
Curd Side Effects In Hindi: दही सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। दही में विटामिन, प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। दही के नियमित सेवन से शरीर को कई फायदे मिलते हैं। दही एक बेहतरीन प्रोबायोटिक है। यह आंत में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देती ह और पाचन तंत्र को स्वस्थ रखती है। दही का सेवन करने से हड्डियां भी मजबूत होती हैं। इसके अलावा, रोजाना दही का सेवन करने से स्किन और बालों को भी बहुत फायदा मिलता है। दही में मौजूद पोषक तत्व कई बीमारियों को दूर करने में लाभकारी होते हैं। लेकिन क्या सभी के लिए दही फायदेमंद होती है? आपको बता दें कि कुछ लोगों के लिए दही का सेवन करना नुकसानदायक भी हो सकता है। इतना ही नहीं, कुछ स्वास्थ्य समस्याओं में दही का सेवन करने से रोगी की स्थिति बिगड़ सकती है। अब सवाल यह उठता है कि किन लोगों को दही का सेवन नहीं करना चाहिए (Dahi Ka Sewan Kise Nahi Karna Chahiye)? या दही किसे नहीं खानी चाहिए (Dahi Kise Nahi Khani Chahiye)? इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि किन लोगों को दही नहीं खाना चाहिए और इसके क्या-क्या साइड इफेक्ट हैं -
दही किसे नहीं खानी चाहिए - Who Should Not Eat Curd In Hindi
अस्थमा के मरीज
अस्थमा के रोगियों को दही का सेवन करने से परहेज करना चाहिए। दही में खट्टापन होने के कारण यह म्यूकस को बढ़ा सकता है। अस्थमा की समस्या में दही खाने से छाती में कफ जम सकता है। इससे सांस से जुड़ी परेशानी भी बढ़ सकती है। अगर आप अस्थमा के मरीज हैं, तो दही का सेवन न करें। अगर आपको दही खाने का बहुत मन है, तो इसे दिन के समय में खा सकते हैं।
पेट में गैस और एसिडिटी होने पर
कमजोर पाचन तंत्र वाले लोगों को दही खाने से परहेज करना चाहिए। अगर आपको पेट में गैस और एसिडिटी की समस्या रहती है, तो आपको दही का सेवन नहीं करना चाहिए। खासतौर पर रात के समय दही बिल्कुल भी नहीं खानी चाहिए। कुछ लोग उड़द की दाल के साथ दही का सेवन करते हैं, लेकिन इन दोनों चीजों को एक साथ नहीं खाना चाहिए। ऐसा करने से एसिडिटी और अपच की समस्या बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें: इन 4 तरह के लोगों को नहीं खानी चाहिए चना दाल, जानें नुकसान
अर्थराइटिस के मरीज
दही का सेवन हड्डियों और दांतों के लिए फायदेमंद माना जाता है। लेकिन अगर आपको अर्थराइटिस की समस्या है, तो आपको दही का सेवन करने से बचना चाहिए। दही एक तरह का खट्टा खाद्य पदार्थ है, इसलिए अर्थराइटिस के मरीजों के लिए दही का ज्यादा सेवन नुकसानदायक साबित हो सकता है। इससे जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या अधिक बढ़ सकती है।
लैक्टोज इनटॉलरेंट लोग
अगर आपको लैक्टोज इनटॉलरेंस है, तो आपको दही का सेवन करने से बचना चाहिए। लैक्टोज इनटॉलरेंट लोगों को दूध और दही नहीं पचता है। ऐसे में, दही का सेवन करने से डायरिया और पेट दर्द की समस्या हो सकती है। अगर आपको दही खाना है, तो इसका सेवन डॉक्टर की सलाह के बाद ही करें। इसके साथ ही, दही का सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
इसे भी पढ़ें: दही खाने के बाद क्या नहीं खाना चाहिए? जानें एक्सपर्ट राय
दही का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। लेकिन अगर आप इस तरह की स्थितियों का सामना कर रहे हैं, तो बेहतर है कि दही का सेवन करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श करें।