
युवाओं में हाई ब्लड प्रेशर आजकल एक बड़ी समस्या हो गई है। 'कार्डियोलॉजी सोसायटी ऑफ़ इंडिया' की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में हर 5 में से 1 युवा हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) का शिकार है। इस हिसाब से देखें तो भारत में लगभग 8 करोड़ युवा हाई ब्लड प्रेश
युवाओं में हाई ब्लड प्रेशर आजकल एक बड़ी समस्या हो गई है। 'कार्डियोलॉजी सोसायटी ऑफ़ इंडिया' की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में हर 5 में से 1 युवा हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) का शिकार है। इस हिसाब से देखें तो भारत में लगभग 8 करोड़ युवा हाई ब्लड प्रेशर का शिकार हैं। ये आंकड़ा कई देशों की कुल जनसंख्या से भी बड़ा है। डॉ. कार्तिक गुप्ता (फिजीशियन, एम्स नई दिल्ली) के अनुसार, भारतीय युवाओं को पश्चिमी युवाओं के मुकाबले हाई ब्लड प्रेशर की समस्या जल्दी हो रही है। यही कारण है कि पिछले दिनों में कम उम्र में हार्ट अटैक और स्ट्रोक के मामले काफी ज्यादा बढ़ गए हैं। आइए आपको बताते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर क्यों एक खतरनाक रोग है और क्यों जरूरी है शरीर के लिए सामान्य ब्लड प्रेशर।
क्या होता है ब्लड प्रेशर?
यह तो आप सभी जानते हैं आपके सिर से पांव तक पूरे शरीर में 24 घंटे खून प्रवाहित रहता है। आपका दिल जब धड़कता है, तो दरअसल वो इस खून को पंप कर रहा होता है। पंप करने से खून पूरे शरीर में नसों और धमनियों के माध्यम से जाता है। अब सवाल यह उठता है कि शरीर में खून क्यों प्रवाहित होता है? दरअसल हमारे शरीर के सभी अंगों को काम करने के लिए ढेर सारे पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इन पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए हम लोग रोज खाना और हेल्दी चीजें खाते हैं। लेकिन ये पोषक तत्व सिर्फ खा लेने से ही हमारे अंगों को पोषण नहीं दे सकते हैं। इसलिए शरीर के दूसरे अंग सबसे पहले भोजन को पचाते हैं और फिर इससे पोषक तत्वों और खराब तत्वों को अलग करते हैं। इसके बाद जो भी खराब तत्व हैं, वो सभी पेशाब और मल के सहारे शरीर से बाहर निकाल दिए जाते हैं। अब जो पोषक तत्व शरीर के लिए जरूरी हैं, वो सभी पोषक तत्व खून के माध्यम से हमारे अंगों तक पहुंचाए जाते हैं।
जब ये खून हमारे शरीर में प्रवाहित होता है, तो नसों और धमनियों के किनारों पर दबाव डालता है (जिस तरह पाइप से पानी के गुजरने पर पाइप पर दबाव पड़ता है और वो अकड़ जाता है)। धमनियों और नसों की दीवार पर पड़ने वाले इसी दबाव को ब्लड प्रेशर कहते हैं। अगर ब्लड प्रेशर यानी खून के द्वारा नसों पर दबाव ज्यादा बढ़ जाए, तो हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे मरीज की तत्काल जान भी जा सकती है।
इसे भी पढ़ें:- जानिये रक्तचाप से कैसे प्रभावित होता है आपका शरीर और कैसे करें इसे कंट्रोल
क्यों खतरनाक है हाई ब्लड प्रेशर?
