Doctor Verified

दिनभर कुछ न कुछ खाते रहने की आदत खराब कर सकती है दांत, डॉक्टर से जानें इसके 5 नुकसान

अगर आप भी स्नैक्स खाने के आदी हैं, तो यह आदत आपके दांतों को खराब कर सकती है। जान‍िए दांतों के ल‍िए ज्यादा स्नैक्स खाने के नुकसान।
  • SHARE
  • FOLLOW
दिनभर कुछ न कुछ खाते रहने की आदत खराब कर सकती है दांत, डॉक्टर से जानें इसके 5 नुकसान

Side Effects of Snacking For Teeth: शरीर को स्‍वस्‍थ रखने के ल‍िए दांतों को स्‍वस्‍थ रखना जरूरी है। आपने नोट‍िस क‍िया होगा क‍ि आजकल कम उम्र में ही बच्‍चों के दांत खराब हो जाते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण है स्नैकिंग (Snacking)। यानी ज्यादा स्नैक्स का सेवन करना। यह आदत बच्‍चों के साथ-साथ बड़ों में भी पाई जाती है। हम सोचे-समझे बगैर ही स्नैक्स का सेवन करने लगते हैं ज‍िसका बुरा असर दांतों पर पड़ता है। अगर आप अनहेल्‍दी चीजों का सेवन करेंगे, तो दांतों की सेहत जल्‍दी खराब होने लगेगी। इस तरह गलत समय पर खाने का बुरा असर भी दांतों पर पड़ता है। आजकल लोग फोन एडि‍क्‍ट बन गए हैं। पूरी रात फोन चलाते हैं और जगते रहते हैं। जगने के कारण उन्‍हें भूख लगती है और पेट भरने के ल‍िए वे स्नैक्स का सेवन करने लगते हैं। स्नैक्स में पोषक तत्‍वों की मात्रा कम होती है और दांत को खराब करने वाले गुण ज्‍यादा पाए जाते हैं। स्नैक्स में ज्यादातर मीठी चीजें, ज्‍यादा तेल वाली चीजें, सोडा ड्र‍िंक्‍स और ज्‍यादा नमक वाली चीजें शाम‍िल होती हैं। चल‍िए आगे जानते हैं दांतों के ल‍िए ज्यादा स्नैक्स खाने के नुकसान। इस व‍िषय पर बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने लखनऊ के केयर इंस्‍टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फ‍िजिश‍ियन डॉ सीमा यादव से बात की। 

snacking side effects

दांतों के लिए ज्यादा स्नैक्स खाने के नुकसान- Side Effects of Snacking For Teeth

हम क‍िसी भी खाने को दांतों के जर‍िए तोड़कर खाते हैं। लेक‍िन कई तरह की चीजें हैं ज‍िसे खाने से दांतों को नुकसान पहुंच सकता है। जैसे-  स्नैक्स। स्नैक्स का ज्‍यादा सेवन करने से दांत खराब होने लगते हैं। चल‍िए समझते हैं यह कैसे होता है- 

  1. स्नैक्स में कैंडीज या चॉकलेट खाने से दांतों में सड़न हो सकती है। ज्‍यादा मीठा खाने से दांत में कीड़ा लग जाता है ज‍िससे सड़न होने लगती है। जब भी आप कुछ मीठा खाते हैं, तो शुगर बैक्‍टीर‍िया के साथ म‍िलकर एक एस‍िड बनाती है ज‍िससे टूथ इनेमल खत्‍म होने लगता है और कैव‍िटी बन जाती है। 
  2. मुंह के बैक्‍टीरिया दांतों की सतह पर जमा होने लगते हैं जिसे हम प्लॉक कहते हैं। कार्बोनेटेड सोडा ड्र‍िंक का सेवन करने से प्लॉक की मात्रा बढ़ती है और दांत खराब होने लगते हैं।     
  3. स्नैक्स में च‍िप्‍स और कई ऐसी कठोर चीजें शाम‍िल होती हैं ज‍िससे दांत को तोड़ने में मुश्‍क‍िल हो सकती है। इससे दांत टूट सकता है या दांत में दर्द उठ सकता है।  
  4. ज्‍यादा खट्टे स्नैक्स खाने से दांतों का इनेमल खराब होता है और दांत में सड़न होने लगती है। खट्टी चीजों का एस‍िड कंटेंट ज्‍यादा होता है जि‍ससे दांत को नुकसान पहुंचता है। 
  5. ज्‍यादा तला-भुना या म‍िर्च मसाले वाले स्नैक्स खाने से मुंह में बैक्‍टीर‍िया ग्रो करते हैं और दांत जल्‍दी खराब होने लगते हैं।   

इसे भी पढ़ें- दांतों की देखभाल के लिए इन खास बातों को जरूर जानें 

स्नैक्स खाते समय दांतों को इस तरह रखें सुरक्ष‍ित- Snacking Tips for Healthy Teeth

  • रात को कुछ भी खाने से बचें। इससे दांत में सड़न होती है।
  • कुछ भी खाने के बाद दांतों को साफ करें और कुल्‍ला करें। 
  • क‍िसी च‍िपच‍िपी या दांत में च‍िपकने वाली चीज का सेवन करने के बाद दांतों को ब्रश की मदद से साफ करें।
  • मीठी चीजों का ज्‍यादा सेवन करने से बचना चाह‍िए। 
  • ज्‍यादा गर्म या ठंडे खाने से दांत और मसूड़ों को नुकसान पहुंचता है इसल‍िए इससे बचें।  

उम्‍मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।

Read Next

पोषण Summit 2023 - दिलचस्प डिस्कशन और एंगेजिंग वर्कशॉप के माध्यम से होगा ज्ञानवर्धन, जुड़ेंगे हेल्थ विशेषज्ञ

Disclaimer