Stomach Paralysis Symptoms: खानपान से जुड़ी गड़बड़ी, खराब जीवनशैली और स्वास्थ्य से जुड़े कारणों की वजह से वजन बढ़ने की समस्या या मोटापा आम हो गया है। मोटापे की वजह से कई गंभीर परेशानियों का खतरा रहता है। मोटापा डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हाई कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं का कारण होता है। मोटापा कम करने या वजन घटाने के लिए लोग तमाम तरह के सप्लीमेंट और दवाओं का सेवन करते हैं। कुछ लोग एनाबोलिक स्टेरॉयड, ओरल डाइट सप्लीमेंट, वेट लॉस पिल्स समेत कई तरह की दवाओं का सेवन वजन कम करने के लिए करते हैं। वजन घटाने वाली दवाओं का सेवन करने से कई गंभीर समस्याओं का खतरा रहता है। इसकी वजह से पेट में लकवा (Stomach Paralysis) जैसी गंभीर समस्या का खतरा रहता है। आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं, स्टमक पैरालिसिस के बारे में।
पेट में लकवा की समस्या क्या है?- What is Stomach Paralysis in Hindi
पेट में लकवा मारने की समस्या को गैस्ट्रोपेरेसिस (Gastroparesis in Hindi) कहते हैं। यह एक गंभीर स्थिति है, जिसकी वजह से पेट की मांसपेशियों और आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचता है। आरोग्यं हेल्थ सेंटर के क्लीनिकल डाइटिशियन डॉ वीडी त्रिपाठी कहते हैं, "पेट में लकवा मारने पर आंत की मांसपेशियों को गंभीर नुकसान पहुंचता है। इसकी वजह से मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और काम करने में दिक्कत होती है। पेट में लकवा मारने पर भोजन का पाचन खराब हो जाता है। जिसकी वजह से पेट में ब्लोटिंग, उल्टी, मतली और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं।"
पेट में लकवा मारने के कारण- What Causes Stomach Paralysis in Hindi
स्टमक पैरालिसिस के कई कारण हो सकते हैं। इसके कुछ मुख्य कारण इस तरह से हैं-
1. तनाव: तनाव और मानसिक चिंता जैसी स्थितियों के कारण पेट की संवेदनशीलता कम हो जाती है, जिससे पेट की मांसपेशियों में संक्रमण हो सकता है और पेट में लकवा मरने की समस्या हो सकती है।
2. डायबिटीज: डायबिटीज भी पेट की पैरालिसिस का कारण बन सकता है। हाई ब्लड शुगर के कारण दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी और पेट की सामान्य साइक्लिक मोशन प्रभावित हो सकती है।
3. स्ट्रोक: स्ट्रोक के कारण, पेट की मांसपेशियों को संचालित करने वाले न्यूरॉन्स को नुकसान पहुंचता है, जिसके कारण पेट की पैरालिसिस हो सकती है।
4. पेट की चोट: गंभीर पेट की चोट से भी पेट की पैरालिसिस हो सकती है, जिसकी वजह से पेट की मांसपेशियों को नुकसान होता है।
5. सर्जरी: पेट से जुड़ी कुछ सर्जरी के कारण भी स्टमक पैरालिसिस का खतरा रहता है। इसकी वजह से पेट की दीवार को नुकसान पहुंच सकता है।
इसे भी पढ़ें: पेट से जुड़ी ये समस्याएं हो सकती हैं किडनी डैमेज का संकेत, जानें बचाव
पेट में लकवा मारने के लक्षण- Stomach Paralysis Symptoms in Hindi
पेट में लकवा मारने के कुछ प्रमुख लक्षण इस तरह से हैं-
- गैस्ट्रोपेरेसिस के कारण पेट में सूजन
- खाने का मन न करना या भूख में कमी
- पाचन कमजोर होना
- लगातार पेट दर्द
- ब्लोटिंग की समस्या
- उल्टी और मतली
स्टमक पैरालिसिस से बचाव के टिप्स- Tips To Prevent Stomach Paralysis in Hindi
स्टमक पैरालिसिस या पेट में लकवा मारने की समस्या से बचने के लिए इन बातों का ध्यान रखना चाहिए-
- हेल्दी डाइट: स्वस्थ और प्रोटीन युक्त डाइट का सेवन करने से पेट की समस्याओं का खतरा कम करने में मदद मिलती है। इससे बचने के लिए साबुत अनाज, फल, हरी सब्जियां और प्रोटीन युक्त फूड्स का सेवन करें।
- नियमित व्यायाम: नियमित व्यायाम करने से भी पेट की समस्याओं से बचाव में मदद मिलती है। योग, प्राणायाम, और ध्यान का अभ्यास करें।
- पर्याप्त पानी का सेवन: पर्याप्त पानी पीना भी पेट की समस्याओं से बचाव में मदद कर सकता है। रोजाना कम से कम 8-10 गिलास पानी पीना आवश्यक है।
- तंबाकू और अल्कोहल से परहेज: तंबाकू और अल्कोहल का सेवन कम करें, क्योंकि इनका अत्यधिक सेवन पेट संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है।
- डॉक्टर की सलाह: यदि आपको पेट की किसी भी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो तुरंत अपने डॉक्टर से मिलें और सही उपचार के लिए सलाह लें।
इसे भी पढ़ें: स्मोकिंग करने से सिर्फ फेफड़े ही नहीं पेट को भी पहुंचता है गंभीर नुकसान, जानें बचाव
स्टमक पैरालिसिस या पेट में लकवा मारने की समस्या बहुत गंभीर होती है। इसकी वजह से आपके शरीर पर बुरा असर पड़ता है। आज के समय में ज्यादातर लोगों में पेट का लकवा स्टेरॉयड और वेट लॉस पिल्स खाने की वजह से हो रही है। पेट में लकवा मारने के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेकर उचित इलाज लेना चाहिए।
(Image Courtesy: freepik.com)