हाई ब्लड प्रेशर इसलिए खतरनाक है क्योंकि ब्लड प्रेशर के बढ़ जाने पर शरीर के अंग जैसे- किडनी, लिवर, हृदय और मस्तिष्क ठीक से काम नहीं कर पाते हैं और इन पर दबाव बढ़ता है। यही कारण है कि हाई ब्लड प्रेशर के कारण व्यक्ति को कई अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। आमतौर पर हाई ब्लड प्रेशर का सबसे ज्यादा असर आपके मरीज के दिल और मस्तिष्क पर पड़ता है, जिससे उसे हार्ट अटैक, कार्डियक अरेस्ट और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ये ऐसी बीमारियां हैं, जो कई बार खतरनाक स्तर पर पहुंचने पर ही लक्षण दिखाती हैं और कुछ मिनट में ही मरीज की जान ले सकती हैं।
इसके अलावा हाई ब्ल्ड प्रेशर के कारण-
- व्यक्ति की किडनी फेल हो सकती है या किडनी के दूसरे रोग हो सकते हैं।
- आंखों की रोशनी कम हो सकती है या वो पूरी तरह अंधा हो सकता है।
- सोचने-समझने की शक्ति जा सकती है और याददाश्त बेहद कमजोर हो सकती है।
- व्यक्ति को डायबिटीज, लिवर और शरीर की दूसरी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
क्या हैं हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती लक्षण
हाई ब्लड प्रेशर के लक्षण शुरुआत में बहुत सामान्य होते हैं, इसलिए हर व्यक्ति को इसकी जानकारी होनी चाहिए, अन्यथा कई बार इलाज में देरी होने पर समस्या और खतरे दोनों बढ़ सकते हैं।
- अक्सर सिर में दर्द रहना जो दर्द की दवा खाने से ठीक जाता है मगर फिर कुछ दिनों में होता है।
- कई बार आंखों के आंखे अंधेरा छा जाना या अचानक धुंधला दिखाई देने लगना।
- कमजोरी और थकान महसूस करना और हर समय नींद आना।
- किसी-किसी समय दिल की धड़कन का अचानक बढ़ जाना या कम हो जाना।
- सामान्य काम करने जैसे- पैदल चलते हुए और सीढ़ी चढ़ते हुए बहुत तेज हांफने लगना और दिल की धड़कन का बढ़ जाना।
- कभी अचानक नाक से खून निकलने लगना।
- हर समय तनाव में रहना और नींद कम आना।
- कई बार धुंधला दिखने के साथ ही व्यक्ति का बेहोश हो जाना या चक्कर आने के कारण गिर जाना।
क्यों बढ़ रही है युवाओं में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या
आमतौर पर हाई ब्लड प्रेशर लाइफस्टाइल (जीवनशैली) से जुड़ी बीमारी मानी जाती है। यानी अगर आपके खानपान और दैनिक जीवन में गड़बड़ी है, तो आप आसानी से हाई ब्लड प्रेशर का शिकार हो सकते हैं।
आजकल हाई ब्लड प्रेशर की समस्या इन कारणों से बढ़ रही है-
- युवा आजकल बाहर का खाना, जंक फूड्स (चाउमीन, बर्गर, पिज्जा, फ्रेंच फ्राइज) आदि ज्यादा खा रहे हैं। बाजार में मिलने वाले फूड्स में सोडियम और वसा दोनों बहुत ज्यादा होते हैं इसलिए ये ब्लड प्रेशर का कारण बनते हैं।
- बहुत सारे युवा लेट नाइट पार्टी करते हैं, मोबाइल और सोशल चैटिंग में वयस्त रहते हैं, जिसके कारण वो देर रात तक जागते हैं। सही समय से न सोना और जरूरत से कम सोना भी हाई ब्लड प्रेशर का कारण बन सकता है।
- बहुत सारे युवाओं को नाइट शिफ्ट में काम करना पड़ता है। रात को जागने और दिन में सोने से शरीर की कई क्रियाएं बाधित होती हैं, क्योंकि हमारे शरीर में एक प्राकृतिक घड़ी होती है, जो दिन और रात के अनुसार शरीर के फंक्शन निर्धारित करती है। ये भी युवाओं में हाई ब्लड प्रेशर का एक कारण है।
- इसके अलावा ज्यादा उपवास करने, लंबे समय तक भूखे रहने, शराब पीने, सिगरेट पीने, तंबाकू खाने और मिलावटी आहार खाने के कारण भी ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Heart Health in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।