौन-कौन सी समस्याएं हो सकती हैं?
लंबे समय तक खराब किडना फंक्शन के कारण क्रोनिक किडनी रोग का जोखिम बढ़ सकता है, जिससे आपका स्वास्थ्य गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।
- शरीर में पानी का जमाव हो सकता है, इसके कारण हाथ-पैरों में सूजन देखने को मिल सकती है। यह फेफोड़ों में तरल जमने का कारण भी बन सकता है।
- अनियंत्रित ब्लड प्रेशर
- रक्त में पोटेशियम का अधिक स्तर या अचानक वृद्धि देखने को मिल सकती है।
- शरीर में खून की कमी देखने को मिल सकती है
- इम्यूनटी कमजोर हो सकती है
- सेक्स संबंधी समस्याएं हो सकती हैं
- हृदय रोगों का जोखिम बढ़ता है
- हड्डियां कमजोर लगती है
- इससे सेंट्रल नर्वस सिस्टम भी प्रभावित होता है
- पेरिकार्डियम जैसी गंभीर समस्याएं
- प्रेगनेंसी से जुड़ी समस्याएं
एक्सपर्ट क्या सलाह देते हैं
डॉ. संजीव की मानें तो समय-समय पर किडनी की जांच कराना बहुत जरूरी है। जिससे कि किडनी से जुड़ी समस्याओं का पता लगाया जा सके और स्थिति बदतर होने से रोका जा सके। इसके अलावा स्वस्थ खानपान, शारीरिक रूप से एक्टिव रहना बहुत जरूरी है। इसके अनहेल्दी फूड्स के सेवन से परहेज करें। स्मोकिंग और अल्कोहल से दूरी बनाएं।
All Image Source: Freepik