
लहसुन वैसे तो फायदेमंद माना जाता है, मगर इन 5 तरह के लोगों को अपने खाने में लहसुन का प्रयोग नहीं करना चाहिए क्योंकि इनके लिए लहसुन खतरनाक हो सकता है।
लहसुन एक ऐसा हर्ब है, जिसमें मौजूद विशेष औषधीय गुणों के कारण इसका सेवन पूरी दुनिया में किया जाता है। आपको जानकर हैरानी होगी कि दुनिया के कुछ सबसे पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट्स वाले फूड्स में लहसुन भी एक है। तमाम तरह की रिसर्च बताती हैं कि लहसुन के नियमित सेवन से कई गंभीर और सामान्य बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है। आयुर्वेद में सुबह खाली पेट कच्चे लहसुन की कली खाने के फायदे भी बताए गए हैं। खाने के अलावा लहसुन को कई तरह के घरेलू नुस्खों और देसी इलाज में भी प्रयोग किया जाता है। इतने सारे फायदों से भरपूर होने के बाद भी लहसुन कुछ लोगों के लिए नुकसादायक साबित हो सकता है।
कई बार कुछ विशेष रोगों में लहसुन न खाने की सलाह दी जाती हैं क्योंकि लहसुन में बहुत सारे ऐसे तत्व होते हैं, जो रोगों की गंभीरता को बढ़ा सकते हैं। इसी तरह कुछ विशेष दवाओं का सेवन करने वाले रोगियों को भी लहसुन खाने से मना किया जाता है क्योंकि शरीर में लहसुन के साथ ये दवाएं रिएक्ट कर सकती हैं। आज इस आर्टिकल में हम आपको बता रहे हैं कि किन लोगों को लहसुन का सेवन नहीं करना चाहिए।
इन स्थितियों में नहीं करना चाहिए व्यक्ति को लहसुन का सेवन
जिनकी हाल में ही सर्जरी हुई हो
लहसुन को नैचुरल ब्लड थिनर यानी खून पतला करने वाला हर्ब माना जाता है। सर्जरी के बाद कुछ समय तक घाव ताजा रहता है। ऐसे में खून पतला होने पर ज्यादा मात्रा में खून बहने की संभावना होती है। इसलिए जिन लोगों की हाल में ही सर्जरी हुई है, उन्हें अपने खाने में बहुत अधिक लहसुन का सेवन नहीं करना चाहिए। दूसरा कारण यह है कि लहसुन के सेवन से ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर दोनों ही कम हो जाते हैं। ऐसे में मेजर सर्जरी वाले मरीज के लिए दोनों ही स्थितियां खतरनाक हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ेंः आपके दिल को नुकसान पहुंचाने वाले कारणों को कम करता है लहसुन, दिल को रखें सेफ
डायबिटीज रोगी को
वैसे थोड़ी मात्रा में लहसुन का सेवन करना डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद है क्योंकि ये ब्लड शुगर को घटाता है। लेकिन अगर डायबिटीज रोगी अधिक मात्रा में लहसुन का सेवन कर लेंगें तो उन्हें परेशानी हो सकती है क्योंकि लहसुन के कारण उनका ब्लड शुगर सामान्य स्तर से भी काफी कम हो सकता है, जो परेशानी खड़ी कर सकता है।
लो-ब्लड प्रेशर के मरीजों को
लहसुन के सेवन से ब्लड प्रेशर घटता है, इसलिए इसे हाई ब्लड प्रेशर के रोगियों के लिए तो फायदेमंद माना जाता है। मगर लो-ब्लड प्रेशर के रोगियों के लिए लहसुन का सेवन ठीक नहीं है, क्योंकि ये ब्लड प्रेशर को निम्न स्तर तक पहुंचाकर मरीज के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि लो-ब्लड प्रेशर के मरीज लहसुन का सेवन सीमित मात्रा में करें।
इसे भी पढ़ेंः ज्यादातर लोग लहसुन, टमाटर जैसे इन 5 हेल्दी फूड्स का गलत तरीके से करते हैं सेवन, जानें क्या है सही तरीका
जिन लोगों को आंत या लिवर से जुड़ी बीमारियां हों
आंत में किसी भी तरह का घाव, छाले या समस्या होने पर लहसुन का सेवन आपको नहीं करना चाहिए या बहुत कम मात्रा में करना चाहिए क्योंकि लहसुन के कारण आपकी तकलीफ बढ़ सकती है। इसके अलावा लहसुन में मौजूद कुछ तत्व लिवर रोगों को ठीक करने के लिए दी जाने वाली दवाइयों के साथ रिएक्ट कर सकते हैं। इसलिए ऐसे मरीज जिनकी लिवर रोगों की दवा चल रही है, उन्हें लहसुन का सेवन नहीं करना चाहिए।
गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं
वैसे तो लहसुन गर्भवती महिलाओं के लिए भी फायदेमदं है और नवजात शिशुओं के लिए भी, लेकिन तब जब इसका सेवन बहुत कम मात्रा में किया जाए। प्रेगनेंसी के दौरान ज्यादा मात्रा में लहसुन खाना कई परेशानियां खड़ी कर सकता है। जैसा कि ऊपर बताया जा चुका है कि ज्यादा मात्रा में लहसुन के सेवन से ब्लीडिंग की समस्या बढ़ सकती है, ब्लड प्रेशर घट सकता है और ग्लूकोज का लेवल भी डाउन हो सकता है। इसलिए गर्भावस्था में लहसुन कम खाना चाहिए। नवजात शिशुओं के लिए भी अधिक मात्रा में लहसुन का सेवन खतरनाक हो सकता है। इसलिए या तो लहसुन न खिलाएं या फूड्स में बहुत थोड़ी मात्रा में पकाकर लहसुन खिलाएं। कच्चा लहसुन दोनों के लिए खतरनाक हो सकता है।
Read More Article On Healthy Diet in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।